चुनाव से पहले तनाव की साजिश? यूपी के एटा में भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तीन साल में तीसरी बार तोड़ी गई
Raisina News Desk- सितंबर 14, 2026 07:34 PM IST

एटा:
संविधान निर्माता भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने का मामला यूपी के एटा में सामने आया है. इस घटना के बाद दलितों का गुस्सा भड़क गया है और उन्होंने प्रदर्शन किया. उनका कहना है कि दलित समाज के महापुरुष के अपमान के इरादे से प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया है. कुछ ग्रामीणों के अनुसार बीते तीन सालों में आंबेडकर की प्रतिमा से तोड़फोड़ किए जाने का यह तीसरा मामला है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस घटना से गांव में तनाव का माहौल है और फिलहाल लोगों को समझाया जा रहा है. यह वाकया एटा के ललहट गांव का है.
यह मामला सामने आने के बाद बड़ी संख्या ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया. ग्रामीणों के मुताबिक आंबेडकर की प्रतिमा के कुछ टूटे हुए हिस्से गांव से बाहर पाए गए हैं. पुलिस और प्रशासन भी जानकारी मिलने पर पहुंचे और गांव वालों को जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया. फिलहाल एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस की तैनाती कर दी गई है. ग्रामीण विकास कुमार ने कहा कि पहले भी ऐसे मामले हुए थे और अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था. ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर एक ही स्थान पर किसी प्रतिमा को तीन बार कैसे कोई नुकसान पहुंचा सकता है.
ग्रामीणों की मांग थी कि तत्काल प्रतिमा को सही कराया जाए. इसके अलावा प्रतिमा को इस तरह से कवर किया जाए कि भविष्य में उसे कोई नुकसान न पहुंचा सके. एटा के एसपी इलारमन ने कहा कि इस मामले में सख्त एक्शन लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जैथरा के थाना प्रभारी सुनील कुमार ने कहा कि इस मामले में केस फाइल कर लिया गया है और जानकारी जुटाई जा रही है. आसपास के सीसीटीवी कैमरों की भी पड़ताल की जा रही है ताकि संदिग्धों के बारे में कोई सुराग मिल सके. उन्होंने कहा कि गांव में पुलिस की तैनाती बनी रहेगी ताकि हालात पर नजर रखी जा सके.