दिल्ली में INDIA ब्लॉक की कल महारैली, 4 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा; 200 CCTV और ड्रोन से निगरानी
Raisina News Desk- अक्टूबर 31, 2026 11:19 PM IST
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर INDIA ब्लॉक रविवार, 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली करने जा रहा है. विपक्षी गठबंधन इस आयोजन के जरिए चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के साथ अपनी एकजुटता और राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में है. रैली से एक दिन पहले शनिवार को कांग्रेस ने मॉक पार्लियामेंट आयोजित कर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक महाभियोग की कार्रवाई की. पार्टी ने साफ कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से जाना ही होगा.
कांग्रेस और गठबंधन के अन्य दलों का आरोप है कि चुनाव आयोग चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित कर रहा है और SIR के दौरान अनियमितताएं हुई हैं. विपक्ष ने इन मुद्दों को लेकर लगातार सवाल उठाए हैं. अब रामलीला मैदान की महारैली के जरिए इन आरोपों और मांगों को राजनीतिक अभियान का रूप देने की तैयारी है.
रैली से पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक वीडियो मैसेज जारी कर रैली में शामिल होने वाले लोगों से अपील की कि प्रोटेस्ट, मार्च, रैली कीजिए, साथ में थोड़ी सी खरीदारी भी कीजिए – व्यापारियों का फायदा हो जाएगा. मैं जानता हूं व्यापारियों को रैली नुकसान नहीं पहुंचाएगी. BJP डरी हुई है इसलिए अफवाह फैला रही है.
रैली को लेकर विपक्षी दलों ने खास तैयारियां की हैं. नेताओं और सांसदों को ओपन बसों में सवार होकर कार्यक्रम स्थल तक ले जाने की योजना बनाई गई है. कांग्रेस कार्यालय इंदिरा भवन के बाहर हरे रंग की ओपन बस भी खड़ी दिखाई दी.
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास और कॉन्स्टिट्यूशन क्लब से INDIA ब्लॉक के नेता और सांसद खुली बसों में सवार होकर मिंटो ब्रिज पहुंचेंगे. यहां से सभी नेता पैदल मार्च करते हुए रामलीला मैदान जाएंगे. इस मार्च के जरिए विपक्षी गठबंधन अपनी एकजुटता का संदेश देने की कोशिश करेगा.
महारैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, कार्यक्रम में करीब 50 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है. इसके मद्देनजर 4,000 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की कंपनियां भी तैनात की जाएंगी.
रामलीला मैदान और मिंटो ब्रिज से मैदान तक आने वाले मार्च के रास्ते को सुरक्षा घेरे में रखा जाएगा. आयोजन स्थल को 14 जोन में बांटा गया है. प्रत्येक जोन की निगरानी ACP रैंक के अधिकारी करेंगे, जबकि दो जोन की जिम्मेदारी एक अतिरिक्त DCP रैंक के अधिकारी को सौंपी जाएगी. दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने शनिवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिंटो रोड और रामलीला मैदान का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया.
रैली के दौरान भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए 200 से अधिक CCTV कैमरे लगाए गए हैं. इसके अलावा ड्रोन और बॉडी-वॉर्न कैमरों की मदद से भी निगरानी की जाएगी. मैदान के भीतर एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से पूरे आयोजन पर नजर रखी जाएगी.
पुलिस ने एंटी-रॉयट वाहन और अन्य निगरानी उपकरण भी तैनात करने की योजना बनाई है. प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर से जांच होगी। VIP और आम लोगों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए हैं. पुलिस का अनुमान है कि कुर्सियों, बैरिकेडिंग और निर्धारित रास्तों की व्यवस्था के बाद मैदान में करीब 30 से 40 हजार लोग एकत्र हो सकते हैं.
महारैली के मद्देनजर रविवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मध्य दिल्ली के कई इलाकों में यातायात नियंत्रित किया जाएगा. जरूरत के मुताबिक अलग-अलग चौराहों पर डायवर्जन लागू होंगे, ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए करीब 150 अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को प्रभावित रास्तों से बचने और सार्वजनिक परिवहन, खासकर मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने को कहा गया है. सड़क किनारे पार्किंग से बचने और आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखने के निर्देश भी दिए गए हैं.
LNJP और GB पंत अस्पताल की ओर जाने वाली एंबुलेंस तथा अन्य आपातकालीन वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी. महारैली में राजनीतिक संदेश देने के लिए इंडियन यूथ कांग्रेस ने एक खास प्रदर्शन की तैयारी की है. संगठन के मुताबिक, कुछ कार्यकर्ता सफेद कपड़े पहनकर पहुंचेंगे. ये उन मतदाताओं का प्रतीक होंगे, जिन्हें कथित तौर पर मृत घोषित कर दिया गया या मतदाता सूची से हटा दिया गया है. कुछ प्रतिभागी बैटमैन मास्क भी पहन सकते हैं.
दिल्ली कांग्रेस ने भी रैली में भीड़ जुटाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी राजधानी के अलावा दूसरे राज्यों से भी समर्थकों और कार्यकर्ताओं को लाने की कोशिश कर रही है.
INDIA ब्लॉक की महारैली 30 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ की गई प्रतीकात्मक ‘पब्लिक इंपीचमेंट’ की कार्रवाई के बाद हो रही है. विपक्षी नेताओं ने यह कार्यक्रम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर आयोजित किया था. शनिवार को मॉक पार्लियामेंट के जरिए भी कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ अपना विरोध जताया और उनके इस्तीफे की मांग दोहराई.