वाह रे जगत! लक्ष्मी की पूजा और उल्लू से बैर

वाह रे जगत! लक्ष्मी की पूजा और उल्लू से बैर

मैं उल्लू बनना चाहता हूं. लक्ष्मी मेरी सवारी करें. उल्लू पर सवार होकर ही लक्ष्मी आती है. लक्ष्मी और उल्लूपन में चोली दामन का रिश्ता है. यानी मामला बिना उल्लू के बनना नहीं है. लक्ष्मी चाहिए तो उल्लू की कृपा अनिवार्य है. सोचता हूं कि क्यों न धनतेरस, दीपावली इतना पूजा पाठ करके लक्ष्मी का आवाहन करने से अच्छा है सीधा चैनल खोला जाय. इसलिए मैंने आज से अपने भीतर के उल्लूपन को सहेजना शुरू कर दिया है. धनतेरस बीत गया. दीपावली आने वाली है. फ़ैसला जल्दी करना होगा. फिर इसमें बुराई ही क्या है.

उल्लू वैसे भी एक अबोध जीव है. अपने में लीन एकांतवासी, निर्लिप्त, परम निस्पृह, धीर प्रशान्त, दुनिया की आपाधापी से महफ़ूज़. जब दुनिया गला-काट प्रतिस्पर्धा में दौड़ती है, वह उस ओर देखता भी नहीं. या उसे दिखता नहीं. इस निर्दोष प्राणी की बदकिस्मती देखिए कि लोग इसकी उपमा से खेलते हैं. धनतेरस, दीपावली को लक्ष्मी का आवाहन तो सब करते हैं लेकिन उल्लू से सभी बचते हैं. उल्लू को न जाने क्यों लोग मूर्ख समझते हैं. जब कि वह मूर्ख नहीं है. अगर वह लक्ष्मी की प्राप्ति में सहायक है तो मानना चाहिए कि उसमें धन कमाने की बुद्धि तो होगी ही. ख़ासकर वह धन जो रात के अन्धेरें में रोशनी बिखेरता है. न जाने क्यों हमारे यहां उल्लूपन मूर्खता का पर्याय हो गया?

अपने पर उतर आए उल्लू तो…

उल्लू सजग और सरल है. पर अगर वो अपने पर उतर आए तो कुछ भी नष्ट कर सकता है. प्रमाण के तौर पर आप देख ही रहे हैं-बर्बाद गुलिस्तां करने को बस एक ही उल्लू काफी है, हर शाख पे उल्लू बैठे हैं, अंजाम ए गुलिस्तां…….. हमारे आसपास उल्लूपन का विस्तार भले ही तेजी से हो रहा हो, पर बेचारे उल्लू को बदनाम करके रखा गया है. वह विलुप्ति की ओर है. तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास ने इस खूबसूरत और बिंदास पक्षी को ग्रस लिया है. उल्लू गजब का प्राणी है. धीर, गंभीर दार्शनिक और वीतरागी. “न ऊधो का लेना, न माधो का देना”.

उल्लू को हमारे देश में भले ही मूर्खता का प्रतीक माना जाए, पर पश्चिम में वह ज्ञान और बुद्धि की मिसाल है. पश्चिमी दर्शन में उल्लू ज्ञान की देवी का वाहन है तो हमारी परंपरा में यह लक्ष्मी का वाहन है. रात के अंधेरे में वह प्रकाश फैलाता है. घुप्प अंधकार में जब कुछ नहीं सूझता तो वह रास्ता दिखलाता है. किसानों का दोस्त है. चूहे और खेती को नुकसान पहुंचाने वाले कीड़ों का खात्मा करता है. फसल को बचाता है.

पकौड़ी वाली बुढ़िया ने क्या बताया?

बचपन में हमारे घर के पास नीम के पेड़ के नीचे पकौड़ी बेचने वाली एक बुढ़िया रहती थी. बच्चे उसे प्यार से पकौड़ी वाली नानी कहते थे. इसी नीम के कोटर में उल्लुओं का एक जोड़ा रहता था. पकौड़ी खरीदने वालों की उत्सुकता उल्लुओं में ज्यादा होती थी. जब तक पकौड़ी बनती थी, हम उल्लुओं से खेलते थे. कभी-कभी हम उन्हें छू भी लेते थे. वे बिना किसी प्रतिक्रिया के दार्शनिक अंदाज में हमें देखते रहते थे. उस वक्त हमें पता नहीं होता था कि बेचारे हमें देख नहीं पा रहे हैं. कुछ रोज बाद एक उल्लू गायब हो गया. बाद में दूसरा उल्लू भी गायब हुआ. हम कई दिनों तक उन्हें ढूंढते रहे.

बाद में पकौड़ी वाली बुढ़िया ने जो बताया, उसे सुनकर हमारे होश उड़ गए. बुढ़िया के मुताबिक दीवाली की रात एक तांत्रिक ने दोनों उल्लुओं की बलि दे दी. उसकी आंख, दांत और पांव का इस्तेमाल लक्ष्मी की सिद्धि के लिए किया. यह जानकर हम बहुत उदास हुए. जिस उल्लू से पहली बार अपना संवाद बना था, वह तंत्र-मंत्र की भेंट चढ़ गया. हमने नीम के पेड़ के नीचे जाना बंद कर दिया.

उल्लू आज भी तांत्रिकों के शिकार हो रहे हैं. वशीकरण के लिए उनकी बलि ली जा रही है. भ्रम है कि उल्लू के साथ तांत्रिक अनुष्ठान करने से लक्ष्मी आती है. दुश्मन को ठिकाने लगाने के लिए तांत्रिक श्मशान में उल्लू की बलि देते हैं. इस तर्क के साथ कि उल्लू की आँखों से प्रेमिका वश में आएगी. उसकी हड्डी से पैसा आएगा. पंजे से रोग दूर होंगे. दीपावली की रात कुछ तांत्रिक मंत्र सिद्धि के लिए उल्लू के रक्त से स्नान भी करते हैं. ये ऐसे अंधविश्वास हैं, जिनसे उल्लू के पारिवारिक जीवन पर खतरा बन आया है. वे नष्ट हो रहे हैं.

साहित्य में उल्लू के साथ न्याय नहीं

अजीब है कि जहां हमारे समाज में उल्लूपन की प्रतिष्ठा है, वहीं उसका आइना कहे जानेवाले साहित्य में उल्लू के साथ कहीं न्याय नहीं हुआ. साहित्य में भी उल्लू को हाशिए पर रखा गया है. न ज्ञान में और न प्रेम में उसकी प्रतिष्ठा हुई है. कवि कहता है, मैं कैसे मानूं बरसते नैनों, कि तुमने देखा है पीय को आते/ न काग बोले, न मोर नाचे, न कूकी कोयल, न चटखी कलियां. यानी कवियों ने मोर, कोयल यहां तक कि कौवे को भी तार दिया, लेकिन उल्लू बेचारा साहित्य में जगह बनाने के लिहाज से अभागा ही रहा. उसे किसी लायक नहीं समझा गया है. मूर्ख, मूढ़, जड़मति और बुद्धिहीन होने के अपमान के साथ ही वह जीता रहा.

वैशेषिक दर्शन के एक आचार्य हैं उलूक. उनके दर्शन को औलूक्य दर्शन भी कहते हैं. यह दर्शन न्याय दर्शन का जुड़वां भाई है. संस्कृत कोश के मुताबिक इंद्र का एक नाम उलूक भी है. उल्लू रात के वक्त सक्रिय रहता है. इंद्र के भी रात के किस्से मशहूर हैं. देशी परंपरा उल्लू को अमंगल मानती है. ऋग्वेद के मुताबिक उल्लू और कबूतर मृत्यु के दूत हैं. उल्लू का रात में बोलना अशुभ माना जाता है. दुनिया भर में उल्लुओं की 32 प्रजातियां हैं. इनमें सबसे ज्यादा बुद्धिमान् उल्लू को घुग्घु घुग्घु कहते हैं. उल्लू के कई दूसरे नाम भी हैंनिशाचर, वज्रधर, कुचकुचवा, पेचकी, घर्घर, काकभीरु, कौशिक, दिवांध, निशिचर, मघवा और शक्र.

लक्ष्मी को भी उल्लू पसंद आने की खास वजह शायद उसका उल्ल होना ही है. उल्ल जितने भी मिलें/झककर करो

लक्ष्मी को भी उल्लू पसंद आने की खास वजह शायद उसका उल्लू होना ही है. उल्लू जितने भी मिलें/झुककर करो प्रणाम/उलटे-सीधे वक्त में उल्लू आते काम/उल्लू आते काम साथ लक्ष्मी को लाएं/क्या जाने किस रूप में फिर उल्लू मिल जाएं.

काठ का उल्लू मुहावरा चलन में है. उल्लू से सभी चिढ़ते हैं पर काठ का उल्लू सबकी पसंद है. जो उनकी उंगली के इशारे पर नाचता फिरे. गृहलक्ष्मी यह भी चाहती है कि उनका उल्लू सिर्फ उनके लिए उल्लू हो. बाकी संसार के लिए नहीं. शायद इसीलिए सिर्फ सुननेवाले और जवाब न देने वाले उल्लुओं की बाजार में ज्यादा मांग है. अगर किसी को काठ का उल्लू कहें तो गाली मानी जाती है. उल्लू का पट्ठा कहें तो बवाल मचता है. पट्ठा शब्द जवान के लिए प्रयोग में आता है. पर उल्लू का पट्ठा वल्दियत बदल देता है. कुछ उल्लू बने होते हैं. कुछ बनाने पड़ते हैं. जनता को उल्लू बनाकर नेता किस तरह घोटाले-पर-घोटाले करते हैं और अवाम उल्लू की तरह आंख फाड़े तमाशबीन बनी रहती है. जैसे उल्लू बनना तो जनता जनार्दन की किस्मत में लिखा है. अफ़सोस! इतनी प्रासंगिकता के बाद भी, सब उल्लू को हिक़ारत से देखते है.

लेकिन मैं जब उल्लू को देखता हूं तो मुझे एक सीधा जीव दिखता है. जो न सोना पहन रहा, न प्रासादों में रह रहा. वो बिना लाभ लिए लक्ष्मी का वाहन बना माल-पानी इधर से उधर ले जा रहा है. शायद इसीलिए वो उल्लू है. क्योंकि वो अपना फायदा ले नहीं रहा. काठ का उल्लू भी ऐसा ही उल्लू है क्योंकि वो जवाब दे नहीं रहा. समाज का उल्लू भी इसीलिए उल्लू है क्योंकि वो शातिर नहीं है, सतर्क नहीं है, स्वार्थी नहीं है. चालाक नहीं है. अपने फायदे या अपने काम की निपुणता के प्रति जागरूक नहीं है. उल्लू होना एक विशिष्ट गुण होना चाहिए था लेकिन उसे ऐसे ही अवगुण का नाम बना दिया गया.

और क्योंकि हमारे यहां रात की रहनुमाई किसी को पसंद नहीं रही. न रात की पैरोकारी है और न रात के मुसाफिरों की सुध. सारा खेल दिन का है. सूरज का है. रौशनी का है. प्रकाश का है. इसलिए पक्षी अच्छे हैं क्योंकि वो सुबह चहचहाते हैं.

उल्लू से डरना नहीं, उनकी उदारता का सम्मान करना जरूरी

चमगादड़, उल्लू बुरे हैं क्योंकि रात को हवा में तैरते नज़र आते हैं. लेकिन पूजा उल्लू की भी हो ही जाती है. ठीक वैसे ही जैसे दुर्गा का सिंह, शिव के नंदी, गणेश का मूसक, सरस्वती का हंस या कालभैरव का स्वान.

तो उल्लू से डरिए मत. किसी को उल्लू कहने से पहले उसकी सरलता, उदारता के प्रति थोड़ा सम्मान रखिए. जीवन में एक-दो उल्लू रखिए क्योंकि वही आपके साथ ईमानदार रहेंगे और काम आएंगे. काठ का उल्लू कहने में बुरा ज़रूर लगता है लेकिन यकीन मानिए, एक सफल दाम्पत्य और सुखी परिवार में पुरुष के लिए इससे उत्तम कोई भूमिका नहीं है. उल्लू का पट्ठा कहा जाना हमेशा आपके अभी भी जवान रहने की घोषणा भी है. उल्लू की मेधा, विशेषता और भूमिका बहुत महत्व की है. उसके बिना लक्ष्मी मिलेंगी नहीं. इसलिए इस दीपावली आप कम से कम एक उल्लू का तो सम्मान करें…. आप चाहें तो मुझे उल्लू कह सकते हैं.

Prev Post
Next Post