Being Human ज्वेलरी शोरूम मामले में एक्टर सलमान खान को कोर्ट में पेश होने के आदेश, क्या है पूरा मामला?

शिकायतकर्ता अरुण गोयल का आरोप है कि बीइंग ह्यूमन ब्रांड का शोरूम खुलवाने के नाम पर उनसे करोड़ों रुपये का निवेश कराया गया और बाद में कंपनी पीछे हट गई.

चंडीगढ़ में बीइंग ह्यूमन ज्वेलरी शोरूम से जुड़े कथित धोखाधड़ी मामले में चंडीगढ़ की जिला अदालत ने अभिनेता सलमान खान, उनकी बहन अलवीरा खान और सबंधित कंपनी स्टाइल एंड क्यूंटेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों समेत अन्य को 5 अक्टूबर को अदालत में पेश होने के आदेश दिए हैं. कोर्ट ने सभी आरोपियों को समन जारी करते हुए उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों पर जवाब दाखिल करने के लिए भी कहा है.

यह मामला मनीमाजरा निवासी व्यापारी अरुण गोयल की ओर से दायर शिकायत पर दर्ज हुआ है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बीइंग ह्यूमन ब्रांड के नाम पर ज्वेलरी शोरूम खुलवाने के दौरान उनके साथ धोखाधड़ी की गई. इसमें उन्हें करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ.

3 करोड़ लागत से खोला शोरूम

शिकायतकर्ता अरुण गोयल के अनुसार, उन्होंने मनीमाजरा के एनएसी क्षेत्र में करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से बीइंग ह्यूमन ज्वेलरी का शोरूम खोला था. इसके लिए उन्होंने स्टाइल एंड क्यूंटेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड के साथ एग्रीमेंट किया था.

उनका कहना है कि कंपनी की सभी शर्तों का पालन किया गया और शोरूम तैयार करने पर ही करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए. इसके अलावा बीइंग ह्यूमन ब्रांड की ज्वेलरी भी स्टोर में रखी गई.

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंपनी से जुड़े 6 लोगों ने उन्हें गलत भरोसा देकर शोरूम खुलवाया. शोरूम शुरू होने के बाद कंपनी की ओर से कोई सहयोग नहीं मिला. शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि जिस स्टोर से उन्हें बीइंग ह्यूमन ब्रांड की ज्वेलरी की सप्लाई होनी थी, वह फरवरी 2020 से बंद पड़ा है. इसके कारण उन्हें नया सामान नहीं मिल सका और कारोबार प्रभावित हो गया.




पूरी स्टोरी पढ़ें





Prev Post
Next Post