आज भारत की धरती पर कदम रखेंगे नेपाली PM बालेन शाह, साथ में ला रहे ये तोहफा, पीएम मोदी से 3 मुद्दों पर होगी बात

आज भारत की धरती पर कदम रखेंगे नेपाली PM बालेन शाह, साथ में ला रहे ये तोहफा, पीएम मोदी से 3 मुद्दों पर होगी बात

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह आज यानी रविवार 22 नवंबर को भारत के दो दिवसीय राजकीय दौरे पर पहुंच रहे हैं. इसी साल मार्च में सत्ता संभालने के बाद ये उनका पहला विदेश दौरा है. किसी भी नेपाली प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद सबसे पहले भारत आना सिर्फ एक पुरानी परंपरा निभाने जैसा नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक बहुत बड़ा जियोपॉलिटिकल मैसेज भी छिपा है. खास बात ये है कि बालेन लंबे वक्त के बाद जरूर आ रहे हैं लेकिन खाली हाथ नहीं. वो भारत और नेपाल के सदियों पुराने रोटी-बेटी के रिश्तों को नई रफ्तार देने वाला एक बेहद खास तोहफा भी लेकर आ रहे हैं.

क्या है वो खास तोहफा जो अयोध्या से जनकपुर को जोड़ेगा?

बालेन शाह अपने साथ जो सबसे खास तोहफा लेकर आ रहे हैं, वो है अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन. उनके इस दौरे पर इसी ट्रेन की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है. भारतीय रेलवो ने इस खास रूट को अपनी मंजूरी दे दी है. अब सोमवार 23 नवंबर को पीएम नरेंद्र मोदी और बालेन शाह मिलकर इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे.

  • धार्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव: ये रेल रूट भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या को माता सीता से जुड़े बिहार के सीतामढ़ी और नेपाल के जनकपुर धाम से सीधे जोड़ेगा.
  • रूट और कुल दूरी: ये ट्रेन अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर का सफर तय करेगी. रास्ते में इसके 10 ठहराव होंगे, जिनमें उत्तर प्रदेश के अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती और गोरखपुर, जबकि बिहार के नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर शामिल हैं. जयनगर से सीमा पार कर ये ट्रेन सीधे जनकपुर धाम पहुंचेगी.
  • कब चलेगी ट्रेन: शेड्यूल के मुताबिक, ये ट्रेन हर सोमवार को अयोध्या कैंट से रवाना होगी, जबकि वापसी में हर शनिवार को जनकपुर धाम से चलेगी. इससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं, छात्रों, कामकाजी लोगों और रिश्तेदारों के लिए सीमा पार सफर करना बेहद आसान हो जाएगा, साथ ही रास्ते में पड़ने वाले शहरों में पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा.

PM मोदी-बालेन शाह की किन 3 बड़े मुद्दों पर होगी अहम बातचीत?

सोमवार 23 नवंबर को हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह के बीच द्विपक्षीय बातचीत होगी. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के मुताबिक, इस मुलाकात में पारंपरिक सहयोग के साथ-साथ कई अहम बातें होंगी. जिनमें से 3 मुद्दों पर सबकी नजरें बनी रहेंगी.

  1. बाढ़ से हुई तबाही के बाद पुनर्निर्माण में मदद: इसी साल अगस्त में नेपाल में आई भयानक बाढ़ ने भारी तबाही मचाई थी. इस आपदा में करीब 1,500 लोगों की जान चली गई थी, 5,200 से ज्यादा लोग लापता हो गए थे और सड़कों, पुलों, बिजली घरों, खेतों व घरों को जबरदस्त नुकसान पहुंचा था. भारत ने उस वक्त सबसे पहले मदद का हाथ बढ़ाया था, और अब बालेन शाह इस बुनियादी ढांचे को दोबारा खड़ा करने के लिए भारत से बड़े सहयोग की उम्मीद लेकर आ रहे हैं.
  2. कनेक्टिविटी और नए हवाई रास्ते की मांग: रेल और सड़क संपर्क के साथ-साथ नेपाल लंबे समय से पश्चिमी नेपाल के भैरहवा और पर्यटन स्थल पोखरा को जोड़ने के लिए भारत से एक नए हवाई मार्ग यानी एयर रूट की मांग कर रहा है. इस बैठक में इस मुद्दे पर ठोस चर्चा होने की पूरी उम्मीद है.
  3. व्यापार, ऊर्जा और नए दौर की साझेदारी: भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है. बातचीत में व्यापार, जल संसाधन और ऊर्जा सहयोग के अलावा स्टार्टअप्स, टेक्नोलॉजी, इनोवोशन और खेल जैसे नए क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर जोर रहेगा. खासतौर पर भारत और नेपाल के बीच क्रिकेट को लेकर बढ़ता जुड़ाव भी इस चर्चा का एक अहम हिस्सा होगा. बालेन शाह के साथ नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भी आ रहे हैं, जिससे साफ है कि आर्थिक और निवोश से जुड़े समझौतों पर भी मुहर लग सकती है.

पहले विदेश दौरे के पीछे क्या है बड़ा जियोपॉलिटिकल संदेश?

नेपाल की राजनीति में बालेन शाह एक नए दौर और युवा सोच का चेहरा बनकर उभरे हैं. जब वो मार्च में प्रधानमंत्री बने थे, तो कूटनीतिक गलियारों में ये कयास लगाए जा रहे थे कि उनकी विदेश नीति का झुकाव किस तरफ होगा. ऐसे में अपने पहले आधिकारिक विदेश दौरे के लिए भारत को चुनकर उन्होंने कई अटकलों पर विराम लगा दिया है.

भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ यानी पड़ोसी पहले की नीति के तहत दोनों देशों के बीच हाई-लेवल बातचीत की ये परंपरा क्षेत्रीय स्थिरता के लिए बेहद अहम मानी जा रही है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि ये दौरा दोनों देशों के बीच भरोसे को और मजबूत करेगा और आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर तालमेल बिठाने का बड़ा मौका देगा.

कैसा रहेगा बालेन शाह का दो दिन का पूरा कार्यक्रम?

रविवार, 22 नवंबर: बालेन शाह दोपहर 3:15 बजे नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर उतरेंगे. इसके बाद शाम 6 बजे ताज महल होटल में विदेश मंत्री एस जयशंकर उनसे मुलाकात करेंगे.

सोमवार, 23 नवंबर: सुबह 10 बजे राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत होगा, जिसके बाद 10:40 बजे वो राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे.

सुबह 11 बजे हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक होगी. दोपहर 12:25 बजे दोनों देशों के बीच MoUs का आदान-प्रदान होगा और प्रेस बयान जारी किए जाएंगे.

इसके बाद दोपहर 3:15 बजे वो राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे और शाम 4:50 बजे स्वदेश के लिए रवाना हो जाएंगे.

Prev Post
Next Post