महाराष्ट्र में हिली धरती, नासिक और पालघर में महसूस किए गए भूकंप के तीन झटके
Raisina News Desk- अगस्त 11, 2026 08:47 AM IST

महाराष्ट्र में पालघर और नासिक में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. नासिक में भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.8 मापी गई. वहीं, पालघर में 3.2 और 3.4 तीव्रता के दो झटके महसूस किए गए. सबसे पहले नासिक में सोमवार की रात 9 बजकर 38 मिनट पर 2.8 तीव्रता का भूकंप आया. इसकी गहराई जमीन के 5 किलोमीटर अंदर थी. वहीं, पालघर में दो भूकंप के झटके रात 10 बजकर 4 मिनट पर और 11 बजे महसूस किए गए. इन दोनों की गहराई 5 किलोमीटर थी.
इससे पहले उत्तराखंड के उत्तरकाशी में रविवार और सोमवार की रात अलग-अलग हिस्सों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. भूकंप की तीव्रता 4.2 थी. भूकंप के झटके लगते ही लोग अपने घरों से निकलकर भाग निकले थे. गनीमत रही कि भूकंप से कहीं से किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई. उत्तरकाशी के जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की तरफ से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, तड़के एक बजकर 21 मिनट 34 सेकंड पर भूकंप आया था. जिसका केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई में बड़कोट तहसील के राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास रहा.
भूकंप के झटके उत्तरकाशी, बड़कोट, पुरोला, मोरी, चिन्यालीसौड़ और डुंडा समेत यमुना घाटी के कई क्षेत्रों में महसूस किए गए थे. रात के अंधेरे में अचानक घरों के हिलने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई थी. उत्तरकाशी के अलावा यमुना घाटी और गंगा घाटी के कई हिस्सों, जैसे पुरोला, मोरी, चिन्यालीसौड़, डुंडा और भटवाड़ी में भी लोगों को तेज झटके लगे थे. जबकि पड़ोसी जिले टिहरी गढ़वाल में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे. इसका केंद्र राजगढ़ी में जमीन से 10 फीट नीचे था.