PM मोदी के नेतृत्व में BRICS से खुलेगा वैश्विक अवसरों का नया द्वार: प्रवीण खंडेलवाल
Raisina News Desk- सितंबर 10, 2026 08:37 PM IST

PM मोदी के नेतृत्व में आयोजित होने वाला BRICS शिखर सम्मेलन भारत के लिए वैश्विक आर्थिक अवसरों के एक नए अध्याय की शुरुआत कर सकता है और वैश्विक दक्षिण की प्रमुख आवाज के रूप में देश की भूमिका को और मजबूत बना सकता है. यह बात चांदनी चौक से सांसद और कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने कही.
खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक आर्थिक व्यवस्था में नई प्रतिष्ठा हासिल की है और अब वह केवल भागीदारी करने वाला देश नहीं, बल्कि वैश्विक एजेंडा तय करने वाली ताकत के रूप में उभर रहा है. उनके अनुसार, BRICS भारत के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है, जिसके माध्यम से व्यापार, निवेश, निर्यात, तकनीकी सहयोग और कारोबारी अवसरों को नई दिशा मिल सकती है.
उन्होंने “BRICS बिजनेस फैसिलिटेशन मिशन फॉर MSMEs एंड ट्रेडर्स” के गठन का प्रस्ताव भी रखा. उनका कहना है कि इस मिशन का उद्देश्य भारतीय व्यापारियों, निर्यातकों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) को BRICS देशों के बाजारों से सीधे जोड़ने के लिए एक समर्पित व्यवस्था तैयार करना होगा. यह मिशन बिजनेस-टू-बिजनेस संपर्क बढ़ाने, उत्पाद आधारित निर्यात अवसरों की पहचान करने, बाजार संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने, बायर-सेलर मीट आयोजित करने और व्यापार प्रक्रियाओं को सरल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.
खंडेलवाल ने कहा कि BRICS के विस्तारित स्वरूप से भारतीय MSMEs, निर्माताओं, निर्यातकों, व्यापारियों, स्टार्टअप्स और सेवा क्षेत्र के लिए नए बाजारों के द्वार खुलेंगे. टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, इंजीनियरिंग उत्पाद, खाद्य प्रसंस्करण, इलेक्ट्रॉनिक्स, हस्तशिल्प, खिलौने और पारंपरिक भारतीय उत्पादों सहित कई क्षेत्रों में “Made in India, Made for the World” की अपार संभावनाएं मौजूद हैं.
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत अब वैश्विक अर्थव्यवस्था में केवल सहभागी नहीं है, बल्कि उसकी दिशा और प्राथमिकताओं को भी आकार दे रहा है. BRICS बिजनेस फैसिलिटेशन मिशन इस नेतृत्व को जमीनी अवसरों में बदलने का माध्यम बन सकता है, जिससे भारतीय MSMEs और व्यापारियों को सीधे नए वैश्विक बाजारों तक पहुंच मिलेगी.”
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आयोजित BRICS सम्मेलन भारत के लिए ऐतिहासिक साबित होगा. इससे न केवल भारत की वैश्विक आर्थिक नेतृत्व क्षमता मजबूत होगी, बल्कि व्यापारियों, उद्यमियों, MSMEs और निर्यातकों के लिए अभूतपूर्व अवसर भी पैदा होंगे. उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है.
खंडेलवाल ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में BRICS वैश्विक व्यापार और आर्थिक विकास का एक शक्तिशाली इंजन बन सकता है, जो भारतीय उद्यमिता की ताकत और ‘Made in India, Made for the World’ की भावना को दुनिया के नए बाजारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.”
ये भी पढ़ें : कल का मौसम: दिल्ली-UP समेत 18 राज्यों में भारी बारिश, ओडिशा-छत्तीसगढ़ में रेड और बंगाल-झारखंड में येलो अलर्ट