24000 फीट की ऊंचाई पर आई खराबी, लंदन से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट ने मारा यूटर्न, 250 यात्रियों की अटकी सांस
Raisina News Desk- सितंबर 23, 2026 05:33 PM IST
लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इंडिगो की फ्लाइट में तकनीकी खराबी सामने आने से हड़कंप मच गया. दिल्ली आ रही फ्लाइट 6E4 के पायलटों ने हालात को देखते हुए विमान को वापस लंदन ले जाने का फैसला किया. विमान में 250 से ज्यादा यात्री सवार बताए जा रहे हैं. इमरजेंसी घोषित होने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग की अनुमति दी. राहत की बात यह रही कि विमान सुरक्षित हीथ्रो एयरपोर्ट पर उतर गया और सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए.
यह घटना मंगलवार रात यानी 22 सितंबर की है, जब इंडिगो की फ्लाइट 6E4 ने लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी. यह उड़ान बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर से संचालित हो रही थी. विमान ने करीब 8:05 बजे ब्रिटिश समर टाइम के अनुसार रनवे 27R से उड़ान भरी. उड़ान भरने के बाद विमान ने इंग्लिश चैनल की तरफ बढ़ना शुरू किया, लेकिन कुछ समय बाद क्रू ने चढ़ाई रोक दी. फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान करीब 24 हजार फीट की ऊंचाई पर पहुंचने के बाद आगे नहीं बढ़ा.
इसी दौरान विमान के चालक दल ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इमर्जेंसी की सूचना दी. फ्लाइट ट्रैकिंग से जुड़ी रिपोर्टों के अनुसार विमान ने सामान्य आपात स्थिति के लिए इस्तेमाल होने वाला 7700 ट्रांसपोंडर कोड भी सक्रिय किया. इसका मतलब होता है कि विमान को तत्काल प्राथमिकता वाली हैंडलिंग की जरूरत है. इसके बाद विमान ने दिल्ली की तरफ बढ़ने के बजाय वापस लंदन की ओर रुख कर लिया.
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक 6E4 करीब 78 मिनट तक हवा में रहने के बाद वापस हीथ्रो पहुंची. विमान ने हीथ्रो के रनवे 27L पर लैंडिंग की और इसके बाद उसे एक रिमोट स्टैंड पर ले जाया गया. उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए एयरपोर्ट पर जरूरी आपात व्यवस्थाएं भी सक्रिय थीं.
इंडिगो ने बाद में साफ किया कि विमान में तकनीकी समस्या सामने आने के बाद पायलटों ने तय मानक प्रक्रिया के तहत वापस लौटने का फैसला किया. एयरलाइन के मुताबिक विमान सुरक्षित तरीके से लंदन हीथ्रो पर उतरा और फिलहाल उसकी तकनीकी जांच की जा रही है. जरूरी जांच और सभी आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद ही विमान को दोबारा सेवा में लगाया जाएगा.
इंडिगो ने घटना पर बयान जारी करते हुए कहा कि 22 सितंबर को लंदन से नई दिल्ली के लिए संचालित उड़ान 6E04 में टेकऑफ के तुरंत बाद तकनीकी समस्या का पता चला. मानक संचालन प्रक्रिया के तहत पायलटों ने वापस लौटने का फैसला किया और विमान को सुरक्षित रूप से लंदन हीथ्रो एयरपोर्ट पर उतार लिया गया.
एयरलाइन ने कहा कि विमान फिलहाल रखरखाव और तकनीकी जांच से गुजर रहा है. सभी जरूरी मंजूरियां मिलने के बाद ही इसकी उड़ान दोबारा शुरू होगी. इंडिगो ने यात्रियों को हुई असुविधा को कम करने के लिए होटल की व्यवस्था और अगली उपलब्ध उड़ानों में यात्रियों को समायोजित करने की बात भी कही है.
एयरलाइन के मुताबिक यात्रियों, चालक दल और विमान की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
विमान के वापस लौटने के बाद यात्रियों की दिल्ली यात्रा प्रभावित हुई. इंडिगो ने कहा कि यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है. जरूरत के मुताबिक होटल में ठहराने और अगली उपलब्ध उड़ानों में उन्हें भेजने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि उनकी यात्रा को जल्द से जल्द पूरा कराया जा सके.
फ्लाइट 6E4 आम तौर पर लंदन हीथ्रो से दिल्ली के लिए लंबी दूरी की उड़ान संचालित करती है. उपलब्ध फ्लाइट रिकॉर्ड में 22 सितंबर की इस उड़ान की स्थिति ‘Diverted to LHR’ दर्ज है. विमान की पहचान बोइंग 787-9 के तौर पर हुई है.