भारत-डेनमार्क संबंधों को नई मजबूती, रक्षा-व्यापार और टेक्नोलॉजी के लिए बना 5 साल का एक्शन प्लान
Raisina News Desk- नवंबर 29, 2026 01:29 AM IST
एस. जयशंकर और डेनमार्क के विदेश मंत्रीImage Credit source: X/@DrSJaishankar
विदेश मंत्री एस. जयशंकर भारत-डेनमार्क संयुक्त आयोग की 5वीं बैठक में शामिल हुए. इससे पहले मई 2026 में दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात हुई थी. शनिवार की बैठक में उस बातचीत में उठे मुद्दों और द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति की समीक्षा हुई. दरअसल, ग्रीन स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप (GSP) भारत-डेनमार्क संबंधों की सबसे खास पहचान है. इसमें डेनमार्क की तकनीकी क्षमताओं और भारत के बड़े बाजार एवं विकास की जरूरतों को एक साथ जोड़ा गया है.
ग्रीन स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप के तहत दोनों देशों के बीच प्रमुख सहयोगों में जल प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा, बिजली और ऊर्जा क्षेत्र और ग्रीन शिपिंग शामिल हैं. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बताया कि दोनों देशों के बीच स्वास्थ्य, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि और साइंस एंड टेक्नोलॉजी के क्षेत्रों में भी सहयोग को मजबूत किया गया है.
उन्होंने बताया कि डेनमार्क के विदेश मंत्री ने बेंगलुरु में उभरती और अत्याधुनिक तकनीक, रक्षा एवं सुरक्षा से जुड़ी भारतीय कंपनियों का दौरा किया. दरअसल, भारत ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य में डेनमार्क को महत्वपूर्ण साझेदार के रूप में देखता है. विदेश मंत्री ने कहा कि दोनों देश भारत के कई राष्ट्रीय मिशनों में मिलकर काम कर रहे हैं.
भारत में डेनिश कंपनियों के योगदान की सराहना करते हुए जयशंकर ने दोनों देशों में कारोबारी मौजूदगी और निवेश बढ़ाने का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि सरकारों की भूमिका कारोबार को सुगम बनाने और कंपनियों के सामने आने वाली समस्याओं को दूर करने की होगी.
विदेश मंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच कई संयुक्त कार्य समूह (Joint Working Groups) बनाए गए हैं. जिन समूहों की बैठकें अभी नहीं हुई हैं, उन्हें जल्द बैठक करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा. साल 2026-2031 यानी 5 साल के लिए नई संयुक्त कार्ययोजना पर काम करने की तैयारी है.
दरअसल, भारत-डेनमार्क संबंधों को भारत और यूरोपीय संघ के बीच मजबूत होते रिश्तों के व्यापक संदर्भ में भी देखा जा रहा है. जयशंकर ने भारत-यूरोपीय संघ साझेदारी को गहरा करने और विशेष रूप से भारत-EU मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को अंतिम रूप देने में डेनमार्क के समर्थन की सराहना की. मौजूदा वैश्विक हालात को जटिल और अनिश्चित बताते हुए जयशंकर ने कहा कि बैठक में भू-राजनीतिक और रणनीतिक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान होगा.