128KM की रफ्तार से दौड़ रही थी शब्दभेदी एक्सप्रेस, तभी ट्रेन के सामने आ गया ऐसा खतरा, हो जाता बड़ा रेल हादसा

128KM की रफ्तार से दौड़ रही थी शब्दभेदी एक्सप्रेस, तभी ट्रेन के सामने आ गया ऐसा खतरा, हो जाता बड़ा रेल हादसा

पश्चिम बंगाल में हावड़ा और बर्धमान के बीच 19 नवंबर की रात एक बड़ा रेल हादसा होते-होते बच गया. 128 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही शब्दभेदी एक्सप्रेस के सामने अचानक ऐसा खतरा आ गया, जो कुछ ही पलों में भीषण ट्रेन दुर्घटना में बदल सकता था. दरअसल यहां ट्रेन के इंजन को बिजली देने वाले ओवरहेड उपकरण (ओएचई) का ढांचा गिर गया और उसके तार ट्रेन में उलझ गए. लेकिन खराब मौसम और कम दृश्यता के बावजूद लोको पायलट की पैनी नजर ने खतरे को भांप लिया. उन्होंने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए और तेज रफ्तार ट्रेन को करीब एक किलोमीटर के भीतर रोक दिया.

कोलकाता से गाजीपुर के बीच चलती है शब्दभेदी एक्सप्रेस

शब्दभेदी एक्सप्रेस साप्ताहिक ट्रेन है, जो पश्चिम बंगाल के कोलकाता चितपुर और उत्तर प्रदेश के गाजीपुर सिटी के बीच चलती है. रेलवे के एक अधिकारी ने बताया, ‘ट्रेन संख्या 22323 करीब 128 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी, तभी अचानक ओएचई के तारों के उलझने की गंभीर स्थिति पैदा हो गई. रात करीब 11 बजे बहुत तेज बारिश के बीच लोको पायलट ने संपर्क तार को तेजी से हिलते हुए देखा.’

ओवरहेड उपकरण (ओएचई) प्रणाली में कई हिस्से होते हैं. इनमें संपर्क तार शामिल है, जो ‘पैंटोग्राफ’ के जरिये इंजन को बिजली देता है. इसके अलावा ‘कैटेनरी’ तार संपर्क तार को सहारा देता है. अधिकारी ने बताया, ‘इस खतरे को भांपते हुए लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए और 128 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही ट्रेन को करीब एक किलोमीटर के अंदर पूरी तरह रोक दिया.’ उन्होंने बताया कि स्थिति बेहद गंभीर थी और बड़ा हादसा हो सकता था.

ट्रेन के पहियों और डिब्बों में उलझे तार

एक अन्य अधिकारी ने कहा, ‘कैटेनरी तार अपने स्थान से उखड़कर ट्रेन के पहियों और डिब्बों के ढांचे में उलझ गया था. इसके अलावा दो पटरियों के लिए बना कैंटिलीवर ढांचा समेत अन्य सहायक संरचनाएं लटक रही थीं. करीब दो किलोमीटर के हिस्से में ओएचई के तार क्षतिग्रस्त हो गए थे.’ उन्होंने कहा कि इस घटना से बड़ा रेल हादसा हो सकता था, जिसमें इंजन, डिब्बों और रेलवे ढांचे को भारी नुकसान पहुंचने के साथ ही लोगों की जान भी जा सकती थी.

इंजन बचा, कुछ डिब्बों के शीशे टूटे

अधिकारियों के अनुसार ट्रेन के चालक दल की असाधारण सतर्कता, सूझबूझ और तत्काल इमरजेंसी एक्शन कार्रवाई के कारण बड़ा हादसा टल गया. उन्होंने बताया कि इंजन भी ओएचई उपकरणों की चपेट में आने से बच गया. हालांकि, कुछ डिब्बों के शीशे क्षतिग्रस्त होने की सूचना है.

लोको पायलट की खूब हो रही तारीफ

लोको पायलट यूनियन के अनुसार, यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि रेलवे सुरक्षा सुनिश्चित करने में ट्रेन चालक दल की सतर्कता, पेशेवर दक्षता, सही निर्णय लेने की क्षमता और समय पर कार्रवाई कितनी महत्वपूर्ण है. खासकर खराब मौसम और असामान्य परिचालन परिस्थितियों में इसका विशेष महत्व है.

एक वरिष्ठ लोको पायलट ने कहा, ‘लोको पायलट की समय पर की गई कार्रवाई की उचित सराहना होनी चाहिए. यह इसका उल्लेखनीय उदाहरण है कि पेशेवर सतर्कता और उचित आपातकालीन कार्रवाई से संभावित रूप से भीषण रेल दुर्घटना को कैसे रोका जा सकता है.’

Prev Post
Next Post