मुंबई के फाइव स्टार होटल में खाने के टेबल पर मिला कॉकरोच, मशहूर डॉक्टर अशोक सेठ ने सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो

रायसीना न्यूज़ का सामान्य समाचार ग्राफिक

मुंबई:

मुंबई के लग्जरी फाइव स्टार होटल JW Marriott से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. मशहूर कार्डियोलॉजिस्ट और फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट के चेयरमैन डॉ. अशोक सेठ होटल में डिनर के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने खाने की टेबल से शूट किया हुआ एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. इसमें देखा जा सकता है कि रेस्टोरेंट में खाने की टेबल पर कॉकरोच टहल रहा है. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा, जिसके बाद इसकी चर्चा होने लगी.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, डॉ. अशोक सेठ ने शनिवार रात सहार स्थित JW Marriott के Romano रेस्टोरेंट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. वीडियो में डिनर टेबल पर एक छोटा कॉकरोच घूमता हुआ नजर आ रहा है.

वीडियो के साथ डॉ. सेठ ने लिखा, “देखिए डिनर पर अनचाहा मेहमान कौन आया. ‘Roachie’ एक छोटा कॉकरोच हमारी टेबल पर हमारा डिनर शेयर करना चाहता था. हमारे समझाने के बावजूद ‘Roachie’ जाने को तैयार नहीं था. शायद उसे पिज्जा नहीं, पास्ता नहीं चाहिए था. लेकिन उसने सच में हमारी भूख ही खत्म कर दी. हम चले गए.”  उन्होंने आगे लिखा कि शुक्र है हम मिस्टर मुंढे (तुकाराम मुंढे) के इलाके में हैं और वो शायद इस मामले को भी देखेंगे.

डॉ. अशोक सेठ का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. उन्होंने अपने पोस्ट में आईएएस अफसर तुकाराम मुंढे, FSSAI और JW Marriott को भी टैग किया. 

डॉ सेठ ने इसे देश के लिए बताया शर्मनाक 

इस घटना पर एनडीटीवी से बातचीत करते हुए डॉ सेठ ने कहा कि ये गंभीर मामला है. उन्होंने हाइजीन से समझौता करने के लिए JW Marriott होटल की आलोचना की. उन्होंने कहा कि मैंने अपने टेबल पर कॉकरोच देखा. मुझे पक्का यकीन है कि ये किचेन में भी होंगे. इससे साफ पता चलता है कि  JW Marriott होटल हाइजीन को लेकर कैसे चलताऊ रवैया अपना रहा है. उन्होंने कहा कि मैं विदेशी डेलीगेट के साथ डिनर करने गया था. डॉ सेठ ने कहा कि ये देश के लिए शर्मनाक स्थिति है. उन्होंने कहा कि ये फाइव स्टार होटल है. वो खाने के लिए ढेर सारा पैसा चार्ज करते हैं. उन्हें इसे बेहतर करने की जरूरत है. 

डॉ. अशोक सेठ देश के सबसे प्रतिष्ठित हार्ट स्पेशलिस्ट में से एक हैं. उनके इस पोस्ट के बाद फाइव स्टार होटल में फूड हाइजीन और सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. मामले को लेकर होटल मैनेजमेंट की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

हालांकि, Marriott Bonvoy Assist नाम के हैंडल से इस पोस्ट पर रिप्लाई आया, जिसमें जानकारी साझा करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया गया. इसके साथ रिप्लाई में लिखा गया, “हम इस मामले को गंभीरता से लेते हैं. हम इसकी जांच करना चाहेंगे. क्या आप कृपया हमें अपना First Name, Last Name और कन्फर्मेशन नंबर DM कर सकते हैं?



Prev Post
Next Post