गुरदासपुर से लेकर फिरोजपुर तक… किन मांगों को लेकर 'रेल रोको' आंदोलन कर रहे किसान?
Raisina News Desk- सितंबर 18, 2026 06:35 AM IST

अमृतसर:
किसान एक बार फिर आंदोलन कर रहे हैं. इस बार सड़कों पर नहीं, बल्कि रेल की पटरियों पर आंदोलन हो रहा है. गुरुवार को पंजाब में किसानों ने कई जगहों पर रेलवे ट्रैक पर कब्जा कर लिया. इस कारण कई ट्रेनें प्रभावित हुईं.
किसानों ने अपनी मांगों को लेकर गुरुवार दोपहर 12 बजे तक का अल्टीमेटम दिया था. जब 12 बजे के बाद भी मांगें नहीं मानी गईं तो उन्होंने रेलवे पटरियों पर धरना दे दिया.
पूरे पंजाब में यह ‘रेल रोको’ आंदोलन किसान मजदूर मोर्चा के बैनर के तहत हो रहा है. अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर किसानों और खेतीहर मजदूरों ने कई जगहों पर रेलवे ट्रैक पर कब्जा कर लिया, जिससे ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा.
किसानों के ‘रेल रोको’ आंदोलन का असर पंजाब के कई हिस्सों में दिखाई पड़ा. अमृतसर में प्रदर्शनकारी किसानों ने देवीदासपुरा में धरना दिया, जबकि ब्यास रेलवे स्टेशन पर शताब्दी एक्सप्रेस को रोक दिया गया.
इसके अलावा गुरदासपुर, मोगा, फिरोजपुर और संगरूर में भी ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुईं, जहां प्रदर्शनकारी अलग-अलग जगहों पर पटरियों पर बैठ गए थे.
फिरोजपुर में किसान मजदूर संघर्ष समिति ने मालावाला रेलवे स्टेशन पर फिरोजपुर-जालंधर रेलवे लाइन को ब्लॉक कर दिया.
यह भी पढ़ेंः किसान और सिख कैसे होंगे राजी, भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराज़गी, अकाली-भाजपा गठबंधन की राह में कौन से 5 रोड़े?
किसान लंबे समय से आंदोलन करने की धमकी दे रहे हैं. उनका आरोप है कि सरकार उनकी मांगों को नजरअंदाज कर रही है.
रेल रोकने का मकसद सरकार पर दबाव बनाना है. किसान मजदूर संघर्ष समिति की पंजाब यूनिट के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सभरा ने कहा कि इस आंदोलन का मकसद केंद्र और पंजाब सरकार पर किसानों और मजदूरों से जुड़े मुद्दों को हल करने के लिए दबाव बनाना था.
किसानों को मनाने के लिए प्रशासन ने किसानों से बातचीत शुरू कर दी है. अमृतसर में किसान नेता सरवन सिंह पंढेर, किसान प्रतिनिधियों, आईजी बॉर्डर रेंज और डिप्टी कमिश्नर के बीच बातचीत हुई.