आगरा से 2.5 घंटे में संभल, अलीगढ़ से लगेंगे 1.5 घंटे, UP में नया हाइवे मंजूर, मथुरा, हाथरस, गाजियाबाद तक कनेक्टिविटी
Raisina News Desk- सितंबर 14, 2026 06:32 PM IST

उत्तर प्रदेश में कई नए-नए हाइवे और एक्सप्रेसवे बन रहे हैं. इस कड़ी में पश्चिमी यूपी के अलीगढ़ जिले को बड़ी सौगात मिलने जा रही है. यूपी सरकार ने अलीगढ़ जिले के तीसरे स्टेट हाइवे को मंजूरी दे दी है. यह हाइवे अलीगढ़ समेत पूरे पश्चिमी यूपी के लिए लाइफलाइन साबित होगा. हम बात कर रहे हैं ‘इगलास-संभल स्टेट हाइवे (SH-184)’ की. यह हाइवे अलीगढ़-मथुरा रोड पर इगलास से शुरू होकर संभल जिले के बैरपुर गांव तक जाएगा, जहां यह मेरठ-बदायूं स्टेट हाईवे से जुड़ेगा. इस हाइवे के बनने के बाद अलीगढ़ से संभल सा सफर करीब डेढ़ घंटे और आगरा से संभल का सफर महज ढाई घंटे में पूरा होगा.
यह हाइवे लंबे समय से प्रस्तावित था. पहले यह हाइवे अलीगढ़ के सासनी कस्बे से करीब 85 किलोमीटर का बनना था. लेकिन अब शासन ने इसका विस्तार करके इगलास तक बढ़ाने का फैसला किया है. नया हाइवे करीब 98 किलोमीटर का होगा. इस हाइवे को इगलास से जोड़ने के बाद इसमें लगभग 13.4 किलोमीटर की बढ़ोतरी हो गई.
यह नया स्टेट हाईवे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई शहरों और कस्बों को जोड़ेगा. यह हाइवे मथुरा, हाथरस, इगलास, अलीगढ़, सासनी, अकराबाद, नानऊ, दादों, सांकरा, मिठनपुर, संभल और बैरपुर जैसे शहरों और कस्बों को कनेक्ट करेगा. इसके अलावा यह हाइवे गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी बेहतर विकल्प बनेगा.
इगलास-संभल हाइवे बनने के बाद अलीगढ़ से संभल का सफर करीब डेढ़ घंटे में पूरा होगा. फिलहाल इस सफर में करीब ढाई घंटे का वक्त लग जाता है. वहीं आगरा से संभल का सफर करीब ढाई से तीन घंटे में पूरा होगा सकेगा. जहां अभी 4 से 5 घंटे लगते हैं. इसके अलावा हाथरस और मथुरा से भी संभल का सफर आसान हो जाएगा.
अलीगढ़-मथुरा स्टेट हाईवे
अलीगढ़-आगरा हाईवे
गाजियाबाद-कानपुर हाईवे
छतारी-अतरौली-कासगंज स्टेट हाईवे
मेरठ-बदायूं स्टेट हाईवे
इस हाइवे का एक बड़ा फायदा यह भी होगा कि राजस्थान से मथुरा होते हुए संभल जाने वाले वाहन आसानी से इसका इस्तेमाल कर सकेंगे. वहीं मध्य प्रदेश की ओर से आगरा के रास्ते संभल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश आने-जाने वाले लोगों को भी नया विकल्प मिलेगा.