दिल्ली के अस्पताल से बच्चा हुआ था चोरी, 1000 KM पीछा करने के बाद पुलिस की खोज एक मां पर जाकर रुकी

3 साल के बच्चे को पुलिस ने परिवार से मिलाया

NDTV

दिल्ली पुलिस ने बिहार के मुंगेर तक पीछा कर 3 साल के बच्चे को सही-सलामत ढूंढ निकाला है. गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल से चोरी हुआ बच्चा अब वापस अपने परिवार के पास है. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 6 बेटियों की मां ने बेटे की चाहत में अस्पताल से बच्चा चुराया था. दिल्ली के ख्याला इलाके से गायब हुए 3 साल के मासूम बच्चे को दिल्ली पुलिस ने बिहार के मुंगेर से सुरक्षित बरामद कर लिया है. 27 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल से दवा लेने आई महिला का बच्चा खेलते-खेलते गायब हो गया है.

सीसीटीवी में दिखा बच्चा चोरी

डीसीपी वेस्ट ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए ख्याला थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर विनोद कुमार की अगुवाई में टीम बनाई गई. पुलिस ने जब अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो एक अज्ञात महिला बच्चे को साथ ले जाती दिखी. आगे के कैमरों से पता चला कि महिला ई-रिक्शा में बैठकर मादीपुर गांव की तरफ गई है. 

जांच आगे बढ़ी तो महिला की पहचान 31 साल की चुनरी देवी के रूप में हुई, जो मादीपुर में किराए पर रहती थी. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह अपने गांव बिहार भाग चुकी थी. जिसके बाद  टेक्निकल सर्विलांस और लोकल इनपुट के आधार पर ख्याला पुलिस की टीम तुरंत बिहार के मुंगेर जिले के असनहा गांव पहुंची. वहां पुलिस ने रेड मारकर 3 साल के बच्चे को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया.

6 बेटियों की मां, मेडिकल दिक्कतों से अब नहीं बन पा रही थी मां 

पुलिस की पूछताछ में महिला ने बताया कि उसकी 6 बेटियां हैं और मेडिकल दिक्कतों की वजह से वह अब मां नहीं बन सकती थी. बेटे की चाहत में उसने अस्पताल से बच्चा चुराया था ताकि उसे अपना बेटा बनाकर पाल सके. पुलिस ने आरोपी महिला को जांच में शामिल कर लिया है. आरोपी महिला चुनरी देवी 31 साल की है और मूल रूप से बिहार के बांका जिला की रहने वाली है. दिल्ली पुलिस ने बच्चे को वापस दिल्ली लाकर उसके परिवार के हवाले कर दिया गया है.




पूरी स्टोरी पढ़ें





Prev Post
Next Post