दिल्ली की मॉडल मुस्कान मर्डर केस का CCTV वीडियो आया सामने, तेजी से भागते दिख रहा जिम ट्रेनर इमरान
Raisina News Desk- अगस्त 27, 2026 12:46 PM IST

नई दिल्ली:
दिल्ली के तिलक नगर इलाके में 21 साल की मॉडल मुस्कान की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई. मुस्कान की हत्या का आरोपी जिम ट्रेनर इमरान पर लगा है. पुलिस इमरान की सरगर्मी से तलाश कर रही है. हालांकि अभी तक वो पकड़ से दूर है. इस बीच घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. जिसमें आरोपी इमरान तेजी से एक गली से निकलकर भागता नजर आ रहा है. बताया जा रहा है कि यह मुस्कान के घर की गली है. सीसीटीवी वीडियो के बारे में बताया जा रहा है कि मुस्कान पर हमले के बाद इमरान तेजी से भागता नजर रहा है.
CCTV फुटेज में सफेद शर्ट में तेजी से भागता नजर आ रहा मुस्कान मर्डर केस का आरोपी जिम ट्रेनर इमरान.
Photo Credit: NDTV
दूसरी ओर एनडीटीवी की टीम उस जिम तक भी पहुंची, जिसका लिंक मुस्कान और इमरान से जुड़ता है. दरअसल तिलक नगर इलाके में सेवन जोन नामक एक जिम है. कहा जा रहा है कि यहीं इमरान जिम ट्रेनर था. इसी जिम में मुस्कान भी आया करती थी. एनडीटीवी ने जिम की मालकिन डिंपल से बात की. डिंपल ने बताया कि इमरान ने यहां 3 महीने काम किया. उसे 3 महीने पहले निकाल दिया था, बल्कि उसने खुद ही छोड़ दिया था.
डिंपल ने यह भी बताया कि इमरान सुबह की शिफ्ट में आता था और मुस्कान शाम को. इमरान उसे तंग करता था, इसका मुझे पता नहीं. मुस्कान ने मुझे कभी ऐसा नहीं बताया. वो जिम में बाहर मिले हों तो मुझे पता नहीं. डिंपल ने यह भी बताया कि जिम में इमरान और मुस्कान दोनों का व्यवहार अच्छा था.
इधर मुस्कान के दोस्त अमन ने बताया कि मुस्कान की बहन ने फोन कर उसे तुरंत घर जाकर मुस्कान को देखने को कहा. उसने बताया कि मुस्कान को किसी ने चाकू मार दिया है. जब वह मुस्कान के घर ओल्ड महावीर नगर पहुंचा तब तक वहां एंबुलेंस आ चुकी थी. वह तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंची. वह भी पीछे-पीछे अस्पताल पहुंचा. लेकिन पुलिस ने उसे ऊपर नहीं जाने दिया.
अमन ने बताया कि मुस्कान तीन बहनें हैं और उनका एक छोटा भाई है. घटना के समय मुस्कान घर में अकेली थी. उसकी बहनें चंडीगढ़ गई हुई थीं. बहन ने ही उसे बताया कि इमरान पिछले कुछ समय से मुस्कान को परेशान कर रहा था और उसके पीछे पड़ा हुआ था. जैसे ही ये घटना हुई तो सबसे पहले उस पर ही शक गया.
अमन ने कहा कि बुधवार को शाम 5.40 के आसपास इमरान घर में घुसा और उसने मुस्कान की चाकू मारकर हत्या कर दी. मुस्कान के भाई आकाश ने उसे घर में घुसते हुए देखा था. दूसरी ओर सोशल मीडिया पर लोग इसे लव जिहाद और जिम जिहाद से भी जोड़ रहे हैं. हालांकि पुलिस अभी मामले की छानबीन में ही जुटी है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें – दिल्ली के तिलक नगर में 21 साल की मॉडल मुस्कान की हत्या, जिम ट्रेनर इमरान ने घर में अकेला देख चाकू से गोदा