इंडिया बनेगा सेमीकंडक्टर हब: PM मोदी ने ग्लोबल और इंडियन CEOs के साथ की मीटिंग
Raisina News Desk- सितंबर 17, 2026 02:26 AM IST

नई दिल्ली:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया की बड़ी सेमीकंडक्टर कंपनियों से भारत के उभरते सेमीकंडक्टर सेक्टर में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया है. बुधवार को ‘सेवा तीर्थ’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्लोबल और भारतीय सेमीकंडक्टर कंपनियों के प्रमुख CEOs के साथ एक सेमीकंडक्टर राउंडटेबल बैठक में भारत के टेक्नोलॉजी भविष्य को आकार देने में सरकार और सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री के बीच करीबी सहयोग के महत्व पर जोर दिया.
प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, बैठक में प्रधानमंत्री ने टैलेंट, टेक्नोलॉजी को अपनाने और इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में भारत की मजबूत नींव का जिक्र किया और स्किलिंग, इनोवेशन और AI और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी उभरती टेक्नोलॉजी में इंडस्ट्री की ज्यादा भागीदारी का आह्वान किया. AI में एक करोड़ लोगों को ट्रेनिंग देने के लक्ष्य का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत का टैलेंट पूल, ग्लोबल इंडस्ट्री लीडर्स के अनुभव और क्षमताओं के साथ मिलकर बड़े अवसर पैदा कर सकता है.
इस बैठक में सेमी, माइक्रॉन, इन्फीनियॉन, एप्लाइड मैटेरियल्स, एएसएमएल, मर्क, टोक्यो इलेक्ट्रान लिमिटेड, फूजीफिल्म, एएमडी, इंटेल, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, लैम रिसर्च, रैपिडस, एनएक्सपी, फॉक्सकॉन, सेमी कंडक्टर डिवाइसेज, एडवांटेस्ट, सेलेस्टा कैपिटल, सीजी पॉवर, आईबीएम रिसर्च सहित विभिन्न संस्थाओं के सीईओ, प्रमुख और प्रतिनिधि शामिल हुए.
प्रधानमंत्री ने इंडस्ट्री लीडर्स से बातचीत के दौरान भारत में एक भरोसेमंद और प्रतिक्रियाशील पॉलिसी माहौल तैयार करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया.
बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर ट्वीट कर कहा, ‘आज शाम CEOs के साथ सेमीकंडक्टर राउंडटेबल के दौरान, मैंने इन बातों पर जोर दिया: केंद्र की ओर से सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री को पूरा समर्थन. एक ऐसा पॉलिसी माहौल जो भरोसेमंद और तेजी से प्रतिक्रिया देने वाला हो. स्किलिंग, इनोवेशन और इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने पर लगातार ध्यान. उभरती हुई टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भारत को लीडर बनाने की हर कोशिश को आगे बढ़ाना.
During this evening’s Semiconductor Roundtable with CEOs, I emphasised:
Unequivocal support to the semiconductor industry from the Centre.
Predictable and responsive policy environment.
Continued focus on skilling, innovation and infrastructure upgradation.
Furthering…
— Narendra Modi (@narendramodi) September 16, 2026
साथ ही, पॉलिसी को तकनीकी प्रगति और इंडस्ट्री की जरूरत के हिसाब से तैयार करने के महत्व पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने इंडस्ट्री लीडर्स को पॉलिसी और प्रशासनिक उपायों पर सुझाव देने के लिए आमंत्रित किया. उन्होंने कहा कि इस सेक्टर को और मजबूत बनाने में उनके सुझावों पर उचित विचार किया जाएगा.
राउंडटेबल बैठक में भाग लेने पहुंचे CEOs ने भारत में सेमीकंडक्टर सेक्टर को विकसित और उसका विस्तार करने के लिए सरकार की कोशिश की सराहना की और मैन्युफैक्चरिंग, डिजाइन, इंफ्रास्ट्रक्चर और टैलेंट डेवलपमेंट में हुई प्रगति का जिक्र किया.
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, ‘इंडस्ट्री लीडर्स ने इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (ISM) 2.0 के तहत उभर रहे अवसरों और मैन्युफैक्चरिंग, अनुसंधान एवं विकास, उन्नत प्रौद्योगिकी तथा सहायक उद्योगों सहित सेमीकंडक्टर मूल्य श्रृंखला में क्षमताएं विकसित करने के भारत के सामर्थ्य पर भरोसा जताया.’
उन्होंने ग्लोबल स्तर पर भारत को एक प्रतिस्पर्धी सेमीकंडक्टर और टेक्नोलॉजी हब के रूप में उभरने में अपना योगदान देने के प्रति प्रतिबद्धता भी जताई.
ये वीडियो देखेंः PM मोदी के जन्मदिन पर शाम 6 से 7 बजे के बीच जलाएं दीया, BJP अध्यक्ष की लोगों से अपील