
कल्पना कीजिए कि आपने ऑफिस का कोई काम AI को सौंपा, लैपटॉप बंद किया और घर निकल गए, लेकिन AI उसी बीच आपका काम पूरा करता रहा. अब यह कल्पना हकीकत बनने जा रही है. AI कंपनी एंथ्रोपिक ने अपने AI एजेंट ‘Claude Cowork’ को वेब और मोबाइल पर उपलब्ध करा दिया है.
इसका मतलब यह है कि यूजर्स अपने कंप्यूटर पर कोई काम शुरू कर सकते हैं, फिर मोबाइल से उसकी प्रगति देख सकते हैं और बाद में रिजल्ट हासिल कर सकते हैं. कंपनी का दावा है कि यह फीचर AI को सिर्फ चैटबॉट नहीं बल्कि एक डिजिटल कलीग की तरह काम करने में मदद करेगा.
AI स्टार्टअप एंथ्रोपिक ने घोषणा की है कि Claude Cowork अब वेब और मोबाइल प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध होगा. यह सुविधा 8 जुलाई से कंपनी के मैक्स प्लान सब्सक्राइबर्स के लिए शुरू की गई है. इससे पहले यह फीचर केवल डेस्कटॉप ऐप के जरिए इस्तेमाल किया जा सकता था. अब यूजर्स बिना किसी अतिरिक्त सॉफ्टवेयर इंस्टॉल किए भी इसका उपयोग कर सकेंगे.
Claude Cowork एक AI एजेंट है, जिसे रोजमर्रा के कामों को स्वतः संभालने के लिए तैयार किया है. यह केवल सवालों के जवाब देने वाला चैटबॉट नहीं है, बल्कि दस्तावेज तैयार करने, जानकारी इकट्ठा करने, रिपोर्ट बनाने और अन्य प्रशासनिक कार्यों में भी मदद कर सकता है. कंपनी का उद्देश्य इसे एक ऐसे डिजिटल सहायक के रूप में विकसित करना है, जो किसी कर्मचारी की तरह काम कर सके.
Claude Cowork की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह बैकग्राउंड में काम करता रह सकता है. अगर यूजर ने कोई टास्क शुरू किया है, तो एजेंट उसे पूरा करने के लिए काम जारी रखेगा, भले ही संबंधित डिवाइस उस समय सक्रिय न हो. जरूरत पड़ने पर यह यूजर से किसी महत्वपूर्ण फैसले के लिए इनपुट भी मांग सकता है.
हालांकि वेब और मोबाइल सपोर्ट शुरू होने के बाद भी डेस्कटॉप ऐप की उपयोगिता बनी रहेगी. एंथ्रोपिक का कहना है कि डेस्कटॉप वर्जन के जरिए यूजर्स AI को लोकल फाइलों और ब्राउजर तक गहरी पहुंच दे सकते हैं, जिससे जटिल और बड़े कामों को बेहतर ढंग से पूरा किया जा सकेगा.
कंपनी अब Claude Cowork को केवल कोडिंग टूल के रूप में नहीं देख रही है. उसका फोकस इसे एक ऐसे AI सहयोगी के रूप में विकसित करने पर है, जो बिजनेस और ऑफिस से जुड़े सामान्य कामों को भी संभाल सके. इसके जरिए रिपोर्ट तैयार करना, जानकारी संकलित करना, ईमेल ड्राफ्ट बनाना और दस्तावेजों को व्यवस्थित करना जैसे काम आसानी से किए जा सकते हैं.
AI क्षेत्र में अब केवल चैटबॉट बनाना ही लक्ष्य नहीं रह गया है. कंपनियां ऐसे टूल विकसित कर रही हैं जो लोगों के रोजमर्रा के काम आसान बना सकें. इसी दिशा में OpenAI भी अपने AI टूल्स को अधिक सक्षम बनाने पर काम कर रहा है, ताकि उनका इस्तेमाल रिपोर्ट, प्रेजेंटेशन, रिसर्च, डेटा विश्लेषण और अन्य पेशेवर कार्यों में किया जा सके.
एंथ्रोपिक के अनुसार, वेब और मोबाइल सपोर्ट मिलने के बाद यूजर्स कहीं से भी Claude Cowork की गतिविधियों पर नजर रख सकेंगे. चैट, प्रोजेक्ट और अन्य फाइलों को विभिन्न डिवाइस पर एक साथ एक्सेस किया जा सकेगा. इससे काम चलते रहने के लिए किसी एक डिवाइस पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी.
कंपनी द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, Claude Cowork का सबसे अधिक उपयोग बिजनेस प्रोसेस और प्रशासनिक कार्यों में हो रहा है. कुल उपयोग का 33 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा रिपोर्ट तैयार करने, डेटा व्यवस्थित करने, ऑनबोर्डिंग चेकलिस्ट बनाने और स्प्रेडशीट प्रबंधन जैसे कार्यों से जुड़ा है.
लगभग 16 प्रतिशत उपयोग कंटेंट निर्माण और कॉपीराइटिंग से संबंधित है. इसमें लेखन, प्रपोजल तैयार करना, सोशल मीडिया पोस्ट बनाना, स्लाइड डेक तैयार करना और अन्य संचार संबंधी कार्य शामिल हैं. यह दर्शाता है कि AI अब तकनीकी क्षेत्रों से आगे बढ़कर कॉर्पोरेट और रचनात्मक कामों में भी तेजी से जगह बना रहा है.
दिलचस्प बात यह है कि Claude Cowork का उपयोग केवल सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट तक सीमित नहीं है. कंपनी के आंकड़ों के अनुसार, कुल उपयोग में कोडिंग और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट का हिस्सा करीब 8.7 प्रतिशत ही है. इससे साफ है कि यूजर्स इसे एक बहुउपयोगी डिजिटल सहायक के रूप में अपनाने लगे हैं.