पंजाब में विज्ञापन के दम पर छिपाई जा रही विश्वासघात की तस्वीर: जालंधर में PM मोदी का AAP सरकार पर निशाना



जालंधर:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के जालंधर में ₹5,470 करोड़ से ज़्यादा की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पंजाब में आज क्या हो रहा है, ये किसी से छिपा नहीं है. यहां विज्ञापनों के दम पर विश्वासघात की तस्वीर छिपाई जा रही है. आज पंजाब में कानून-व्यवस्था बेहाल है. कब कहां गैंगवार हो जाए, किस दिशा से गोलियां चलने लगें, कोई कह नहीं सकता. यहां व्यापार-कारोबार करना मुश्किल हो गया है. सरेआम लोगों से फिरौती मांगी जा रही है. पुलिस थाने तक सुरक्षित नहीं है, आए दिन थानों पर अटैक होते हैं और सबसे दुखद तो ये है कि पंजाब का भविष्य भी बर्बाद किया जा रहा है. नशे के सौदागर खुलेआम घूम रहे हैं, पंजाब के युवाओं को नशे के दलदल में धकेला जा रहा है.

देश को बदलने का दावा करने वालों की सच्चाई देख रही जनता- मोदी

पीएम मोदी ने कहा, “आज यहां जो लोग पंजाब की सत्ता में बैठे हैं वे लोग बड़े घमंड के साथ दावा करते थे कि वे देश की राजनीति बदल देंगे. लेकिन आज देश इनकी सच्चाई देख रहा है. 2-3 दिन पहले ही दिल्ली की एक अदालत ने उनके एक नेता को दोषी ठहराया है. उन पर दंगे भड़काने और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के एक अधिकारी की हत्या का आरोप है, और इनकी बेशर्मी तो देखिए… वे अदालत के फैसले पर सवाल उठा रहे हैं और उसे धर्म और आस्था के नज़रिए से देख रहे हैं, सिर्फ़ इसलिए क्योंकि उनका वोट बैंक दांव पर लगा है.”

पीएम ने कहा कि आज हमारा जालंधर विकास के उत्सव का साक्षी बन रहा है. आज सुबह मुझे जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन शुरू करने का अवसर मिला है. आज जींद में ही मुझे कुरुक्षेत्र में एक भव्य सिख म्यूजियम के शिलान्यास का सौभाग्य मिला है. यह म्यूजियम गुरु परंपरा को, गुरुओं के ज्ञान को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा. यह गुरुओं की शिक्षाओं, उनके बलिदान और सेवा की परंपरा को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने वाला प्रेरणा केंद्र बनेगा.

पीएम ने कहा, “आज यहां जलांधर से कई नई रेल सेवाएं शुरू की गई हैं. आज अमृतसर से काशी के बीच रेल सेवा भी शुरू हुई है. इससे पंजाब से काशी जाना और आसान हो जाएगा. आज दौलतपुर चौक और करतौली के बीच नई लाइन भी शुरू हुई है. करतौली से अंबाला के बीच नई रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखाई गई है. आज ही लुधियाना बायपास का शिलान्यास, दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के एक सेक्शन का लोकार्पण हुआ है. मैं ऐसे हर प्रोजेक्ट के लिए देशवासियों को और खासतौर पर पंजाब के भाई-बहनों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं.’

भारत सरकार पंजाब में कनेक्टिविटी से जुड़े कई इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है- मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा, “आज भारत सरकार पंजाब में कनेक्टिविटी से जुड़े कई इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है. भले ही पंजाब में बीजेपी की सरकार नहीं है, लेकिन केंद्र में बीजेपी के नेतृत्व वाली NDA सरकार राज्य के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है. मैं जालंधर के लोगों की तारीफ़ करता हूं कि उन्होंने ‘स्वच्छता से स्वागत’ पहल के ज़रिए इस कार्यक्रम को और भी सार्थक बना दिया है. आप सभी ने अपने कामों से श्री गुरु रविदास जी के समरसता और सामूहिक प्रयास के संदेश को साकार किया है. यह अभियान कर्तव्य-भावना का भी एक बेहतरीन उदाहरण है.”

महान सपूत सरदार तेजा सिंह समुंद्री जी को श्रद्धांजलि देता हूं- मोदी

उन्होंने कहा, “आज के दिन मैं इस मंच से पंजाब के महान सपूत सरदार तेजा सिंह समुंद्री जी को भी अपनी श्रद्धांजलि देता हूं, आज उनका 100वां शहादत दिवस है.  उन्होंने अंग्रेजी शासनकाल में सिख हितों की रक्षा के लिए अनेक आंदोलन किए. सरदार तेजा सिंह जी ने अपना पूरा जीवन मातृभूमि की सेवा में समर्पित कर दिया. आज से शुरू हो रहे उनके शहादत दिवस कार्यक्रमों से लोगों को प्रेरणा मिलेगी.”

कांग्रेस सरकार ने रेलवे स्टेशनों को अपने हाल पर छोड़ा- पीएम

उन्होंने कहा, “भारतीय रेल गरीब और मिडिल क्लास परिवारों की सवारी है, लेकिन 2014 से पहले तक रेलवे की क्या स्थिति थी ये आप अच्छे से जानते हैं. कांग्रेस सरकार नई ट्रेनों की झूठी घोषणा करके आराम से बैठ जाती थी. हमारे रेलवे स्टेशनों को कांग्रेस ने अपने हाल पर छोड़ दिया था.  अंग्रेजों के जमाने में जो स्टेशन बने थे, उनकी सुध लेने वाला भी कोई नहीं था. भारतीय रेल का नेटवर्क इतना विशाल है कि रोज उसमें जितने यात्री सफर करते हैं, उतनी तो कई देशों की आबादी भी नहीं है.”

पीएम ने कहा कि जो काम आज हो रहे हैं, वो काम तो 30-40 वर्ष पहले हो जाने चाहिए थे लेकिन पहले की सरकारों की प्राथमिकता में ये काम था ही नहीं. गरीब और मिडिल क्लास को भी सुविधा चाहिए, उनको भी साफ सफाई चाहिए, इनके समय की भी वैल्यू है, इस पर पहले की सरकारें चर्चा भी नहीं करती थीं. इस सोच के साथ विकसित भारत नहीं बन सकता था इसलिए बीते वर्षों में भाजपा सरकार ने स्थितियों को बदलना शुरू किया. आज पूरे देश में रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 1300 से ज्यादा स्टेशनों को आधुनिक बनाया जा रहा है, इनमें से कई स्टेशनों पर काम पूरा हो गया है. आज ऐसे ही 75 स्टेशनों का लोकार्पण हुआ है.

प्रधानमंत्री मोदी ने यहां अमृतसर (छेहरटा)-वाराणसी के बीच चलने वाली संत रविदास एक्सप्रेस ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाई. इससे दो प्रमुख आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्रों के बीच सीधी रेल संपर्क स्थापित होगा. मोदी चंडीगढ़ और हरियाणा के जींद में परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद जालंधर पहुंचे थे. जींद में उन्होंने भारत की पहली हाइड्रोजन-चालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाई.

इस साल फरवरी में डेरा सचखंड बल्लां के दौरे के बाद प्रधानमंत्री का यह जालंधर का दूसरा दौरा है. प्रधानमंत्री की इस यात्रा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि भाजपा वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों को अकेले लड़ने की तैयारी कर रही है.
 






Source link

Prev Post
Next Post