एक तरफ दोस्ती, दूसरी तरफ विदेश जाने की अनुमति… पंजाब में मजीठिया को लेकर कांग्रेस-AAP ने उठाए सवाल

एक तरफ दोस्ती, दूसरी तरफ विदेश जाने की अनुमति… पंजाब में मजीठिया को लेकर कांग्रेस-AAP ने उठाए सवाल

बिक्रम सिंह मजीठियाImage Credit source: TV9

पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल का गठबंधन हो गया है. करीब 6 साल बाद दोनों दल फिर एक साथ दिखेंगे. 2020 में अकाली दल NDA से अलग हुई थी, आज 2026 में दोनों दलों ने एक साथ आने का एलान कर दिया. इस बीच आम आदमी पार्टी ने बिक्रम सिंह मजीठिया को लेकर बीजेपी और अकाली दल पर हमला है. आम आदमी पार्टी का कहना है कि बीजेपी और अकाली का गठबंधन है, इसलिए मजीठिया को विदेश जाने की इजाजत मिल रही है.

पंजाब में 2027 में फरवरी-मार्च में विधानसभा के चुनाव होने हैं. उससे पहले मंगलवार यानी 24 नवंबर 2026 को दिल्ली में बीजेपी दफ्तर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई. जिसमें अकाली दल और बीजेपी ने गठबंधन करने का एलान किया. अकाली दल की तरफ से सुखबीर सिंह बादल और बीजेपी की तरफ से अमित शाह के साथ अध्यक्ष नितिन नबीन ने गठबंधन का एलान किया.
इस गठबंधन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी खुशी जताई. सोशल मीडिया पर लिखा…हमारा गठबंधन स्वाभाविक है. ये सुनिश्चित करेगा कि पंजाब को ऐसी जनहितैषी सरकार मिले, जो उसे तरक्की की नई ऊंचाइयों तक ले जाए.

मजीठिया को चुनाव से दूर रखने की शर्त

बीजेपी और अकाली दल पर जब हमला होता है तो उसके केंद्र में बिक्रम सिंह मजीठिया होते हैं. बिक्रम सिंह मजीठिया जो सुखबीर सिंह बादल की पत्नी हरसिमरत कौैर के भाई है. उन पर नशे के कारोबार के आरोप लगते रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक बीजेपी ने इस पूरे चुनाव से मजीठिया को दूर रखने की शर्त रखी है. इस सबके बीच बिक्रम सिंह मजीठिया को मोहाली की विशेष अदालत ने परिवार के साथ विदेश जाने की सशर्त अनुमति दे दी है. मजीठिया 18 दिसंबर 2026 से 6 जनवरी 2027 तक पत्नी और बच्चों के साथ विदेश जा सकेंगे. ड्रग मनी से अर्जित आय से अधिक संपत्ति के मामले में जमानत पर चल रहे मजीठिया को 30 लाख रुपये की बैंक गारंटी और इतनी ही राशि का बॉन्ड जमा कराना होगा. साथ ही विदेश में ठहरने का पूरा पता और यात्रा से जुड़ी जानकारी देनी होगी.

विदेश जाने की अनुमति मिलने की टाइमिंग पर सवाल

बिक्रम मजिठिया को कल विदेश जाने की इजाजत मिली. अब गठबंधन के ऐलान से ठीक 24 घंटे पहले बिक्रम सिंह मजीठिया को मोहाली कोर्ट से विदेश जाने की अनुमति मिलने की टाइमिंग को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. सवाल इसे लेकर भी खड़े हो रहे हैं कि पंजाब विजिलेंस ने इस मामले में करीब 41000 से ज्यादा पन्नों की चार्जशीट मोहाली कोर्ट में दाखिल कर रखी है और ED से भी इस मामले में जांच करने को लेकर लिखा गया है. लेकिन ED ने अब तक इस मामले में कोई जांच शुरू नहीं की है.

मजीठिया के खिलाफ 40000 पन्नों की चार्जशीट

अगर इस मामले की जांच की टाइमलाइन को देखें तो 25 जून 2025 को विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत FIR दर्ज कर मजीठिया को गिरफ्तार किया और उनके कई ठिकानों पर छापेमारी की गई. 26 अगस्त 2025 में विजिलेंस ने मामले की पहली चार्जशीट दाखिल की. 2 फरवरी 2026 को करीब सात महीने जेल में रहने के बाद सुप्रीम कोर्ट से मजीठिया को नियमित जमानत मिल गई. 28 अक्टूबर 2026 को विजिलेंस ने जांच पूरी कर 40,000 पन्नों की विस्तृत पूरक चार्जशीट अदालत में जमा की. अब इसी मामले में बिक्रम सिंह मजीठिया को अपने परिवार के साथ विदेश जाने की अनुमति मिली है. आप और कांग्रेस ने इस पर सवाल उठाए हैं.

जेल जाने से बचने के लिए गठबंधन: AAP

इस पूरे मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के महासचिव और प्रवक्ता बलतेज सिंह पन्नू ने गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि विजिलेंस के पास बिक्रम सिंह मजीठिया को लेकर आय से अधिक संपत्ति और मनी लांड्रिंग के कई सबूत है इसे लेकर चार्जशीट भी अदालत में दाखिल की जा चुकी है. ED को भी पंजाब विजिलेंस ने इस मामले में जांच आगे बढ़ाने के लिए लिखा है लेकिन ED ने मजीठिया को लेकर कोई जांच शुरू नहीं की है जबकि आम आदमी पार्टी के कई नेताओं और सरकार के अफसरों के खिलाफ बेवजह के आरोपों में ED जांच कर रही है.

पन्नू ने कहा कि अब ये गठबंधन का फायदा है या नहीं. लेकिन बिक्रम सिंह मजीठिया को कोर्ट से भी बड़ी राहत मिली है. सुखबीर बादल और मजीठिया को पता है कि उनके खिलाफ पंजाब में कई मामले चल रहे हैं वो कभी भी जेल जा सकते हैं और इसी वजह से वो बीजेपी का साथ लेकर खुद को बचाने का प्रयास कर रहे हैं.

अकाली-भाजपा गठबंधन पंजाब में लाई थी सिंथेटिक नशा

इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस के सीनियर नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि यही अकाली-भाजपा गठबंधन पंजाब में सिंथेटिक नशे चिट्टे यानी हीरोइन को लेकर आया था. और अब पंजाब की जनता को भी पता है कि आखिरकार ये दोनों पार्टियों एक बार फिर से एक साथ क्यों आ रही है. और पंजाब की जनता इस गठबंधन की हकीकत जानती है इन दोनों ही पार्टियों और उनके गठबंधन के झांसे में नहीं आने वाली.

अकाली दल ने आरोपों को बताया बेतुका

शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी गठबंधन की टाइमिंग और मजीठिया को मिली राहत पर उठ रहे सवालों को अकाली दल ने बेतुका बताया है. शिरोमणि अकाली दल के लीगल विंग के अध्यक्ष और प्रवक्ता अर्शदीप सिंह कलेर ने कहा कि देश में संविधान है बिक्रम सिंह मजीठिया को विदेश जाने की राहत कोर्ट ने दी है. इस मामले को केंद्र सरकार से जोड़ना या गठबंधन से मिलाकर देखना बेहद हास्यास्पद है.

कलेर ने कहा कि ED पहले बिक्रम सिंह मजीठिया पर लगे आरोपों की जांच कर चुकी है और उन्हें कुछ भी हासिल नहीं हुआ. इसी वजह से पंजाब विजिलेंस की बेतुकी और मनगढ़ंत कहानी पर अब ED ध्यान नहीं दे रही है और आम आदमी पार्टी इस गठबंधन की वजह से बेचैन है. और वो इस तरह की बयानबाजी और मजीठिया मामले को इस गठबंधन के ऐलान और टाइमिंग से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं.

मजीठिया पर क्या बोली बीजेपी?

पंजाब की विपक्षी पार्टियों लगातार बीजेपी से ये सवाल कर रही हैं कि आखिरकार वो बिक्रम सिंह मजीठिया जैसे नेता जिन पर नशा तस्करों के साथ सत्ता में रहते हुए मिलीभगत करके ड्रग मनी से अरबों रुपए की संपत्ति जुटाने जैसे आरोप लगे हैं, उनके साथ बीजेपी मंच कैसे सांझा करेंगी. फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर गठबंधन और मजीठिया पर पंजाब बीजेपी प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया ने TV9 भारतवर्ष के पंजाब सत्ता सम्मेलन कार्यक्रम में कहा था कि जब गठबंधन होगा और इस तरह की स्थिति बनेगी तब इस मुद्दे पर विचार किया जाएगा और तभी वो कुछ कह पाएंगे.

प्रकाश सिंह बादल की जयंती पर रैली

उधर, सत्ता की उम्मीदों और चुनाव की शर्तों से अलग अब ये दोनों दल साथ आ चुके हैं और 8 दिसंबर में पंजाब के मोगा में NDA की संयुक्त रैली होगी. प्रकाश सिंह बादल की जयंती पर होने वाली इस रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल शामिल होंगे. मुताबिक सीट बंटवारे के फॉर्मूले के तहत बीजेपी 47 से 48 और अकाली दल उनहतर से सत्तर सीटों पर चुनाव लड़ सकती हैं.

किस आधार पर सत्ता पाने की उम्मीद?

2024 लोकसभा चुनाव के विधानसभा क्षेत्रवार नतीजों में बीजेपी ने करीब 23 सीटों पर बढ़त बनाई थी, जबकि 7 सीटों पर दूसरे नंबर पर रही थी. वहीं, अकाली दल ने 9 सीटों पर बढ़त हासिल की थी. वोट शेयर की बात करें तो बीजेपी को 18% और अकाली दल को 13% वोट मिले थे. यानी दोनों का संयुक्त वोट शेयर 31% था. इसी वोट आधार के जरिए NDA पंजाब में सत्ता का आंकड़ा पार करने की उम्मीद लगाए हुए हैं.

(ब्यूरो रिपोर्ट टीवी9 भारतवर्ष)

Prev Post
Next Post