Aaj Ka Mausam 14 November: समंदर में जाग रहा एक और कुंभकरण, 48 घंटे बाद होगा और विकराल, IMD ने किया अलर्ट
Raisina News Desk- नवंबर 14, 2026 06:12 AM IST
Aaj Ka Mausam 14 November: चक्रवाती तूफान अर्नब और मुरासु के गए अभी ज्यादा दिन नहीं बीते हैं. अब पहाड़-मैदान से लेकर समंदर तक में नया वेदर सिस्टम एक्टिव हो रहा है. हिमालय क्षेत्र में एक्टिव हुए पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव जम्मू-कश्मीर से लेकर पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में भी देखने को मिल रहा है. कश्मीर के घाटी वाले इलाके में बारिश के साथ बर्फबारी का दौर जारी है. वहीं, दिल्ली और आसपास के इलाकों में आसमान में बादलों के आने-जाने का सिलसिला चल रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बनने की बात कही है. IMD के विज्ञानियों का कहना है कि फिलहाल यह सिस्टम लो प्रेशर एरिया के तौर पर एक्टिव है, जो आने वाले कुछ घंटों में डिप्रेशन में तब्दील हो जाएगा. उसके बाद 16 नवंबर 2026 तक इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है. बता दें कि कुछ सप्ताह पहले ताबड़तोड़ दो चक्रवाती तूफानों ने तटवर्ती इलाकों में खूब तबाही मचाई थी. अब एक और खतरा मंडराने लगा है.
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर चक्रवाती तूफान का खतरा मंडराने लगा है. दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के बाद आईएमडी ने इसके धीरे-धीरे ताकतवर होने और चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका जताई है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, यह मौसमी सिस्टम 14 नवंबर को वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया और 15 नवंबर को डिप्रेशन में बदल सकता है. इसके बाद उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 16 नवंबर की शाम तक मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है. इस मौसमी गतिविधि का असर देश के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है. खासकर अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है. वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में 15 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित कई राज्यों में बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
16 नवंबर को चक्रवाती तूफान में बदल सकता है नया सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है. 15 नवंबर को इसी क्षेत्र में डिप्रेशन बनने का अनुमान है. मौसम प्रणाली के उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने के साथ इसकी तीव्रता और बढ़ सकती है. 16 नवंबर की शाम तक इसके मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना जताई गई है. इस सिस्टम के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है. मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है. अंडमान सागर, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में 17 नवंबर तक समुद्री गतिविधियों से बचने की चेतावनी जारी की गई है. इसके अलावा 15 से 17 नवंबर के दौरान दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में भी मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.
10 प्वाइंट में जानें मौसम का पूरा हाल
उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ लाएगा बदलाव
उत्तर-पश्चिम भारत में 15 नवंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में काफी व्यापक स्तर पर बारिश होने का पूर्वानुमान है. 14 और 15 नवंबर को यहां कुछ स्थानों पर बारिश जारी रह सकती है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 15 नवंबर तक छिटपुट बारिश होने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में गरज-चमक और बिजली गिरने का भी अलर्ट है. वहीं, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के इलाकों में 14 नवंबर को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की संभावना है.
दिल्ली और पंजाब-हरियाणा में हो सकती है बारिश
हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 14 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 और 15 नवंबर तथा पूर्वी राजस्थान में 15 नवंबर को छिटपुट बारिश का अनुमान है. पश्चिमी राजस्थान में 14 और 15 नवंबर को गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम, मध्य और पूर्वोत्तर भारत में फिलहाल अगले एक सप्ताह के दौरान किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है. हालांकि, बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रही मौसमी प्रणाली और उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल सकता है.
लगातार बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 19 नवंबर तक काफी व्यापक स्तर पर बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग ने 16 नवंबर तक द्वीप समूह के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है. इसके साथ ही 17 नवंबर तक गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है. 18 और 19 नवंबर को भी तेज हवाएं चल सकती हैं, हालांकि इनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की संभावना है.
ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी बदलेगा मौसम
पूर्वी भारत में भी अगले सप्ताह बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है. गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 18 और 19 नवंबर को अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है. ओडिशा में इन दोनों दिनों के दौरान भारी बारिश की भी आशंका है. पश्चिम बंगाल में 19 नवंबर को गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है.
तमिलनाडु और केरल में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी
दक्षिण भारत के राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 14 नवंबर के अलावा 16 से 19 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, 15 नवंबर को इन इलाकों में काफी व्यापक स्तर पर बारिश होने की संभावना है. केरल और माहे में 15 नवंबर तक छिटपुट से लेकर कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. इसके बाद 16 से 19 नवंबर के दौरान यहां व्यापक स्तर पर बारिश का अनुमान है. लक्षद्वीप में 19 नवंबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के साथ रायलसीमा में 14 से 19 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 18 और 19 नवंबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है. ऐसे में समुद्र तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों और मछुआरों को मौसम विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.