सीएम रेवंत रेड्डी ने किसे कहा 'पागल कुत्ता' जो मच गया बवाल, कांग्रेस नेताओं ने ही जमकर घेर लिया

सीएम रेवंत रेड्डी ने किसे कहा 'पागल कुत्ता' जो मच गया बवाल, कांग्रेस नेताओं ने ही जमकर घेर लिया

तेलंगाना कांग्रेस में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के एक विवादित बयान को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया है. पार्टी के भीतर सरकार की आलोचना करने वाले नेताओं को ‘पागल कुत्ते’ कहने पर कांग्रेस विधायक कोमाटिरेड्डी राज गोपाल रेड्डी ने मुख्यमंत्री पर तीखा पलटवार किया है. उन्होंने सत्ता के शीर्ष पदों पर बैठे नेताओं को मर्यादा में रहकर बयान देने की नसीहत दी. साथ ही सत्ता के अहंकार, भ्रष्टाचार और जनता की समस्याओं की अनदेखी को लेकर भी निशाना साधा.

दरअसल, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को सिद्दीपेट में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पार्टी के उन नेताओं पर निशाना साधा था, जो सार्वजनिक मंचों से सरकार की आलोचना करते हैं, लेकिन निजी तौर पर सरकार के कामकाज की तारीफ करते हैं. मुख्यमंत्री ने किसी नेता का नाम लिए बिना कहा कि पार्टी के कुछ नेताओं को लगता है कि जैसे उन्हें ‘पागल कुत्तों ने काट लिया है’. ऐसे लोगों को कांग्रेस कार्यकर्ता मानसिक अस्पताल लेकर जाएंगे.

रेवंत रेड्डी ने कहा कि पार्टी के कुछ नेता सार्वजनिक रूप से हर चीज की आलोचना करते हैं, जबकि घर पहुंचकर सरकार के अच्छे कामों की तारीफ करते हैं. उन्होंने ऐसे नेताओं को एर्रागड्डा (मानसिक अस्पताल) ले जाने की बात कही. मुख्यमंत्री का यह बयान कथित तौर पर कांग्रेस विधायक कोमाटिरेड्डी राज गोपाल रेड्डी और अनिरुद्ध रेड्डी की हालिया आलोचनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है.

मुख्यमंत्री के बयान पर मुंगोडे विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक कोमाटिरेड्डी राज गोपाल रेड्डी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि बड़े संवैधानिक और राजनीतिक पदों पर बैठे नेताओं को सार्वजनिक बयान देते समय अपनी मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए.

राज गोपाल रेड्डी ने कहा कि नेताओं को समझना चाहिए कि अगर वे सत्ता के अहंकार में मनमाने ढंग से व्यवहार करेंगे तो जनता इसे पसंद नहीं करेगी. उन्होंने सत्ता में बैठे लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त रहने, जनता की जरूरतों की अनदेखी करने और दुर्भावनापूर्ण प्रशासन चलाने वालों को न तो तेलंगाना की जनता माफ करेगी और न ही इतिहास उन्हें माफ करेगा.

विधायक ने अपने बयान में भगवान अयप्पा का भी जिक्र किया. उन्होंने प्रार्थना की कि महत्वपूर्ण पदों पर बैठे नेताओं को सद्बुद्धि मिले और वे आत्ममंथन कर सकें. उन्होंने कहा कि नेताओं को ईमानदारी और निष्ठा के साथ शासन करना चाहिए और जनता से किए गए वादों को पूरा करना चाहिए.

मीडिया से बातचीत के दौरान भी राज गोपाल रेड्डी ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर निशाना साधा. उन्होंने विपक्षी दलों की आलोचना करने के सरकार के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता से किए गए वादे पूरे नहीं करने वाली सरकार को दूसरों पर उंगली उठाने का अधिकार नहीं है.उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनौती दी कि वे अपने दिल पर हाथ रखकर बताएं कि क्या उनकी सरकार वास्तव में भ्रष्टाचार से मुक्त है?

गौरतलब है कि राज गोपाल रेड्डी पिछले कुछ समय से राज्य सरकार पर विकास कार्यों के लिए फंड आवंटन में भेदभाव करने का आरोप लगाते रहे हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क और मंत्री एन उत्तम कुमार रेड्डी पर विकास कार्यों के लिए धन के असमान वितरण को लेकर भी हमला बोला था.

तेलंगाना कांग्रेस में सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने वाले राज गोपाल रेड्डी अकेले विधायक नहीं हैं. कांग्रेस विधायक अनिरुद्ध रेड्डी भी सरकारी अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगा चुके हैं.

उन्होंने दावा किया था कि कुछ अधिकारी ठेकेदारों के बिल पास करने के लिए उनसे मोटे कमीशन की मांग कर रहे हैं. अनिरुद्ध रेड्डी के मुताबिक, अधिकारियों का यह रवैया कांग्रेस सरकार की छवि को नुकसान पहुंचा रहा है.

Prev Post
Next Post