4 घंटे चली बैठक…BJP की नई टीम को मिला टास्क, युवाओं और अलग-अलग वर्गों से संपर्क बढ़ाने पर जोर
Raisina News Desk- सितंबर 29, 2026 05:04 PM IST
नितिन नबीन की अध्यक्षता में BJP की अहम बैठकImage Credit source: X/@NitinNabin
दिल्ली स्थित बीजेपी के मुख्यालय में मंगलवार को पार्टी के राज्य प्रभारियों और सह-प्रभारियों की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने की. सूत्रों के मुताबिक, लगभग 4 घंटे तक चली इस बैठक में प्रभारी और सह-प्रभारी को निर्देश दिया गया है कि वो अपने-अपने क्षेत्र में जाकर सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं की बात सुनें. इसके अलावा संगठन और सरकार के बीच अगर कहीं पर किसी स्तर पर कोई मतभेद है तो उसको दूर करें.
पार्टी अध्यक्ष की तरफ से ये स्पष्ट संदेश दिया गया कि जिन पदाधिकारियों को जिस प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहां दौरा करें और पार्टी हित की नीति पर चलें. उन्हें यह भी कहा गया है कि विकसित भारत संकल्प, महिला मोर्चा और समाज के अलग-अलग वर्गों से लगातार संपर्क करें और साथ ही चुनावी राज्यों में लगातार दौरा करें.
सूत्रों के मुताबिक, प्रभारी और सह-प्रभारियों को बूथ लेवल तक लगातार बैठक करने का भी निर्देश दिया है. साथ ही यह भी कहा गया है कि युवाओं से संवाद के लिए लगातार 36 प्रदेश और केंद्र शासित प्रदेश में पदाधिकारी और प्रभारी पार्टी कार्यक्रम चलाएं और इसका फीडबैक आलाकमान को लगातार दिया जाए.
हाल ही में बीजेपी में संगठनात्मक नियुक्तियां हुई हैं, जिसके बाद पार्टी के राज्य प्रभारियों और सह-प्रभारियों की यह पहली बैठक थी. दरअसल, 24 सितंबर को बीजेपी ने सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारियों और सह-प्रभारियों की घोषणा की थी. प्रमुख नियुक्तियों में विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभार दिया गया है , जिनके साथ चार सह-प्रभारी भी होंगे.
वहीं, सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभार सौंपा गया है, जबकि राम माधव को उत्तराखंड और तमिलनाडु का प्रभार दिया गया है. इसके अलावा स्मृति ईरानी हरियाणा और छत्तीसगढ़ की देखरेख करेंगी, जबकि सुनील बंसल पश्चिम बंगाल और तेलंगाना का कार्यभार संभालेंगे और विनय सहस्रबुद्धे को दिल्ली का प्रभार दिया गया है.