सिंघु बॉर्डर पर तेज रफ्तार का कहर; ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक हेड कांस्टेबल की मौत, आरोपी फरार, हिट एंड रन का मामला


दिल्ली:

Singhu Border Accident: देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. आउटर नॉर्थ दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर ड्यूटी के दौरान एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. जानकारी के अनुसार नरेला ट्रैफिक सर्कल में तैनात हेड कांस्टेबल अमित स्पीड मॉनिटरिंग के लिए स्पीड गन लगा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है.

सिंघु बॉर्डर पर ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार हादसा बुधवार शाम अलीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंघु बॉर्डर स्थित ट्रैफिक बूथ के पास हुआ. हेड कांस्टेबल अमित नियमित ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात थे और सड़क पर वाहनों की गति पर नजर रखने के लिए स्पीड मॉनिटरिंग मशीन (स्पीड गन) स्थापित कर रहे थे. इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.

Hit and Run Case: सिंधु बॉर्डर में हादसा

Hit and Run Case: सिंधु बॉर्डर में हादसा

अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने घायल हेड कांस्टेबल को नरेला स्थित राजा हरीश चंद्र अस्पताल पहुंचाया. हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे की खबर मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे.

Hit and Run Case: मृतक अमित

Hit and Run Case: मृतक अमित

टक्कर मारकर फरार हुआ चालक

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. इसके बाद अलीपुर थाना पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. प्रारंभिक जांच में पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान कर ली है. अब आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.

फोरेंसिक और क्राइम टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने के बाद फोरेंसिक विशेषज्ञ और क्राइम टीम भी मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल से विभिन्न नमूने और साक्ष्य एकत्र किए हैं. पुलिस हादसे के कारणों, वाहन की गति और चालक की लापरवाही से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

परिवार में टूटा गमों का पहाड़

हेड कांस्टेबल अमित की अचानक मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं सहकर्मी और अधिकारी इस घटना को दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बता रहे हैं.

मामला दर्ज, जांच जारी

अलीपुर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक की पहचान हो चुकी है तथा जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. अधिकारियों का दावा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी को कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई का सामना करना होगा.





Source link

Prev Post
Next Post