आशीष बनर्जी के फांसी लगाने पर ममता के भतीजे ने उठाया 'मीडिया ट्रायल' वाला सवाल

पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी की मौत के बाद ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने मीडिया ट्रायल का मुद्दा उठाते हुए कहा ‘ आशीष बनर्जी की दुखद मौत न सिर्फ दिल तोड़ने वाली है, बल्कि यह उन सभी लोगों की अंतरात्मा को झकझोरने वाली घटना है, जो मानते हैं कि राजनीति और पत्रकारिता की अपनी सीमाएं होनी चाहिए.’ बता दें कि आशीष बनर्जी का शव पार्टी के ऑफिस में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला है. उन्होंने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है. जिसमें कई अहम बातें लिखी हैं. 

अभिषेक ने उठाया मीडिया ट्रायल का मुद्दा

अभिषेक बनर्जी ने कहा ‘उनके आखिरी नोट से पता चलता है कि उन्हें बदनाम करने के लिए अभियान चल रहा था. जिसका सामना करने की बात भी उन्होंने कही थी. बीजेपी और मीडिया के कुछ हिस्सों को ऐसी राजनीति के नतीजों पर सोचना चाहिए, जिसमें आरोपों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है, लोगों की साख पर सवाल उठाए जाते हैं और सच्चाई सामने आने से पहले ही जन-अदालत में उन्हें दोषी ठहरा दिया जाता है. जीवन भर शिक्षक और जनसेवक रहे आशीष बनर्जी ने ईमानदारी, गरिमा और सादगी के साथ लोगों की सेवा में कई दशक बिताए हैं. वे एक सम्मानित व्यक्ति और बीरभूम के लिए गर्व का स्रोत थे.’

ये भी पढे़ंः TMC कार्यालय में फांसी लगाने वाले पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष ने सुसाइड नोट में लिखा- राजनीति में आकर गलती की

टीएमसी सांसद ने कहा ‘जो लोग इस बदनाम करने वाले अभियान में शामिल थे, उन्हें अपने शब्दों और कामों के मानवीय नतीजों पर सोचना चाहिए. राजनीतिक लड़ाइयां तो आती-जाती रहेंगी, लेकिन एक बार चली गई जान कभी वापस नहीं आ सकती. बंगाल ने अपनी मिट्टी के एक बेहद सम्मानित सपूत को खो दिया है. उनके परिवार, छात्रों, चाहने वालों और शुभचिंतकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. ईश्वर उन्हें इस अकल्पनीय दुख की घड़ी में हिम्मत दे.’ 

रविवार को ऑफिस में मिला आशीष बनर्जी का शव

दरअसल, टीएमसी के पूर्व विधायक और ममता सरकार में मंत्री रहे आशीष बनर्जी का शव रामपुरहाट में बने पार्टी के ऑफिस में मिला था. आशीष बनर्जी ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है. जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है. आशीष बनर्जी 2001 से 2021 तक लगातार पांच बार विधायक चुने गए थे. लेकिन 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था.

ये भी पढ़ेंः TMC के पूर्व विधायक का फंदे से लटका मिला शव, ममता बनर्जी के कार्यकाल में थे डिप्टी स्पीकर



Prev Post
Next Post