पंजाब में भाजपा का दांव… राघव चड्ढा और स्वाति मालीवाल की मिली बड़ी जिम्मेदारी, क्या है रणनीति?
Raisina News Desk- नवंबर 25, 2026 07:31 PM IST
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने आम आदमी पार्टी से आए राज्यसभा सांसदों को चुनावी मोर्चे पर उतार दिया है. पार्टी ने आप छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए सात सांसदों को पंजाब चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया है. इन सांसदों को पंजाब की 13 लोकसभा सीटों में से अपनी पसंद की सीटें चुनने को कहा गया है. इन लोकसभा क्षेत्रों के तहत आने वाली विधानसभा सीटों पर बीजेपी और उसके सहयोगियों की जीत सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी इन सांसदों की होगी.
बीजेपी की रणनीति साफ है. एक तरफ पार्टी आम आदमी पार्टी के मौजूदा विधायकों को अपने पाले में लाने की कोशिश कर रही है, तो दूसरी तरफ आप से आए सांसदों के राजनीतिक अनुभव और स्थानीय संपर्कों का इस्तेमाल चुनावी जमीन मजबूत करने के लिए किया जाएगा.
गौरतलब है कि इसी साल अप्रैल में आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसद बीजेपी में शामिल हुए थे. इनमें राघव चड्ढा, स्वाति मालीवाल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, अशोक कुमार मित्तल, विक्रमजीत साहनी और राजिंदर गुप्ता शामिल हैं. स्वाति मालीवाल दिल्ली से राज्यसभा सांसद हैं, जबकि बाकी छह सांसद पंजाब से आते हैं.
इनमें संदीप पाठक को बीजेपी पहले ही राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दे चुकी है. पिछले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री के तौर पर उम्मीदवारों के चयन में उनकी अहम भूमिका थी. मौजूदा आप विधायकों के साथ उनके करीबी संपर्कों को देखते हुए बीजेपी उनका इस्तेमाल पार्टी में नए नेताओं को शामिल कराने और संभावित उम्मीदवारों की तलाश में कर रही है.
सूत्रों के मुताबिक संदीप पाठक संभावित उम्मीदवारों की पहचान के लिए सर्वे भी करा रहे हैं. वहीं राघव चड्ढा और हरभजन सिंह को बीजेपी चुनाव प्रचार में उतारने की तैयारी कर रही है. जबकि अशोक कुमार मित्तल, राजिंदर गुप्ता और विक्रमजीत साहनी को चुनाव प्रबंधन की अहम जिम्मेदारियां दी जाएंगी.
बीजेपी ने इन सांसदों को चुनाव से जुड़ी महत्वपूर्ण समितियों में भी जगह दी है. राघव चड्ढा, हरभजन सिंह और राजिंदर गुप्ता को घोषणापत्र समिति में शामिल किया गया है. वहीं, संदीप पाठक, अशोक कुमार मित्तल और विक्रमजीत साहनी को चार्जशीट समिति में जिम्मेदारी दी गई है. दूसरी पार्टियों के नेताओं को बीजेपी में शामिल कराने के लिए बनाई गई ज्वाइनिंग समिति में भी संदीप पाठक को जगह दी गई है.
सूत्रों के मुताबिक, अशोक मित्तल को जालंधर, लुधियाना और होशियारपुर लोकसभा क्षेत्रों के तहत आने वाली 14 हिंदू बहुल विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं, राजिंदर गुप्ता को लुधियाना लोकसभा क्षेत्र की बाकी विधानसभा सीटों पर काम करने को कहा गया है. तो वहीं नोमिनेटेड सासंद सतनाम सिंह संधू ने आनंदपुर लोकसभा सीट की 9 विधानसभा सीटों पर एनडीए की जीत सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी ली है.
इन सांसदों को अपने-अपने जिम्मेदारी वाली विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रबंधन, बूथ मैनेजमेंट, प्रचार के प्रमुख मुद्दों की पहचान करने और सोशल मीडिया कैंपेन की रहेगी . साथ ही प्रचार सामग्री और अन्य चुनावी संसाधनों की व्यवस्था की जिम्मेदारी ये उठाएंगे.
राघव चड्ढा को चुनाव प्रबंधन से जुड़े दूसरे महत्वपूर्ण काम सौंपे गए हैं, जबकि संदीप पाठक उम्मीदवारों की तलाश और आप के मौजूदा विधायकों से संपर्क साधने में जुटे हैं. वहीं स्वाति मालीवाल की जिम्मेदारी पंजाब की महिलाओं को बीजेपी के पक्ष में लाने की है.
सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी ने इन सांसदों को साफ संदेश दिया है कि उनके द्वारा चुनी गई सीटों पर पार्टी का प्रदर्शन ही आगे संगठन में उनकी भूमिका और जिम्मेदारी तय करने का आधार बनेगा.
यानी पंजाब में बीजेपी अब सिर्फ दूसरे दलों के नेताओं को अपने साथ जोड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि आप से आए सांसदों को भी उनकी राजनीतिक ताकत और पुराने संपर्कों के आधार पर चुनावी मैदान में सक्रिय कर रही है.