SIR को लेकर जयराम रमेश का फिर CEC-PM पर हमला, बोले- 'Form 6 में गैरकानूनी…'
Raisina News Desk- अक्टूबर 23, 2026 07:42 AM IST
कांग्रेस के महासचिव और राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने एक बार फिर SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त मामले में भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा है कि “वोट चोरी अब एक साबित हो चुकी सच्चाई है.ECI के अपने आंकड़ों के मुताबिक, 10 करोड़ से अधिक भारतीयों के वोट देने के संवैधानिक अधिकार पर खतरा मंडरा रहा है.”
जयराम ने कहा है कि “ECI ने नए मतदाताओं के लिए बाधाएं खड़ी करने के उद्देश्य से Form 6 में गैरकानूनी बदलाव किए. साथ ही, मतदाताओं के नाम चुन-चुनकर हटाने के लिए Form 7 के बड़े पैमाने पर दुरुपयोग को भी बढ़ावा दिया है.
मतदाता सूची पर केन्द्रीय नियंत्रण
कांग्रेस के सांसद ने कहा कि “CEC ने ECINet का इस्तेमाल करके मतदाता सूची पर नियंत्रण को केंद्रीकृत कर दिया है और इस दौरान सभी कानूनी सुरक्षा प्रावधानों को दरकिनार किया है. पूरा देश आक्रोशित है. जनता में भारी गुस्सा है. दमन के बावजूद विरोध प्रदर्शन जारी हैं.”
असल मुद्दों से हटा रहे ध्यान
जयराम रमेश ने कहा कि “प्रधानमंत्री का पूरा तंत्र अब हताशा और घबराहट में लोगों का ध्यान भटकाने और असल मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रहा है. इसके लिए वह वही कर रहा है जो उसके DNA में है-झूठ फैलाना. लेकिन वह इसमें सफल नहीं होगा. PM-HM की जोड़ी पूरी तरह एक्सपोज हो चुकी है और देश की जनता उन्हें जवाबदेह ठहराएगी.”
भाटिया ने किया कांग्रेस पर हमला
इससे पहले, आज सुबह गौरव भाटिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला था. जयराम का यह पोस्ट गौरव भाटिया की प्रतिक्रिया में आया है. गौरव भाटिया ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा था कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी का तार फ्रांस और अल्बानिया में हो रही अराजकता से है. राहुल गांधी और संजय राउत अल्बानिया में हुई हिंसा से प्रेरित होकर भारत में भी वैसे ही लोकतंत्र की हत्या करना चाहते हैं. उन्होंने उनका संबंध जॉर्ज सोरोस और यूरोपीय अराजक समूहों बताया था.