'हमारे महासागर विजन में इसका महत्वपूर्ण स्थान है', मनीला यात्रा को लेकर PM मोदी ने क्या-क्या कहा?
Raisina News Desk- नवंबर 16, 2026 10:02 AM IST
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 नवंबर की सुबह दो दिवसीय फिलीपींस दौरे पर जा रहे हैं. इस दौरान राजधानी मनीला में वो 23वें आसियान भारत समिट और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेंगे. मनीला रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने देशवासियों को संबोधित किया है. जिसमें उन्होंने अपनी यात्रा को लेकर जरूरी बातें बताई हैं. पीएम मोदी मनीला में ही क्वाड नेताओं की बैठक में भी हिस्सा लेंगे. जहां रक्षा, व्यापार डिजिटल कनेक्टिविटी और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा पर बात होगी.
पीएम मोदी ने कहा, ‘आज मैं 17 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले 23वें आसियान इंडिया समिट (ASEAN-India Summit) और 21वें ईस्ट एशिया समिट (East Asia Summit) में भाग लेने के लिए मनीला की यात्रा पर रवाना हो रहा हूं. फिलीपींस के राष्ट्रपति महामहिम फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर मेरी यह यात्रा हो रही है.’
‘आसियान (ASEAN) देशों के साथ हमारे संबंध भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी के केंद्र में हैं और हमारे महासागर (MAHASAGAR) विजन में भी इनका महत्वपूर्ण स्थान है. सदियों पुराने सभ्यतागत आदान-प्रदान पर आधारित हमारे संबंध आज व्यापार, कनेक्टिविटी, समुद्री सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और लोगों के बीच आपसी संपर्क जैसे विभिन्न क्षेत्रों में एक गतिशील साझेदारी के रूप में विकसित हुए हैं.’
आसियान इंडिया समिट (ASEAN-India Summit) में मैं अन्य सदस्य देशों के नेताओं के साथ मिलकर हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी की अब तक की प्रगति को आगे बढ़ाने और विकास, कनेक्टिविटी तथा समृद्धि के हमारे साझा लक्ष्यों को नई गति देने की दिशा में काम करने के लिए उत्सुक हूं.
ईस्ट एशिया समिट (East Asia Summit) क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच है. मैं हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग को मजबूत करने के मुद्दे पर इसमें भाग लेने वाले नेताओं के साथ विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए उत्सुक हूं.
आज पीएम मोदी का मनीला में क्या है कार्यक्रम?
पीएम नरेंद्र मोदी सोमवार सुबह 8 बजे भारत से उड़ान भर ली है. वे दोपहर करीब 2:15 बजे मनीला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेंगे, जहां उनका औपचारिक स्वागत किया जाएगा. शाम 4:30 बजे वे फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस और प्रथम महिला लुईस अरनेटा-मार्कोस द्वारा आयोजित राजकीय रात्रिभोज (गाला डिनर) में शिरकत करेंगे. शिखर सम्मेलन से इतर पीएम मोदी कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे. इसके अलावा, फिलीपींस में रह रहे भारतीय समुदाय से भी उनकी मुलाकात का कार्यक्रम तय किया जा रहा है.