मुजफ्फरनगर में मीट की दुकानों को ढकने के निर्देश; कांवड़ यात्रा को लेकर अलर्ट, ऐसी है सुरक्षा व्यवस्था

मुजफ्फरनगर:

Kanwar Yatra 2026: हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे कांवड़ियों की संख्या मुजफ्फरनगर में लगातार बढ़ रही है. कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. इसी क्रम में प्रशासन ने कांवड़ मार्ग पर स्थित मीट और नॉनवेज दुकानों को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं. मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) सिद्धार्थ के. मिश्रा ने मीनाक्षी चौक क्षेत्र में नॉनवेज होटल और मीट दुकान संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें मीट खुले में न रखने तथा उसे पूरी तरह ढककर रखने के निर्देश दिए. प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है.

कांवड़ मार्ग पर दुकानदारों को दिए गए निर्देश

मंगलवार को एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने कांवड़ मार्ग स्थित मीनाक्षी चौक क्षेत्र का निरीक्षण किया और नॉनवेज होटल व मीट दुकान संचालकों के साथ बातचीत की. इस दौरान उन्होंने दुकानदारों से कहा कि किसी भी स्थिति में मीट खुले में प्रदर्शित न किया जाए. उसे हरे या किसी अन्य कपड़े से पूरी तरह ढककर रखा जाए ताकि कांवड़ियों की धार्मिक भावनाएं आहत न हों.

Kanwar Yatra 2026: दुकानदारों से बात करते हुए पुलिस प्रशासन

डीएम के निर्देश पर बंद हो सकती हैं दुकानें

एएसपी ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में दुकानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, लेकिन जिला मजिस्ट्रेट के आदेश मिलने पर कांवड़ मार्ग पर स्थित मीट की दुकानों और नॉनवेज होटलों को अस्थायी रूप से बंद भी कराया जा सकता है. उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और यात्रा को सुचारु रूप से संपन्न कराना है.

Kanwar Yatra 2026: नॉन वेज खाने की दुकान

ऐसी है सुरक्षा व्यवस्था

एसी ने बताया कि सम्पूर्ण जनपद को 09 सुपर जोन, 16 जोन, 89 सेक्टर एवं 141 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है. सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत एटीएस टीम, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता (BDS), एस-चेक टीम, फ्लड पीएसी एवं पीएसी की तैनाती की गई है. त्वरित निगरानी एवं प्रभावी समन्वय के लिए 14 कंट्रोल रूम एवं 03 सब-कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने हेतु 03 अस्थायी थाने शिव चौक, रामपुर तिराहा एवं शुक्रताल तथा यात्रा मार्ग पर 19 अस्थायी पुलिस चौकियां संचालित की गई हैं.

श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही

एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि कांवड़ यात्रा शुरू होने के बाद रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु मुजफ्फरनगर से होकर गुजर रहे हैं. आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ने की संभावना है. इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने कांवड़ मार्ग पर विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की है और विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं.

ऐसा है रूट प्लान

धार्मिक भावनाओं के सम्मान पर जोर

प्रशासन ने सभी व्यापारियों और होटल संचालकों से सहयोग की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी समुदायों और व्यापारियों को प्रशासनिक निर्देशों का पालन करना चाहिए ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो.

सुरक्षा और व्यवस्था पर विशेष फोकस

मुजफ्फरनगर प्रशासन कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर लगातार निगरानी कर रहा है. प्रमुख कांवड़ मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है.



Prev Post
Next Post