कल का मौसम: दिल्ली-यूपी से गुजरात-महाराष्ट्र तक बारिश ही बारिश, 19 राज्यों में IMD का अलर्ट
Raisina News Desk- जुलाई 30, 2026 05:31 PM IST

Kal Ka Mausam 31 July 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के कई राज्यों में इन दिनों मॉनसून फिर से जोर पकड़ रहा है. इस हफ्ते की शुरुआत से ही पूरे उत्तर भारत से लेकर गुजरात और ओडिशा तक जमकर बारिश हो रही है. कुछ राज्यों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 31 जुलाई के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. IMD के डेली बुलेटिन के अनुसार, कल देश के कुल 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. इनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान से लेकर यूपी और गुजरात शामिल हैं. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.
दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों मॉनसून एक्टिव है और बारिश का दौर जारी है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 31 जुलाई को भी बारिश का अलर्ट जारी किया है. कल सुबह, दोपहर और रात, तीनों समय गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है. पूर्वानुमान के अनुसार, कल अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. आर्द्रता 85 से 65 प्रतिशत के बीच रह सकती है. पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने का अनुमान है. इस दिन किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है.
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कल बारिश का अनुमान जताया है. आईएमडी के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में कल यानी 31 जुलाई को अलग-अलग स्थानों पर वर्षा होने का अनुमान है. 2 अगस्त से बारिश की गतिविधि बढ़ने की संभावना है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कल मौसम लगभग शुष्क रहेगा, लेकिन 3 अगस्त से यहां भी भारी बारिश की संभावना है. कल सीधे तौर पर भारी बारिश की चेतावनी नहीं है, लेकिन 3-5 अगस्त के दौरान पूरे उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है.
Latest satellite animation pic.twitter.com/MCeD2kyArV
— India Meteorological Department (@Indiametdept) July 30, 2026
मौसम विभाग ने 31 जुलाई के लिए अहमदाबाद समेत गुजरात के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में बहुत अधिक भारी बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग के डायरेक्टर अशोक कुमार दास ने बताया कि अहमदाबाद सहित कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है और अत्यंत भारी बारिश हो सकती है. विभाग ने असामान्य बारिश की भी संभावना जताई है. डायरेक्टर अशोक कुमार दास ने कहा कि अगले एक सप्ताह हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 2 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
कल गुजरात के नर्मदा जिले में भारी बारिश की संभावना है, जबकि दक्षिण गुजरात के अहमदाबाद, बोटाद, जामनगर, आनंद, वडोदरा, छोटाउदेपुर, भरूच, नर्मदा, सूरत, तापी, डांग, नवसारी, वलसाड, दमण, दादर नगर हवेली में अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। अहमदाबाद में शुक्रवार को 8 इंच तक बारिश हो सकती है, जबकि नर्मदा में 12 इंच तक वर्षा का पूर्वानुमान है. वहीं, सुरेंद्रनगर, राजकोट, अमरेली, गांधीनगर, खेड़ा, पंचमहल, दाहोद में ऑरेंज अलर्ट के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. कच्छ, मोरबी, वाव, थराद, पाटन, महेसाणा, बनासकांठा, गांधीनगर समेत अन्य जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
मॉनसून के असर के कारण राजस्थान में बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अनेक हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के ज्यादातर भागों में अगले कुछ दिन मानसून के सक्रिय रहने और मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है. इस दौरान दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में स्थित कोटा और उदयपुर संभागों तथा आसपास के जिलों में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है.
बंगाल की खाड़ी से बन रहा डीप ड्रिपेशन
Photo Credit: IMD
मौसम विभाग ने कल बिहार के कई जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी का कहना है कि 31 जुलाई से 5 अगस्त के दौरान राज्य में गरज, बिजली और तेज़ हवाओं के साथ व्यापक वर्षा होने की संभावना है. 5 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने का अलर्ट है.