IPS श्रुति अरोरा के परिवार का अनूठा रिकॉर्ड, 3 बहनें बनीं IAS अफसरों की बॉस
Raisina News Desk- सितंबर 18, 2026 06:15 PM IST

भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी श्रुति अरोरा ने 16 सितंबर 2026 को अपना 34वां जन्मदिन मनाया है. श्रुति अरोरा एक ऐसी पुलिस अफसर हैं, जिनकी मां और दो मौसियां IAS अधिकारी रह चुकी हैं. खास बात यह है कि ये तीनों ही IAS बहनें हरियाणा में मुख्य सचिव के पद तक पहुंचीं, जो देश में संभवतः अपनी तरह का पहला और अनूठा मामला है.
इन दिनों श्रुति अरोरा के परिवार की सक्सेस स्टोरी सोशल मीडिया में छाई हुई है. यह इस बात का बेहतरीन उदाहरण है कि संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा जैसी कठिन परीक्षा में सफलता पाने के लिए परिवार में शिक्षा का माहौल, कड़ी मेहनत और लगन कितनी जरूरी होती है.
अपनी मां और मौसियों के पदचिन्हों पर चलते हुए श्रुति अरोरा ने भी यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया 118वीं रैंक हासिल की और IPS अधिकारी बनीं. श्रुति को यूपीएससी में तीसरे प्रयास में सफलता हासिल हुई. श्रुति अरोरा AGMUT कैडर के 2018 बैच की IPS अधिकारी हैं. वे चंडीगढ़ शहर पुलिस अधीक्षक पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं.
16 सितंबर 1992 को जन्मीं श्रुति अरोरा ने 27 जनवरी 2024 को लेह के पुलिस अधीक्षक का पदभार संभाला था. लद्दाख से गोवा के लिए रिलीव किया गया. यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, चंडीगढ़ से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करने वाली श्रुति राष्ट्रीय स्तर की तलवारबाज और पेशेवर स्नूकर खिलाड़ी भी रही हैं.
हरियाणा मुख्य सचिव की सूची में तीनों बहनों का नाम शामिल.
1. केशनी आनंद अरोरा : श्रुति अरोरा की मां केशनी आनंद अरोरा 1983 बैच की हरियाणा कैडर की वरिष्ठ IAS अधिकारी रही हैं. उन्होंने UPSC परीक्षा में ऑल इंडिया दूसरी रैंक हासिल की थी. केशनी आनंद अरोरा हरियाणा की 33वीं मुख्य सचिव बनीं. वे 30 जून 2019 से 30 सितंबर 2020 तक इस पद पर रहीं और यहीं से सेवानिवृत्त हुईं.
2. मीनाक्षी आनंद चौधरी: श्रुति अरोरा की बड़ी मौसी मीनाक्षी आनंद चौधरी 1969 बैच की आईएएस अधिकारी थीं. हरियाणा की 23वीं नंबर की और पहली महिला मुख्य सचिव बनीं. वे अपने परिवार से इस शीर्ष पद पर पहुंचने वाली पहली अधिकारी थीं. उन्होंने 8 नवंबर 2005 से 30 अप्रैल 2006 तक हरियाणा की चीफ सेक्रेटरी के रूप में सेवाएं दीं और इसके बाद सेवानिवृत्त हुईं.
3. उर्वशी गुलाटी: श्रुति की छोटी मौसी उर्वशी गुलाटी 1975 बैच की आईएएस अधिकारी रहीं. आईएएस अधिकारी नरेश गुलाटी से शादी की. नरेश गुलाटी रिटायरमेंट के बाद हरियाणा मुख्य सूचन आयुक्त बने. खुद उर्वशी गुलाटी हरियाणा की 27वीं मुख्य सचिव बनीं. वे 31 अक्टूबर 2009 से 3 मार्च 2012 तक इस पद पर रहीं, जिसके बाद वे भारतीय प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत्त हुईं.