धनतेरस पर सोना खरीदने का सपना होगा पूरा! पटना में 1 ग्राम से कम की अंगूठियां उपलब्ध, जानें बजट

धनतेरस पर सोना खरीदने का सपना होगा पूरा! पटना में 1 ग्राम से कम की अंगूठियां उपलब्ध, जानें बजट

पटना: फेस्टिव सीजन में सोने की चमक हर किसी को आकर्षित करती है, लेकिन बढ़ती कीमतों के बीच गहने खरीदने से पहले जेब का हिसाब लगाना भी जरूरी हो गया है. ऐसे में अगर आप सोच रहे हैं कि सोने की खरीदारी के लिए हजारों रुपये का बड़ा बजट बनाना पड़ेगा, तो आपके लिए एक राहत भरी खबर है. पटना के ज्वेलरी बाजार में अब कम वजन वाली सोने की अंगूठियों और हल्के आभूषणों के कई ऑप्शन मौजूद हैं. यहां करीब 7,500 रुपये से सोने की अंगूठी खरीदने की शुरुआत हो सकती है. वहीं, 10 से 12 हजार रुपये के बजट में भी कई तरह की अंगूठियां मिल सकती हैं. इसी तरह एक ग्राम से भी कम वजन के आभूषणों का भी नया कलेक्शन आ गया है.

कम बजट में भी खरीद सकते हैं सोने के गहने
दीपावली और धनतेरस को लेकर पटना के ज्वेलरी बाजार में नए कलेक्शन आने शुरू हो गए हैं. इस बार सोने की ऊंची कीमतों को देखते हुए ज्वेलर्स हल्के वजन के आभूषणों पर भी जोर दे रहे हैं. इनमें खास तौर पर 18 कैरेट सोने की अंगूठियां शामिल हैं. इन्हें गिफ्ट देने से लेकर खुद के इस्तेमाल तक के लिए खरीदा जा सकता है.

पाटलिपुत्र सर्राफा संघ के अध्यक्ष और गहना ज्वेलर्स के मालिक विनोद कुमार ने बताया कि 18 कैरेट सोने की करीब 750 मिलीग्राम आभूषणों की कीमत मौजूदा दरों के हिसाब से लगभग 7,000 से 7,500 रुपये हो सकती है. वहीं, 880 मिलीग्राम का दाम करीब 10,000 से 11,000 रुपये और एक ग्राम वजन की लगभग 12,000 से 13,000 रुपये के आसपास पड़ सकती है. हालांकि, वास्तविक कीमत सोने के उस दिन के भाव, डिजाइन और अन्य शुल्कों के आधार पर बदल सकती है.

750 मिलीग्राम से लेकर सवा ग्राम तक की अंगूठी के विकल्प
बाजार में इस बार हल्के वजन की अंगूठियों की कई वैरायटी देखने को मिल रही हैं. इनमें 750 मिलीग्राम, 820 मिलीग्राम, 840 मिलीग्राम, 880 मिलीग्राम, 900 मिलीग्राम और 960 मिलीग्राम वजन वाली अंगूठियां शामिल हैं. इसके अलावा एक से सवा ग्राम तक की अंगूठियों में भी अलग-अलग डिजाइन उपलब्ध हैं. कान में पहनने वाले आभूषण भी बहुत ही कम वजन के मार्केट में उपलब्ध है.

विनोद कुमार बताते हैं कि कुछ अंगूठियों में स्टोन लगाकर डायमंड जैसा लुक दिया गया है, जबकि कुछ स्टोनलेस डिजाइन में हैं. इस तरह ग्राहक अपने बजट और पसंद के अनुसार ऑप्शन चुन सकते हैं. उनके अनुसार, फेस्टिव सीजन के लिए नए कलेक्शन अभी बाजार में आने शुरू हुए हैं और आने वाले दिनों में और भी डिजाइन उपलब्ध होने की उम्मीद है.

10 हजार रुपये के आसपास गिफ्ट करने के लिए भी विकल्प
अगर आप धनतेरस या दीपावली पर किसी अपने को सोने का गहना उपहार में देना चाहते हैं, तो लाइट वेट में गहनों के कई ऑप्शन हैं. उनका कहना है कि सोने की ऊंची कीमतों के कारण बाजार में हल्के वजन के आभूषणों की मांग को ध्यान में रखते हुए नए डिजाइन पेश किए जा रहे हैं. हालांकि, खरीदारी करते समय केवल वजन और कीमत ही नहीं, बल्कि शुद्धता, हॉलमार्क और बिल की भी जांच करना जरूरी है.

सोने की चेन खरीदने के लिए कितना बजट रखें?
अगर आप अंगूठी के बजाय सोने की चेन खरीदना चाहते हैं, तो बजट थोड़ा बढ़ाना होगा. विनोद कुमार का कहना है कि बाजार में करीब 3.5 ग्राम से लेकर 20, 25 और 50 ग्राम तक की चेन उपलब्ध हैं. 18 कैरेट सोने की लगभग 3 से 3.5 ग्राम की हल्की हॉलो चेन की कीमत जीएसटी सहित करीब 35,000 से 40,000 रुपये तक हो सकती है.

पहले के मुकाबले अभी है रेट कम
पाटलिपुत्र सर्राफा संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार के अनुसार सोने की कीमत अपने उच्चतम स्तर के मुकाबले फिलहाल काफी नीचे है. पिछले एक सप्ताह से भी सोने का भाव निचले स्तर पर बना हुआ है. ऐसे में फेस्टिव सीजन के साथ ही आने वाले वेडिंग सीजन को देखते हुए लोग खरीदारी की योजना बना सकते हैं. त्योहारों पर एक-दूसरे को उपहार देने और शादी-विवाह के लिए गहने खरीदने के लिहाज से यह अच्छा मौका हो सकता है.

क्या बाजार में 9 कैरेट सोने के गहने भी मिल रहे हैं?
कम बजट में सोने के गहने खरीदने वालों के लिए 9 कैरेट सोने का विकल्प भी चर्चा में रहता है. हालांकि, विनोद कुमार बताते हैं कि बाजार में फिलहाल 9 कैरेट सोने के आभूषणों का प्रचलन नहीं है और ग्राहकों की मांग भी कम है. भविष्य में मांग बढ़ने पर इस श्रेणी के आभूषण भी उपलब्ध कराए जा सकते हैं.

धनतेरस पर खरीदारी से पहले इन बातों का रखें ध्यान
सोने की अंगूठी या कोई अन्य आभूषण खरीदते समय हॉलमार्क और उसकी शुद्धता की पुष्टि करें. दुकानदार से सोने का वजन, प्रति ग्राम दर, मेकिंग चार्ज और जीएसटी का अलग-अलग जानकारी लें. साथ ही, अंतिम कीमत का बिल जरूर प्राप्त करें.

Prev Post
Next Post