'कल हैंडलूम डे मनाएं और GRWM वीडियो भी शेयर करें…' PM मोदी का नया मैसेज
Raisina News Desk- अगस्त 07, 2026 06:13 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक नया वीडियो संदेश जारी किया है. उन्होंने कहा है कि 7 अगस्त 1905 को शुरू हुए स्वदेशी आंदोलन को देश कभी नहीं भूल सकता. पीएम ने कहा कि इस आंदोलन ने देश की आजादी की लड़ाई को नई दिशा दी और आत्मनिर्भर भारत की नींव रखी. अंग्रेजों के खिलाफ इस संघर्ष में देश का जन-जन जुड़ गया था. पीएम मोदी ने देशवासियों से कल यानी 7 अगस्त को हैंडलूम डे मनाने की अपील की.
प्रधानमंत्री ने लोगों को याद दिलाया कि पिछले सप्ताह उन्होंने फ्रेंडशिप डे मनाया था. उन्होंने आग्रह किया कि 7 अगस्त को सभी लोग उसी उत्साह और उमंग के साथ राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस भी मनाएं. उन्होंने कहा कि हैंडलूम दिवस मनाने का मतलब उन गरीब बुनकर परिवारों का सम्मान करना है, जो अपने घरों में हाथकरघों पर कपड़े बनाते हैं और नई-नई वैराइटी तैयार करते हैं.
Tomorrow, 7th August is National Handloom Day. Let’s make India’s handloom diversity popular.
Share your videos with your favourite handloom products, including GRWM videos on social media.
Don’t forget to use #NationalHandloomDay. pic.twitter.com/zoFdTXphRL
— Narendra Modi (@narendramodi) August 6, 2026
मोदी ने लोगों से अपील की कि वे हैंडलूम उत्पादों को अपनाएं और हैंडलूम की किसी वैराइटी के साथ GRWM (गेट रेडी विद मी) वीडियो बनाकर दुनिया के सामने अपनी बात रखें. उन्होंने कहा कि इससे लोगों को हैंडलूम के प्रति प्रेरित किया जा सकता है. प्रधानमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए जरूरी है कि छोटे और गरीब बुनकर परिवार आर्थिक रूप से समृद्ध हों.
उन्होंने लोगों से हैंडलूम से बने उत्पाद खरीदने, उससे जुड़ा वीडियो बनाने और उसे देश-दुनिया में साझा करने का आग्रह किया. मोदी ने कहा कि इससे बुनकर भाई-बहनों की क्षमता और कौशल का परिचय पूरी दुनिया को मिलेगा.