SDM अपूर्वा यादव के घर गूंजी डबल किलकारी, जुड़वा बच्चों की मां बनने वालीं UP की पहली PCS अफसर!
Raisina News Desk- सितंबर 25, 2026 01:59 PM IST
उत्तर प्रदेश की पीसीएस अधिकारी और एसडीएम अपूर्वा यादव के घर किलकारी गूंजी है. इसकी जानकारी उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए साझा की है. पोस्ट में साझा की गई तस्वीर में उनकी गोद में दो बच्चे दिखाई दे रहे हैं. वहीं उनके साथ पति विशाल त्यागी भी खड़े नजर आ रहे हैं. अपूर्वा यादव ने फोटो के कैप्शन में लिखा है, “हम दोनों से चार लोगों का परिवार. दो प्यारे बच्चे, चार छोटे-छोटे पैर और आगे ढेर सारा प्यार…” इस पोस्ट के सामने आने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार बधाइयां मिल रही हैं.
अपूर्वा यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली हैं. उन्होंने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2016 में पूरे प्रदेश में 13वीं रैंक हासिल की थी. इसी सफलता के बाद वह एसडीएम बनीं. यूपीपीसीएस परीक्षा में उन्हें चौथे प्रयास में सफलता मिली थी. इससे पहले उन्हें कई बार असफलता का सामना करना पड़ा था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार प्रयास जारी रखे.
अपूर्वा यादव ने यूपी बोर्ड से 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया. इसके बाद उनकी नौकरी देश की प्रमुख आईटी कंपनी टीसीएस में लगी. चेन्नई में नौकरी के दौरान उनके पास अमेरिका जाने का मौका था. हालांकि, कॉरपोरेट क्षेत्र की नौकरी में उनका मन नहीं लगा. वर्ष 2013 में यूपीपीएससी परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी.
हिंदी माध्यम की छात्रा रहीं अपूर्वा यादव ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास के दम पर यूपीपीएससी परीक्षा पास की. उन्होंने तीन बार असफलता का सामना किया, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी. लगातार संघर्ष और मेहनत के बाद चौथे प्रयास में उन्होंने सफलता हासिल कर प्रशासनिक सेवा में जगह बनाई. उनकी सफलता आज हजारों प्रतियोगी छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत मानी जाती है. अपूर्वा यादव और विशाल त्यागी ने साल 2022 में शादी की थी.