BSP के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, मायावती-अखिलेश समेत कई नेताओं ने जताया दुख
Raisina News Desk- अगस्त 05, 2026 11:38 PM IST

यूपी के बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक उमाशंकर सिंह का निधन हो गया है. वे बहुजन समाज पार्टी के इकलौते विधायक थे. उमाशंकर सिंह को पूर्वांचल के कद्दावर नेताओं में गिना जाता है. वो लगातार तीन बार रसड़ा सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे. उनके निधन पर कई राजनेताओं ने शोक जताया है. बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि उनके परिवार और उनके सभी चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदना. मायावती के अलावा सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने और यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी दुख जताया.
मायावती ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, बहुजन समाज पार्टी के कर्मठ, ईमानदार व पूरी तरह से वफादार बलिया की रसड़ा सीट से लोकप्रिय विधायक उमाशंकर सिंह की आज शाम लम्बी बीमारी की वजह से इलाज के दौरान देहान्त हो जाने की खबर अति-दुखद है. उनके परिवार और उनके सभी चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदना है. पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा की जितनी भी तारीफ की जाये वह कम है.
उन्होंने आगे लिखा, ‘उनका पूरा परिवार बी.एस.पी. परिवार की तरह है तथा उनके परिवार के सभी लोग मुझे बड़ी बहन की तरह ही पूरा आदर-सम्मान देते हैं. उनके पुत्र से लगातार सम्पर्क बने रहने के दौरान ही आज शाम उनके देहान्त की खबर उनके पुत्र से ही मिली. इस दुख की घड़ी में मैं व पूरी पार्टी उनके व उनके परिवार के साथ है तथा उन्हें किसी भी प्रकार से हिम्मत नहीं हारना है बल्कि इस परिस्थिति का सामना करते हुये आगे बढ़ना है. कुदरत उन सभी लोगों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे.
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘जनपद बलिया की रसड़ा विधानसभा से बसपा के मा. विधायक उमाशंकर सिंह के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. मेरी गहन संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. प्रभु श्रीराम जी दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों व उनके समर्थकों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें.’
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, ‘बलिया की रसड़ा विधानसभा से बसपा के विधायक श्री उमाशंकर सिंह जी का निधन, अत्यंत दुखद. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे. शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं.
मायावती के भजीते आकाश आनंद ने कहा, बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ साथी और उत्तर प्रदेश विधानसभा में पार्टी की सशक्त आवाज उमाशंकर सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है. उनका जाना केवल बसपा परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि समाज के वंचित, शोषित और जरूरतमंद लोगों के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है. बीमारी से संघर्ष करते हुए भी उन्होंने जिस साहस और समर्पण के साथ अपने लोगों और पार्टी के प्रति अपना दायित्व निभाया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा.