25 दिन में पलट गई पूरी कहानी… UDR का केस कैसे हत्या में बदला? विधवा पत्नी पहुंच गई जेल
Raisina News Desk- नवंबर 09, 2026 04:23 PM IST
नई दिल्ली. बेंगलुरु में एक व्यक्ति की मौत को पहले हार्ट अटैक बताया गया लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले की कहानी बदल दी. जिस मौत को पुलिस ने शुरुआत में अप्राकृतिक मौत (UDR) का मामला मानकर दर्ज किया था, वह जांच के बाद हत्या में बदल गई. पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि दोनों ने मिलकर उपेंद्र की हत्या की और फिर इसे हादसा दिखाने की कोशिश की.
मृतक की पहचान 41 वर्षीय उपेंद्र के रूप में हुई है. गिरफ्तार आरोपियों में उसकी पत्नी अनिता (36) और मधुसूदन रेड्डी (46) शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, उपेंद्र को पत्नी और मधुसूदन रेड्डी के रिश्ते के बारे में पता चल गया था. उसने दोनों को यह रिश्ता खत्म करने की चेतावनी भी दी थी. पुलिस का आरोप है कि इसी बात को लेकर दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई.
बाथरूम में गिरने और हार्ट अटैक की बताई गई थी कहानी
पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर 2026 को उपेंद्र के भाई ने शिकायत दर्ज कराई थी. उसने बताया कि उपेंद्र बाथरूम जाते समय फिसलकर गिर गया था. इसके बाद उसे कार्डियक अरेस्ट आया और उसकी मौत हो गई. शुरुआत में पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर अप्राकृतिक मौत यानी UDR का मामला दर्ज किया. उस समय परिवार की ओर से बताई गई कहानी के मुताबिक, उपेंद्र की मौत एक हादसे के कारण हुई थी. लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस को शक हुआ. रिपोर्ट में सामने आया कि उपेंद्र की मौत हार्ट अटैक से नहीं, बल्कि दम घुटने के कारण हुई थी. इसके बाद पुलिस ने मामले की नए सिरे से जांच शुरू कर दी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला मौत का राज
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने उपेंद्र की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को पत्नी अनिता और मधुसूदन रेड्डी के रिश्ते के बारे में जानकारी मिली. पूछताछ में मधुसूदन रेड्डी ने अनिता के साथ अपने संबंध होने की बात स्वीकार की. पुलिस के अनुसार, उपेंद्र को भी इस रिश्ते की जानकारी हो गई थी. उसने दोनों को चेतावनी दी थी कि वे अपना रिश्ता खत्म कर दें. पुलिस का दावा है कि उपेंद्र उनके रिश्ते में रुकावट बन रहा था. इसी वजह से दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रची.
गला घोंटकर हत्या करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर की तड़के उपेंद्र की हत्या कर दी गई. आरोप है कि अनिता और मधुसूदन रेड्डी ने मिलकर उसका गला दबाया और नाक-मुंह बंद करके दम घोंट दिया. इसके बाद दोनों ने मौत को सामान्य हादसा दिखाने की कोशिश की. उन्होंने कथित तौर पर यह कहानी बनाई कि उपेंद्र बाथरूम जाते समय फिसलकर गिर गया था और हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई. इस कहानी के जरिए परिवार के दूसरे सदस्यों और आसपास के लोगों को गुमराह करने की कोशिश की गई.
6 नवंबर को पत्नी अनिता भी गिरफ्तार
पुलिस ने पहले मधुसूदन रेड्डी से पूछताछ की. उसके बयान और जांच में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 6 नवंबर 2026 को डोड्डाथोगुरु स्थित उसके घर से अनिता को हिरासत में लिया. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान अनिता ने भी हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की. इसके बाद पुलिस ने पहले दर्ज UDR के मामले को हत्या के केस में बदल दिया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
UDR केस क्या होता है?
UDR यानी अननेचुरल डेथ रिपोर्ट जब किसी व्यक्ति की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में होती है और शुरुआती तौर पर यह स्पष्ट नहीं होता कि मौत हादसे, आत्महत्या या किसी अपराध के कारण हुई है, तो पुलिस अप्राकृतिक मौत की रिपोर्ट दर्ज कर जांच करती है. इस मामले में भी शुरुआत में उपेंद्र की मौत को बाथरूम में गिरने और हार्ट अटैक से जुड़ा बताया गया था. लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने की बात सामने आने के बाद जांच की दिशा बदल गई. पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए आगे की कार्रवाई की.