'सरकार को ब्लैकमेल न करें…' 10 दिन से धरने पर बैठीं आशा कार्यकर्ताओं से DK शिवकुमार की दो टूक, बोले- होगा समाधान
Raisina News Desk- नवंबर 27, 2026 12:01 AM IST
बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठीं आशा कार्यकर्ताओं का आंदोलन गुरुवार को 10वें दिन भी जारी रहा. दिन-रात चल रहे इस प्रदर्शन के बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने प्रदर्शनकारी महिलाओं से आंदोलन खत्म करने की अपील की है. हालांकि, मुख्यमंत्री ने जिस अंदाज में कार्यकर्ताओं से बात की, उसने पूरे मामले को और गरमा दिया.
डीके शिवकुमार ने साफ शब्दों में कहा कि आशा कार्यकर्ता सरकार को ‘ब्लैकमेल’ करने की कोशिश न करें. उन्होंने प्रदर्शनकारी महिलाओं से अपनी मांगों पर थोड़ा लचीला रुख अपनाने और सरकार पर भरोसा रखने की अपील की. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उनकी मांगों को समझती है और उनका समाधान निकालने की कोशिश कर रही है.
‘सरकार को धमकाने की कोशिश न करें’
पांच-छह दौर की बातचीत हो चुकी है
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने आशा कार्यकर्ताओं से जुड़े घोषणापत्र के वादों को पूरा किया है. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार लगातार बातचीत कर रही है. शिवकुमार के मुताबिक, वह खुद बेंगलुरु के बाहरी इलाके नेलमंगला समेत कई जगहों पर आशा कार्यकर्ताओं से मिल चुके हैं. उन्होंने उनकी समस्याओं को समझने की कोशिश की है और इस मुद्दे पर पांच से छह दौर की बातचीत भी हो चुकी है. उन्होंने कहा किमहिलाएं परिवार की आधारशिला होती हैं. हम उनकी चिंता करते हैं. मैं उनसे आग्रह करता हूं कि वे इतना कठोर रुख न अपनाएं और जिद न करें. मैं पहले ही पांच से छह दौर की बातचीत कर चुका हूं. अगर यह केवल मांग पूरी करने का मामला होता, तो हम ऐसा कर चुके होते. लेकिन यह मुद्दा इतना सरल नहीं है.