राजस्थानी बंदरवार से लेकर मोतियों वाले तोरण तक, ₹30 रुपए में मिल रहे सामान, दिवाली पर इन डिजाइनों की बढ़ी मांग
Raisina News Desk- नवंबर 05, 2026 03:01 PM IST
गाजीपुर: दीपावली पर घर की सजावट में मुख्य दरवाजे का अपना खास महत्व होता है. दरवाजे पर लगा रंग-बिरंगा तोरण घर की खूबसूरती बढ़ाता है. इसी को ध्यान में रखते हुए गाजीपुर में सिंचाई विभाग के पास सजावटी तोरण, फूलों की लड़ियों और झूमरों की कई तरह की रेंज उपलब्ध है. यहां करीब 1000 तरह के डिजाइन देखने को मिल रहे हैं. इनमें कपड़े और मोतियों से बने तोरण से लेकर राजस्थानी बंदरवार और झूमर तक शामिल हैं.
दुकान पर दूर से ही पीले, नारंगी, गुलाबी, सफेद और हरे रंग के सजावटी फूलों की लड़ियां दिखाई देती हैं. कुछ लड़ियां गेंदे के फूल जैसी दिखती हैं, तो कुछ मोगरे के फूलों की तरह बनाई गई हैं. इन्हें मुख्य दरवाजे, घर के प्रवेश द्वार और पूजा स्थल पर सजाया जा सकता है.इनके अलावा कपड़े, मोतियों और सजावटी सामग्री से बने तोरण भी लोगों के लिए उपलब्ध हैं.
मोतियों और कपड़े से बने तोरण की अलग पहचान
दुकानदार सत्यप्रकाश ने बताया कि कपड़े और मोतियों से तैयार किया तोरण मुख्य रूप से घर के गेट पर लगाया जाता है. इसकी कीमत 460 रुपये है. दुकानदार के मुताबिक, गेट को ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए ऐसे पांच से छह पीस लगाए जा सकते हैं. यानी ग्राहक अपने दरवाजे के आकार और सजावट की पसंद के हिसाब से इनकी संख्या चुन सकते हैं.
राजस्थानी झूमर और बंदरवार भी आकर्षण
स्टॉल पर कुछ ऐसे सजावटी सामान भी हैं, जिनमें राजस्थानी कला और पारंपरिक डिजाइन की झलक दिखाई देती है. इनमें झूमर और बंदरवार शामिल हैं. झूमर को दरवाजे या सजावट वाली जगह पर लटकाया जाता है, जबकि बंदरवार को प्रवेश द्वार के ऊपर सजाया जाता है.इन पर फूलों, मोतियों और दूसरी सजावटी चीजों का इस्तेमाल किया गया है. दुकानदार का कहना है कि रोशनी पड़ने पर इनकी चमक और बढ़ जाती है. मंदिरों की सजावट के लिए भी लोग राजस्थानी बंदरवार पसंद कर रहे हैं.
30 से 120 रुपये तक फूलों की लड़ियां
गेंदे जैसे दिखने वाले कृत्रिम फूलों की लड़ियां भी यहां कई रंगों में उपलब्ध हैं. इनमें पीला, नारंगी, लाल और अलग-अलग रंगों के मिले-जुले डिजाइन शामिल हैं.मोगरे जैसे दिखने वाली सफेद फूलों की लड़ियां भी रखी गई है.सत्यप्रकाश के मुताबिक, इस तरह की करीब 30 से 35 वैरायटी उनके पास हैं. इनकी कीमत 30 रुपये से 120 रुपये प्रति पीस तक है.
फूलों की लड़ियां
गेंदे और मोगरे जैसे दिखने वाले कृत्रिम फूलों की लंबी लड़ियां दरवाजे के दोनों ओर या ऊपर सजाया जाता है. यहां के मुख्य व्यवसाय संभालने वाले अभिषेक बताते हैं कि कपड़े और मोतियों वाला तोरण मुख्य गेट को सजाने के लिए इस्तेमाल होता है.
राजस्थानी बंदरवार और झूमर
पारंपरिक सजावटी डिजाइन वाले लटकन बंदरवार दरवाजे के ऊपर और झूमर दरवाजे या सजावट वाली जगह पर लगाए जाते हैं.