CJP प्रदर्शन के दौरान कनॉट प्लेस में हुए बवाल और तोड़फोड़ को लेकर दर्ज हुई FIR
Raisina News Desk- जुलाई 21, 2026 11:49 AM IST

दिल्ली:
CJP Protest: दिल्ली में जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच सोमवार को कनॉट प्लेस इलाके में हुए बवाल के मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस के अनुसार प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवियों ने कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल स्थित रीगल सिनेमा के पास पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की और पुलिसकर्मियों पर पथराव किया. घटना के बाद कनॉट प्लेस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. वहीं मंगलवार सुबह भी जंतर-मंतर पर छात्रों और प्रदर्शनकारियों का जमावड़ा शुरू हो गया. दूसरी ओर प्रदर्शनकारी संगठन CJP ने पुलिस पर बल प्रयोग और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि दिल्ली पुलिस ने कई दावों को भ्रामक और तथ्यहीन बताया है.
दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. पुलिस के मुताबिक सोमवार को कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल में रीगल सिनेमा के पास प्रदर्शन के दौरान हिंसक घटनाएं हुईं. आरोप है कि कुछ लोगों ने पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जुटे पुलिसकर्मियों पर पथराव किया. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और उपद्रवियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज तथा वीडियो रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही हैं.
CJP Protest News: आज का प्रदर्शन
एक FIR बिना परमिशन के संसद सत्र के दौरान नई दिल्ली जिला इलाके में ड्रोन उड़ाने को लेकर दर्ज की गई. वहीं दूसरी FIR हिंसा को लेकर रची गई साज़िश को लेकर दर्ज की गई है जिसमें पुलिस की तफ्तीश में कई महत्वपूर्ण सबूत हाथ लगे हैं. दो FIR सरकारी काम मे बाधा डालने पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में दर्ज की गई है. इसके अलावा दिल्ली पुलिस 2 और FIR दर्ज कर रही है.
यह मुकदमा भारतीय न्याय संहिता (Bharatiya Nyaya Sanhita – BNS), 2023, आर्म्स एक्ट, 1959 तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से संरक्षण अधिनियम (Prevention of Damage to Public Property Act – PDPP Act) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है.
इस एफआईआर में आरोप है कि आरोपितों ने गैरकानूनी तरीके से एकत्र होकर सार्वजनिक व्यवस्था भंग की, सरकारी कार्य में बाधा डाली, हिंसक गतिविधियों में शामिल हुए और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया. इन सभी आरोपों की जांच थाना पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस द्वारा भारतीय न्याय संहिता, आर्म्स एक्ट और पीडीपीपी एक्ट के प्रावधानों के अनुसार की जा रही है.
मंगलवार सुबह जंतर-मंतर पर एक बार फिर छात्रों और प्रदर्शनकारियों की मौजूदगी देखने को मिली. प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं. मौके पर पुलिस बल भी तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो.
CJP Protest: प्रदर्शन में जुटे लोग
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रंका ने सोमवार को हुए विरोध मार्च के बाद पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान केवल पुलिस ने बल प्रयोग किया और युवाओं के साथ मारपीट की गई. रंका का दावा है कि कई प्रदर्शनकारियों को चोटें आईं और कुछ लोगों को गंभीर रूप से घायल किया गया. उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती.
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ दावों को गलत बताया है. पुलिस के अनुसार कुछ पोस्ट में एक लड़की के साथ कथित मारपीट, बाल खींचने और बड़ी संख्या में लोगों के गंभीर रूप से घायल होने के दावे किए गए हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर ऐसे दावे सही नहीं पाए गए हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपुष्ट और भ्रामक जानकारी साझा करने से बचें.