NDTV ग्राउंड रिपोर्ट: नेपाल में हर तरफ तबाही का मंजर, फंसे लोगों को बचाने की जंग, सेना ने संभाला मोर्चा
Raisina News Desk- अगस्त 27, 2026 11:50 AM IST

नेपाल में बुधवार को आई भीषण बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है. बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों के जवान और विदेशी पर्यटक लापता हैं. इसे हाल के वर्षों में देश की सबसे भीषण आपदाओं में से एक माना जा रहा है. NDTV की टीम ग्राउंड जीरो पर मौजूद है. NDTV नेपाल से बहने वाली त्रिशूली नदी पर बने वाल्मीकि नगर वॉटर रिज़र्वोयर और भारत-नेपाल सीमा पर स्थित बैराज पर पहुंचा और वहां की स्थिति को समझा.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ ही मिनटों में बाढ़ का पानी तेजी से नीचे की ओर बहने लगा और नेपाल के रसुवा, नुवाकोट और धाडिंग जिलों में बसी कई बस्तियों को बहा ले गया. NDTV नुवाकोट पहुंचा, जहां ज्यादातर इलाकों में बाढ़ का पानी उतर गया है, लेकिन घरों, सड़कों, पुलों और सामुदायिक जगहों पर कई मीटर गाद जमा हो गई है, जिससे खोज और बचाव का काम मुश्किल हो गया है.
लापता लोगों को तलाशना और आपदा में फंसे लोगों तक राहत पहुंचाना अब सबसे बड़ी जंग है. इस काम का मोर्चा अब सेना ने उठाया है. सेना हेलीकॉप्टर के जरिए लोगों को मदद पहुंचाने की कोशिश कर रही है.
नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने काठमांडू में NDTV वर्ल्ड के ‘एनडीटीवी अन्वीक्षा: आइडियाज अक्रॉस बॉर्डर्स’ कार्यक्रम में बताया कि लापता हुए 500 से ज्यादा विदेशियों में लगभग 300 भारतीय शामिल हैं. उन्होंने कहा कि मैं व्यक्तिगत रूप से दुनिया भर की सरकारों के संपर्क में भी रहा हूं और कोई भी देश उसी तरह की मदद की उम्मीद करता है, जैसा भारत कर रहा है.
नेपाल पुलिस की ओर से जारी बयान के अनुसार, बाढ़ और भूस्खलन के कारण नौ जिलों में कई सड़क मार्ग बाधित हुए हैं, जिनमें राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं. कुछ स्थानों पर कीचड़ और चट्टानों के जमा होने से सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि अन्य जगहों पर बाढ़ के संभावित खतरे को देखते हुए यातायात रोक दिया गया है.
काठमांडू के नागढुंगा से मुगलिंग तक जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग का एक हिस्सा अनिश्चितकाल के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है. यह काठमांडू को देश के अन्य जिलों से जोड़ने वाला प्रमुख राजमार्ग है. इसी तरह इलाम जिले के मेची राजमार्ग, कावरे के बीपी राजमार्ग, मकवानपुर के कांती लोकपथ, रसुवा और नुवाकोट के राष्ट्रीय राजमार्ग, धादिंग के पृथ्वी राजमार्ग तथा चितवन और रुकुम वेस्ट में जाजरकोट-डोल्पा सड़क खंड को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी यातायात रोक दिया गया है.