प्रयागराज में सपा नेता की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार तीन बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम

प्रयागराज के गंगानगर जोन के हंडिया क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के एक नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने सपा नेता पवन यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए.

अस्पताल में तोड़ा दम

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए. बाद में मेडिकल कॉलेज के एसआरएन अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक पवन यादव हंडिया क्षेत्र के मुंगराव गांव के निवासी थे. वह समाजवादी पार्टी के जिला सचिव होने के साथ-साथ गांव के पूर्व प्रधान भी रह चुके थे.

तीन हमलावरों की तलाश में पुलिस

शुरुआती जानकारी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बाइक सवार हमलावर मौके से फरार हो गए. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है.

पुलिस के अधिकारी ने बताया कि घटना हंडिया थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई, जहां पूर्व ग्राम प्रधान पवन यादव (50) मंगलवार शाम किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे. उन्होंने बताया कि तभी मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उन पर गोली चला दी. अधिकारी ने बताया कि पीठ में गोली लगने से पवन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए.

उन्होंने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम घायल पवन यादव को स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अधिकारी के अनुसार, यादव समाजवादी पार्टी के जिला सचिव भी थे. वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.

उन्होंने बताया कि पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं.



Prev Post
Next Post