कांग्रेस माफी मांगे… PM मोदी की सोना नहीं खरीदने की अपील को बताया था डेथ वारंट, अब BJP हुई हमलावर

कांग्रेस माफी मांगे… PM मोदी की सोना नहीं खरीदने की अपील को बताया था डेथ वारंट, अब BJP हुई हमलावर

पीएम मोदी ने शनिवार को एक बार फिर देश के लोगों से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की और साथ ही यह भी कहा कि पिछली बार उनकी अपील को लोगों ने माना था और सोना कम खरीदा था, जिसकी वजह से सोने के दाम गिर गए. अब बीजेपी ने रविवार को कहा कि इस साल की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोने की खरीद टालने की अपील से व्यापारियों को नुकसान से बचाया जा सका. साथ ही बीजेपी ने कांग्रेस से माफी की मांग की है, जिसने प्रधानमंत्री की इस अपील को ‘डेथ वारंट’ (मौत का फरमान) बताया था और कहा था कि इससे अफरा-तफरी मची.

दरअसल, बीजेपी की यह प्रतिक्रिया तब आई है, जब ‘चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री’ (CTI) ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर लोगों को सोना न खरीदने की सलाह देने के लिए उनका धन्यवाद किया. चैंबर ने कहा कि पीएम मोदी की सलाह से लाखों जौहरियों, व्यापारियों और निवेशकों को भारी नुकसान से बचाया जा सका, क्योंकि सोने की कीमत 1.90 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम से गिरकर 1.25 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई यानी इसमें 65 लाख रुपये प्रति किलोग्राम की कमी आई. उन्होंने यह भी कहा कि सोने की कीमतों में आई इस गिरावट से मौजूदा शादी-ब्याह के सीजन में परिवारों को काफी राहत मिली है.

व्यापारी संगठनों ने PM मोदी को दिया धन्यवाद

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के लोगों से सोने की खरीद टालने की अपील की थी, तो कांग्रेस ने इसे डेथ वारंट करार दिया था. उन्होंने कहा, ‘वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों में गिरावट के बीच जिन व्यापारियों ने PM मोदी की सलाह मानी, उन्हें प्रति किलोग्राम सोने पर 65 लाख रुपये की बचत हुई. आज व्यापारी संगठनों ने प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया है’.

‘कांग्रेस को मांगनी चाहिए माफी’

बीजेपी प्रवक्ता ने आगे लिखा, ‘कांग्रेस को व्यापारियों को गुमराह करने और उनके बीच अफरा-तफरी पैदा करने के लिए माफी मांगनी चाहिए’. उन्होंने यह भी कहा कि गांधी-वाड्रा परिवार, जो तब भी आलीशान जीवन जीता था जब भारत की अधिकांश आबादी गरीब थी, उसे PM मोदी से आर्थिक प्रबंधन और सादगीपूर्ण जीवन जीने का पाठ सीखना चाहिए’.

सुरजेवाला ने पीएम मोदी की अपील को कहा था ‘डेथ वारंट’

पीएम मोदी की अपील पर 15 मई 2026 को कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने यह कहा था इस अपील और सोने-चांदी पर आयात शुल्क बढ़ाने के फैसले को सर्राफा उद्योग के लिए ‘डेथ वारंट’ कहा था. उन्होंने तर्क दिया था कि इससे छोटे ज्वैलर्स, कारीगरों और उद्योग से जुड़े लगभग 3.5 करोड़ लोगों की आजीविका पर बुरा असर पड़ेगा और तस्करी बढ़ सकती है.

Prev Post
Next Post

लेटेस्ट न्यूज़