सोने की कीमत कम होने पर CTI ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, 'आपका विरोध करने वाले भी आज…'

सोने की कीमत कम होने पर CTI ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, 'आपका विरोध करने वाले भी आज…'

सोने की कीमत कम होने और पीएम मोदी के बयान के बाद व्यापारियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने प्रधानमंत्री को थैंक्यू कहा है. सीटीआई ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर कहा कि कुछ महीने पहले आपने देशवासियों को सोने की खरीददारी से बचने की सलाह दी थी, उस समय आपकी इस सलाह का काफी विरोध हुआ था, लेकिन आज साबित हो गया कि आपकी दूरदर्शिता ने लाखों व्यापारियों और निवेशकों को भारी नुकसान से बचा लिया.

पीएम मोदी ने शनिवार को लखनऊ में एक कार्यक्रम में कहा था कि एक साल पहले मैंने देशवासियों से आग्रह किया था कि सोना कम खरीदिए, देशवासियों ने कम खरीदा…देशवासी कह रहे हैं कि हमने आपकी बात मानी, हमारे पैसे बच गए.

CTI ने कहा, ”जब आपने सोना न खरीदने की सलाह दी थी, तब सोने का भाव 1 करोड़ 90 लाख रुपये प्रति किलो था. आज सोने का भाव गिरकर 1 करोड़ 25 लाख रुपये प्रति किलो हो गया है. यानी प्रति किलो 65 लाख रुपये की गिरावट आई है.”

उन्होंने कहा, “अगर आपकी सलाह को नजरअंदाज करके व्यापारियों ने उस समय सोना खरीदा होता, तो आज प्रति किलो पर 65 लाख रुपये का नुकसान होता. लाखों ज्वैलर कर्ज में डूब जाते, कंगाल हो जाते.”

CTI के पांच प्वाइंट

1. देश भर के लाखों ज्वैलरी कारोबारी कई-कई महीनों का स्टॉक रखते हैं. अगर उन्होंने 1.90 करोड़ के भाव पर स्टॉक खरीदा होता, तो आज वे करोड़ों के घाटे में होते.

2. ऑनलाइन-ऑफलाइन सोने में व्यापार करने वाले लाखों छोटे ट्रेडर और शेयर बाजार के निवेशकों को भी भारी नुकसान से बचाया गया. CTI के ग्रुपों में लगातार मैसेज आ रहे हैं ‘मोदी ने बचा लिया.”

3. जिस सलाह का उस समय विरोध हुआ था, आज वही ज्वेलर और व्यापारी कह रहे हैं कि प्रधानमंत्री सही थे.

4. अभी शादी सीजन चल रहा है. सोना सस्ता होने से आम ग्राहक को भी फायदा हो रहा है, 52 लाख शादियों वाले सीजन में परिवारों को सस्ता सोना मिल रहा है.

5. CTI प्रधानमंत्री से आग्रह करता है कि सोने-चांदी जैसे संवेदनशील बाजार पर सरकार आगे भी समय-समय पर व्यापारियों को मार्गदर्शन देती रहे, ताकि सट्टेबाजों और जमाखोरों से बाजार को बचाया जा सके.

Prev Post
Next Post