जगन ने कांग्रेस छोड़ी तो सही, मैंने पार्टी बनाई तो गद्दार कैसे? विजयसाई रेड्डी का हमला, बीजेपी के लिए क्या बोले
Raisina News Desk- नवंबर 25, 2026 11:41 PM IST
विजयसाई रेड्डी का जगन मोहन पर निशाना
Image Credit source: TV9
आंध्र प्रदेश की राजनीति में नई पार्टी के साथ उतरे विजयसाई रेड्डी ने अपनी पुरानी पार्टी YSRCP और जगन मोहन रेड्डी पर तीखा हमला बोला है. पूर्व राज्यसभा सांसद ने अपने ऊपर लगे बैकस्टैबिंग यानी पीठ में छुरा घोंपने के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि धोखा उन्होंने नहीं, बल्कि जगन मोहन रेड्डी ने दिया था. इतना ही नहीं, अपनी नई पार्टी की राष्ट्रीय राजनीतिक दिशा स्पष्ट करते हुए उन्होंने बीजेपी के साथ नजदीकी का भी खुलकर इजहार किया.
11 नवंबर को परिवर्तन राजनीति पार्टी (PRP) के लांच के बाद विजयसाई रेड्डी ने कहा कि वह जगन मोहन रेड्डी के परिवार से करीब 40 साल तक जुड़े रहे. मुश्किल वक्त में जगन के साथ जेल में भी रहे. YSRCP में उन्हें जो पद और सम्मान मिला, वह किसी की मेहरबानी या इनाम नहीं था, बल्कि उनके त्याग, मेहनत और योगदान का परिणाम था. अपने इस्तीफे की वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि जब उनके आत्मसम्मान को चोट पहुंची तो उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता और पार्टी दोनों छोड़ दीं. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर जगन मोहन रेड्डी ने कांग्रेस से अलग होकर अपनी पार्टी बनाई थी, तो उनके ऐसा करने पर उन्हें बैकस्टैबर क्यों कहा जा रहा है?
सोनिया गांधी की हालिया रिलीज किताब के आधार पर विजयसाई रेड्डी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जब जगन मोहन रेड्डी को मुख्यमंत्री नहीं बनाया तो उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी और अपनी अलग राजनीतिक राह चुनी. रेड्डी ने कहा कि जो जगनमोहन ने तब किया वही जब मैंने किया तो मैं पीठ मे छुरा घोंपने वाला कैसे हो गया? रेड्डी ने कहा कि मैं पीठ में छुरा घोंपने वाला व्यक्ति नहीं हूं, जगन मोहन रेड्डी खुद पीठ में छुरा घोंपने वाले व्यक्ति हैं.
नई पार्टी की लॉन्चिंग के बाद दिल्ली में अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में विजयसाई रेड्डी ने बीजेपी से अपनी राजनीतिक नजदीकी को लेकर भी कोई पर्दा नहीं रखा. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर उनकी पार्टी उन दलों के साथ खड़ी होगी जो राष्ट्रवादी और देशभक्त हैं. उन्होंने साफ कहा, आप कह सकते हैं कि हम राष्ट्रीय स्तर पर बीजेपी के करीब हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परिवर्तन राजनीति पार्टी आंध्र प्रदेश में किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन या अटैचमेंट नहीं करेगी. उनका दावा है कि राज्य को TDP और YSRCP से बाहर निकालने के लिए तीसरे विकल्प की जरूरत है.
विजयसाई रेड्डी ने आंध्र प्रदेश की राजनीति को दो राजनीतिक परिवारों के इर्द-गिर्द केंद्रित बताते हुए परिवारवाद पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी बिना विरासत की राजनीति के आगे बढ़ सकती है तो आंध्र प्रदेश के क्षेत्रीय दल परिवारवाद छोड़कर आगे क्यों नहीं बढ़ सकते?
धर्मांतरण के मुद्दे पर भी विजयसाई रेड्डी ने सख्त रुख अपनाया. विजय साई रेड्डी ने इशारा करते हुए कहा कि वो राज्य में हिंदू हितों की राजनीति करेंगे. साथ ही राज्य में हिंदू से ईसाई धर्मांतरण के खिलाफ लड़ाई भी तेज करेंगें. विजय साई रेड्डी ने कहा जगन मोहन कि पांच साल की सरकार में 2019 में जो ईसाई राज्य में 1% थे वो 2024 में बढ़कर 4% हो गए. उन्होंने कहा कि दबाव या आर्थिक प्रलोभन के जरिए होने वाले धर्मांतरण को रोकने के लिए उनकी पार्टी कानून लाएगी. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि किसी व्यक्ति के अपनी पसंद के धर्म को मानने के अधिकार के खिलाफ उनकी पार्टी नहीं है.
उन्होंने ईसाई धर्म अपनाने वाले लोगों में जातिगत भेदभाव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि धर्म परिवर्तन के बाद जाति के आधार पर मिलने वाले लाभ और सामाजिक पहचान पर भी बहस होनी चाहिए. मंदिरों की आय का 10 फीसदी हिस्सा समाज के हित और मंदिरों के पुनरुत्थान पर खर्च करने के लिए कानून बनाने की बात भी कही.
कम्मा, कापू ,रेड्डी… जो ईसाई बन रहे है वो अपनी जाति नहीं छोड़ रहे हैं. वो अपने अलग अलग जाति के हिसाब से चर्च बना रहे हैं जबकि जो दलित से ईसाई बन रहे हैं उनको आम चर्चों में प्रार्थना की इजाजत नहीं है.
अपनी राजनीतिक भूमिका को लेकर उन्होंने कहा कि वह पार्टी के संस्थापक जरूर हैं, लेकिन मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे. उन्होंने अपनी भूमिका बालासाहेब ठाकरे और कांशीराम जैसी बताते हुए कहा कि पार्टी में प्रतिबद्धता और योग्यता को प्राथमिकता दी जाएगी. उन्होंने युवाओं और Gen Z को विधानसभा और पार्टी के पदों में 66 फीसदी हिस्सेदारी देने का वादा किया.
विजयसाई रेड्डी ने कहा कि उनकी पार्टी से सत्ता में आने पर SC, ST, मुस्लिम, BC या अगड़ी जाति का कोई भी व्यक्ति मुख्यमंत्री बन सकता है. उन्होंने युवाओं को राज्य का नेतृत्व सौंपने की वकालत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भी युवा होना चाहिए. पार्टी की राजनीतिक जमीन तैयार करने के लिए वह उगादी के बाद पदयात्रा शुरू करेंगे. गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं, आकांक्षाएं और जरूरतें समझेंगे.
महिला सुरक्षा, आर्थिक आजादी, युवाओं के लिए सालाना रोजगार कैलेंडर और हर तीन महीने में सरकार के कामकाज और खर्च का सार्वजनिक रिपोर्ट कार्ड जारी करना भी पार्टी के प्रमुख वादों में शामिल है. कुल मिलाकर, विजयसाई रेड्डी आंध्र प्रदेश में भले ही स्वतंत्र राजनीतिक विकल्प देने की बात कर रहे है, पर राज्य में हिंदूत्व की राजनीति करने वाली बीजेपी गठबंधन सरकार में है. ऐसे में धर्मांतरण का मुद्दा उठाकर वो भविष्य में एनडीए सरकारको फायदा और जगनमोहन रेड्डी की पार्टी की राजनीतिक ताकत को कम करने का काम करेंगें.