शरद पवार से राहुल और इंडी वालों की मीटिंग, पर सुप्रिया गायब; परिसीमन बिल पर NCP-SP का सस्‍पेंस बरकरार

शरद पवार से राहुल और इंडी वालों की मीटिंग, पर सुप्रिया गायब; परिसीमन बिल पर NCP-SP का सस्‍पेंस बरकरार

परिसीमन और महिला संशोधन बिल पर चर्चा के लिए इंडिया गठबंधन के नेता चेन्‍नई में एमके स्‍टालिन से मिलने के बाद रात को मुंबई में शरद पवार से मिले. इस दौरान राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे भी मौजूद थे जबकि सोनिया गांधी चेन्‍नई से ही दिल्‍ली लौट गई. 30 नवंबर को लोकसभा में बिल पर वोटिंग होनी है.

मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्‍पताल में रविवार रात इंडिया गठबंधन के नेताओं का जमावड़ा लगा. राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई बड़े नेता शरद पवार का हालचाल जानने पहुंचे. डिहाईड्रेशन की वजह से 85 साल के पवार अस्‍पताल में भर्ती हैं. परिसीमन से जुड़े संभावित संशोधन बिल पर विपक्ष के नेता पवार का रुख टटोलते नजर आए. चर्चाएं तेज हैं कि शरद पवार की पार्टी इस बिल का समर्थन कर सकती है. इस मुलाकात के दौरान बेटी सुप्रिया सुले मौजूद नहीं थी. हालांकि उनकी बेटी और दामाद वहां थे. इंडिया गठबंधन के नेताओं ने शरद पवार से अपील की कि वो महिला संशोधन और परिसीमन विधेयक का समर्थन ना करें. इससे पहले यह प्रतिनिधिमंडल चेन्‍नई में एमके स्‍टालिन से मिला था.

चेन्नई में स्टालिन का रुख और पार्टी के भीतर की खींचतान
परिसीमन बिल को लेकर विपक्ष की एकजुटता में दरार के संकेत साफ दिख रहे हैं. दिन में चेन्नई पहुंचे INDIA गठबंधन के नेताओं ने जब स्टालिन से अपनी चिंताएं साझा कीं, तो डीएमके प्रमुख ने साफ कर दिया कि उनकी पार्टी के लिए ‘तमिलनाडु पहले’ है. स्टालिन का मानना है कि अगले 25 साल तक राज्य की राजनीतिक ताकत बचाने के लिए इस बिल का समर्थन करना ही एकमात्र रास्ता है. उधर, आठ सांसदों वाली NCP (SP) ने भले आधिकारिक ऐलान न किया हो, पर सुप्रिया सुले के बयानों से समर्थन के संकेत मिले हैं. इसी बीच पार्टी विधायक रोहित पवार ने खुला खत लिखकर फैसले पर पुनर्विचार की अपील की है, जिससे घर और पार्टी के भीतर की सियासी बेचैनी भी सामने आ गई है.

क्या है बिल का गणित और विपक्ष के गंभीर आरोप
केंद्र सरकार 30 नवंबर को लोकसभा में एक नया संविधान संशोधन बिल लाने की तैयारी में है. इसके तहत हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की लोकसभा सीटों और विधानसभाओं की ताकत में 50 फीसदी बढ़ोतरी कर महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने का प्रावधान है, साथ ही 2051 तक सीटों और सीमाओं को फ्रीज करने की बात कही गई है. सरकार का दावा है कि उसके पास 371 लोकसभा सांसदों का समर्थन है, जो संशोधन के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत से ज्यादा है. दूसरी ओर, कांग्रेस और INDIA गठबंधन के नेताओं का आरोप है कि यह बिल लोकतंत्र के लिए खतरा है, इससे मनमाने तरीके से क्षेत्रredraw हो सकते हैं, SC/ST प्रतिनिधित्व पर असर पड़ेगा और महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़कर अटकाया जा रहा है.

पीटीआई इनपुट के साथ

Prev Post
Next Post