बिमल अकोइजम और हरक सिंह के बहाने बांसुरी स्वराज ने कांग्रेस को घेरा; राहुल-प्रियंका से मांगा जवाब

बिमल अकोइजम और हरक सिंह के बहाने बांसुरी स्वराज ने कांग्रेस को घेरा; राहुल-प्रियंका से मांगा जवाब

बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने बिमल अकोइजम और हरक सिंह रावत से जुड़े मामलों को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला है. उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से पूछा कि महिला सम्मान की बात करने वाली पार्टी अपने नेताओं पर लगे आरोपों के मामलों में चुप क्यों है? बांसुरी ने दावा किया कि जेएनयू की 11 छात्राओं ने बिमल अकोइजम पर गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने हरक सिंह रावत पर एक महिला की ओर से लगाए गए आरोप और DNA टेस्ट की मांग का भी जिक्र किया. NSUI के एक पदाधिकारी पर भी उन्होंने गंभीर आरोप लगाए.

बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने महिला सम्मान के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से सीधे सवाल पूछे हैं. उन्होंने मणिपुर के कांग्रेस सांसद बिमल अकोइजम और उत्तराखंड के नेता हरक सिंह रावत से जुड़े मामलों का हवाला देकर पार्टी के रवैये पर सवाल उठाया. बांसुरी का आरोप है कि कांग्रेस एक तरफ महिलाओं के अधिकार और सम्मान की बात करती है लेकिन जब आरोप अपने नेताओं पर लगते हैं तो उसका नेतृत्व चुप्पी साध लेता है. उन्होंने प्रियंका गांधी के चर्चित नारे ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का जिक्र करते हुए पूछा कि क्या यह सिद्धांत कांग्रेस के अपने नेताओं पर भी लागू होता है? बीजेपी सांसद ने कहा कि आने वाले चुनावों में महिला मतदाता कांग्रेस से इन मामलों पर जवाब मांगेंगी.

न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के अनुसार बांसुरी स्वराज ने दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में तीन अलग-अलग मामलों को उठाया. पहला मामला बिमल अकोइजम से जुड़ा था. उन्होंने दावा किया कि जेएनयू की 11 छात्राओं ने उन पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे और अनुशासनात्मक कार्रवाई में उन्हें दोषी पाया गया था. दूसरा मामला हरक सिंह रावत से जुड़ा था. बांसुरी के मुताबिक असम की एक महिला ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और DNA टेस्ट की मांग की है. इसके अलावा उन्होंने NSUI के एक पदाधिकारी पर युवतियों को प्रलोभन देकर अहमदाबाद ले जाने की कोशिश करने का आरोप लगाया. बीजेपी सांसद ने इन तीनों मामलों को कांग्रेस की कथित दोहरी नीति से जोड़ते हुए पार्टी नेतृत्व की जवाबदेही मांगी. इन आरोपों पर संबंधित नेताओं और कांग्रेस की प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है.

बिमल अकोइजम को चुनाव समितियों में जिम्मेदारी देने पर सवाल

बांसुरी स्वराज ने मणिपुर के कांग्रेस सांसद बिमल अकोइजम को लेकर कहा कि जेएनयू की 11 छात्राओं ने उन पर गंभीर आरोप लगाए थे. उनके मुताबिक मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई हुई और जांच में उन्हें दोषी पाया गया. बांसुरी ने दावा किया कि इसके बाद उन्हें नौकरी से बर्खास्त किया गया और बिमल अकोइजम को हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा.

बीजेपी सांसद ने सवाल उठाया कि ऐसे आरोपों के बावजूद कांग्रेस ने उन्हें मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव समिति, प्रचार समिति और घोषणा पत्र समिति का सह-अध्यक्ष बनाया है. उन्होंने कहा, ‘घोषणा पत्र समिति का अर्थ है कि वह कांग्रेस पार्टी के संकल्प पत्र के शिल्पकार के रूप में भूमिका निभाएंगे. यानी वह कांग्रेस पार्टी की दिशा तय करेंगे. जब दिशा इतनी गलत हो तो स्वाभाविक है कि दशा में दुर्गति निश्चित है.’

हरक सिंह रावत के मामले में DNA टेस्ट का मुद्दा उठाया

बांसुरी ने उत्तराखंड के नेता हरक सिंह रावत को चुनाव समिति का अध्यक्ष बनाए जाने पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उन्हें यह जिम्मेदारी दी है जबकि असम की एक महिला ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और DNA टेस्ट की मांग भी की है. बांसुरी के मुताबिक यह मामला एक महिला पुलिसकर्मी को सौंपा गया है. उन्होंने कहा कि इन मामलों में सबसे अहम बात कांग्रेस और राहुल गांधी की चुप्पी है. बांसुरी ने आरोप लगाया कि पार्टी अपने नेताओं से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय नहीं करती.

प्रियंका गांधी के नारे पर पूछा सवाल

बीजेपी सांसद ने प्रियंका गांधी के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ नारे का जिक्र करते हुए कहा, ‘प्रियंका जी बहुत दमदार तरीके से कहती हैं कि लड़की हूं, लड़ सकती हूं. मैं पूछना चाहती हूं कि बात जब आप ही के दल के नेताओं की होती है तो क्या वहां भी आप महिला सम्मान के लिए डटी हुई हैं या नहीं?’ उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में खासकर महिला मतदाता कांग्रेस से जवाब मांगेंगी और पार्टी को उसके हर महिला विरोधी रुख के लिए जिम्मेदार ठहराएंगी.

NSUI पदाधिकारी पर युवतियों को प्रलोभन देने का आरोप

बांसुरी स्वराज ने NSUI के एक पदाधिकारी से जुड़े कथित मामले का भी जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि वह युवतियों को कॉन्सर्ट की टिकट और उपहार देने का लालच देकर अपने प्रभाव में लेने की कोशिश कर रहा था. बीजेपी सांसद के मुताबिक युवतियों को अहमदाबाद ले जाने की भी कोशिश की गई. उन्होंने इस मामले पर राहुल गांधी की चुप्पी को लेकर सवाल उठाया. बांसुरी ने कहा कि NSUI कांग्रेस का छात्र संगठन है और ऐसे मामले पर पार्टी नेतृत्व को जवाब देना चाहिए. उन्होंने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी की नैतिकता उसके नारों तक सीमित रह गई है.

Prev Post
Next Post