PDA के मुकाबले PDM! ओवैसी-चंद्रशेखर आएंगे साथ, किसका बिगड़ेगा खेल?

PDA के मुकाबले PDM! ओवैसी-चंद्रशेखर आएंगे साथ, किसका बिगड़ेगा खेल?

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में नया सियासी गठबंधन तैयार होता दिख रहा है. असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) हाथ मिलाने जा रही हैं. दोनों नेताओं के बीच गठबंधन का औपचारिक ऐलान आज लखनऊ में हो सकता है. ओवैसी बुधवार की रात ही लखनऊ पहुंच गए. इस गठबंधन के जरिए यूपी के दलित और मुस्लिम मतदाताओं को साधने की कोशिश है.

क्या ये गठबंधन यूपी में तीसरे मोर्चे की जमीन तैयार कर पाएगा?

अगर दलित-मुस्लिम वोट बैंक इस गठबंधन की तरफ झुका तो सपा, बसपा और बीजेपी के चुनावी समीकरणों पर क्या असर पड़ेगा? इन सवालों के जवाब जानने से पहले आपको ये समझना होगा कि दोनों पार्टियों के बीच अभी तक सीट बंटवारे का फॉर्मूला सामने नहीं आया है. कुछ दूसरे राजनीतिक दलों और नेताओं को भी शामिल करने की कोशिश चल रही है.

दोनों दलों के साथ आने का मकसद 2027 में बीजेपी को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकना बताया जा रहा है, हालांकि इन दोनों के गठबंधन से सबसे ज्यादा नुकसान सपा और बसपा को होता दिख रहा है, क्योंकि गठबंधन होने की सूरत में दोनों पार्टियों की नजर दलित और मुस्लिम बहुल वोट बैंक वाली सीटों पर होगी. उत्तर प्रदेश में इन दोनों समुदायों की आबादी बड़ी है और चुनावों में इनकी भूमिका अहम मानी जाती है.

  1. – उत्तर प्रदेश की आबादी में अनुसूचित जाति की हिस्सेदारी करीब 21 प्रतिशत है.
  2. – करीब 21 प्रतिशत दलित आबादी के अलावा यूपी में मुस्लिम समुदाय की आबादी 19.26 फीसदी है
  3. – यानी दोनों को मिलाकर आबादी का करीब 40 फीसदी हिस्सा बनता है

हालांकि, आबादी का ये आंकड़ा अपने आप में किसी एक पार्टी का वोट बैंक नहीं है. इन समुदायों के भीतर भी अलग-अलग जातियां, वर्ग और राजनीतिक पसंद मौजूद हैं लंबे वक्त तक बसपा प्रमुख मायावती दलित राजनीति का सबसे बड़ा चेहरा बनीं रही, जबकि मुस्लिम मतदाताओं के बीच समाजवादी पार्टी का प्रभाव कई चुनावों में दिखाई दिया.

सपा-बसपा का बदल सकता है समीकरण

लेकिन चंद्रशेखर और ओवैसी की साझा एंट्री इन दोनों पार्टियों के समीकरण बदल सकती है. चंद्रशेखर अपनी राजनीति को दलित युवाओं के लिए एक नए विकल्प के तौर पर पेश करते हैं जबकि असदुद्दीन ओवैसी लगातार मुस्लिम समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का सवाल उठाते रहे हैं. इसलिए माना जा रहा है कि अगर ओवैसी और चंद्रशेखर ने हाथ मिलाया तो सपा और बसपा दोनों का समर्थन घट सकता है.

हालांकि, असदुद्दीन ओवैसी ने बताया कि उन्होंने गठबंधन को लेकर समाजवादी पार्टी को भी ऑफर दिया था लेकिन वहां बात नहीं बनी. इसके बाद ओवैसी ने चंद्रशेखर से गठबंधन पर बात शुरू की. इस संभावित गठबंधन को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव से भी सवाल पूछा गया. जिसके जवाब में उन्होंने कहा, आपको क्या चिंता है? कहीं ऐसा तो नहीं कि एक लाख की चॉकलेट आपकी भी जेब में रखी हो? उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी के पक्ष में मन बना चुकी है.

अखिलेश ने क्या किया पोस्ट?

इससे पहले अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शायराना अंदाज में एक पोस्ट किया था. उन्होंने किसी का नाम तो नहीं लिया लेकिन समझने वाले समझ गए. अखिलेश यादव ने लिखा… वो उड़ते हुए बस इंतख़ाब के वक़्त ही क्यों आते हैं. जितना कहते हैं आक़ा उतना कहकर चले जाते हैं. जो नक़ली ख़ैर-ख़्वाह आब की जगह आग लाते हैं. जब अपनों पर जुल्म होता है तो कहां गुम हो जाते हैं. ये तो सियासत के ख़ानाबदोश सौदागर कहलाते हैं. ये तो उसी हिसाब से ही मुंह खोलते हैं जितना पाते हैं.

अखिलेश की इस शायरी के टारगेट पर AIMIM के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी माने जा रहे थे. अखिलेश की इस पोस्ट के कुछ देर बाद AIMIM की तरफ से भी एक शेर कहा गया था. AIMIM के प्रवक्ता शादाब चौहान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि ठुकरा के हमारा पैगाम, आप इंतकाम देखोगे. खुद को असदुद्दीन ओवैसी का सिपाही बताते हुए ये भी लिखा कि अखिलेश जी आप जिस भाषा में सवाल करोगे उस भाषा में जवाब देना जानते हैं.

Prev Post
Next Post