'अब अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा', ओवैसी का सपा पर निशाना, चंद्रशेखर आजाद को बताया यूपी का CM फेस
Raisina News Desk- नवंबर 13, 2026 01:00 AM IST
उत्तर प्रदेश में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टी के बीच हुए गठबंधन के बाद राजनीति गरमाई हुई है. दोनों ने साथ मिलकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का गठन किया है. ओवैसी ने इस नए मोर्चे की ओर से चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है. उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच लंबे समय से बातचीत चल रही थी और अब यह गठबंधन राज्य में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभर रहा है.
ओवैसी ने कहा, ‘अन्य राजनीतिक दल बीजेपी को रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं, जिसे यूपी की जनता ने 2014, 2017, 2019, 2022 और 2024 के चुनावों में देखा है. ऐसे में यह नया मोर्चा जनता की समस्याओं को हल करने के लिए पूरी ताकत से काम करेगा. हमारा टारगेट उत्तर प्रदेश की बदहाल होती शिक्षा व्यवस्था को बचाना और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करना है, ताकि बेरोजगारी उनकी नियति न बन जाए.’ उन्होंने अस्पतालों और स्कूलों की स्थिति में सुधार करने तथा किसानों के लिए यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित करने जैसे बुनियादी मुद्दों को उठाने की बात कही.
चंद्रशेखर आजाद को बताया यूपी का CM फेस
सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘कौन रोक रहा है आपको? मैं कह रहा हूं, कह रहा हूं, कह रहा हूं… आप तो इतने साल मुख्यमंत्री थे, 2017 में आपका खत्म हुआ. आप मुस्लिम मुख्यमंत्री की बात कर रहे हैं, देखिए, पचास से ज्यादा लोग बेघर हो गए, आप क्या बात करेंगे? ये जो हमारा आज हुआ है, ये पूरे मान-सम्मान के साथ लीडरशिप बनाने के लिए,उत्तर प्रदेश को एक स्ट्रॉन्ग पॉलिटिकल विकल्प देने के लिए हम सब ने मिलकर ये बनाया है और चंद्रशेखर साहब को हमने अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया है.’
सपा पर ओवैसी ने निशाना साधा
असदुद्दीन ओवैसी ने मुस्लिमों का जिक्र करते हुए कहा, ‘ये आगे बढ़ेगा, इंशा अल्लाह ताला. इनको परेशानी शुरू हो चुकी है, इसलिए सब इस तरह की बहकी-बहकी बातें कर रहे हैं. बीजेपी भूल गई, कौन जिन्ना की मजार पर जाकर… किसकी किताब को आपने बैन किया था, अभी ये बताएं? फिर उन्हीं को आपने क्या दिया? वो कह रहे हैं कि अब्दुल दरी बिछाएगा. आप बोले थे ना पहले दिन, आपने उनको जगह नहीं दी. कौन रोका तुमको, बनाओ. तुम्हारी पार्टी में जितने दरी बिछाने वाले हैं, तुम उनको दरी बिछाओगे. हमारे यहां दरी नहीं बिछाएगा, वो नेता बनेगा और तुम्हारी आंख में आंख डालकर अपने मुस्तकबिल के फैसले खुद तय करेगा.