जैसलमेर का कौन होगा जिला प्रमुख? रेस में हैं कांग्रेस से 4 बड़े चेहरे

जैसलमेर का कौन होगा जिला प्रमुख? रेस में हैं कांग्रेस से 4 बड़े चेहरे

राजस्थान में जिला परिषद चुनाव के नतीजों ने जैसलमेर की सियासत में कांग्रेस का दबदबा कायम कर दिया है. जिला परिषद के कुल 21 वार्डों में से 20 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज कर भाजपा को महज एक सीट पर समेट दिया है. अब बहुमत के बाद कांग्रेस के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर जिला प्रमुख की कुर्सी किसके हिस्से आएगी?

जिला प्रमुख का पद अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के लिए आरक्षित है. कांग्रेस के पास इस वर्ग के चार विजेता सदस्य हैं. ऐसे में दावेदारों की संख्या भले चार हो, लेकिन असली मुकाबला पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव और पूर्व कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद के राजनीतिक प्रभाव के बीच माना जा रहा है. सवाल यही है कि धनदेव-फकीर की सियासी खींचतान में आखिर किसके सिर सजेगा जिला प्रमुख का ताज?

जिला प्रमुख की रेस में कांग्रेस के चार चेहरे

कांग्रेस की ओर से फिलहाल चार नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं—

1. संतोष कुमारी वार्ड नंबर 21 (खारिया)
2. रतनाराम वार्ड नंबर 09
3. मानाराम वार्ड नंबर 04
4. कमलाराम वार्ड नंबर 06

पोकरण में सालेह मोहम्मद का दबदबा, सभी 10 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा

जिला परिषद चुनाव में पोकरण विधानसभा क्षेत्र ने कांग्रेस को पूरी मजबूती दी है. यहां जिला परिषद की कुल 10 सीटों में से सभी 10 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है. वार्ड नंबर 21 खारिया से संतोष कुमारी की जीत ने उन्हें जिला प्रमुख की दौड़ में सबसे मजबूत चेहरों में शामिल कर दिया है.

राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से पोकरण विधानसभा क्षेत्र से जिला प्रमुख बनाने की पैरवी सालेह मोहम्मद की ओर से होने की संभावना जताई जा रही है. फिलहाल, इस खेमे से संतोष कुमारी का नाम प्रमुखता से चर्चा में है.

जैसलमेर में धनदेव के सामने तीन दावेदारों की चुनौती

दूसरी ओर जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव के जिम्मे जिला परिषद की 11 सीटों का राजनीतिक समीकरण था. इनमें से 10 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की, जबकि एक सीट भाजपा के खाते में गई.

इन 10 कांग्रेस विजेताओं में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर भी शामिल हैं, जो सालेह मोहम्मद के छोटे भाई हैं. वहीं, जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र से ST वर्ग के तीन प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है. इनमें वार्ड नंबर 09 से रतनाराम, वार्ड नंबर 04 से युवा नेता मानाराम और वार्ड नंबर 06 से कमलाराम शामिल हैं. यानी जैसलमेर खेमे के पास जिला प्रमुख की दौड़ में तीन चेहरे हैं, लेकिन इन तीनों में किसी एक नाम पर सहमति बनाना बड़ी चुनौती हो सकती है.

11 बनाम 9 का सियासी गणित, किसके पास कितनी ताकत?

जिला परिषद के नतीजों के बाद कांग्रेस के भीतर सदस्य संख्या को लेकर भी दिलचस्प राजनीतिक गणित सामने आ रहा है. उपलब्ध सियासी समीकरणों के अनुसार सालेह मोहम्मद के प्रभाव वाले खेमे के पास 11 सदस्य माने जा रहे हैं, जबकि रूपाराम धनदेव के खेमे के पास 9 सदस्यों का समर्थन नजर आ रहा है. अमरदीन फकीर की जीत को भी इस समीकरण में अहम माना जा रहा है. ऐसे में जिला प्रमुख के चयन में फकीर परिवार की भूमिका निर्णायक हो सकती है.

अब सवाल एक क्या पोकरण से बनेगा जैसलमेर का जिला प्रमुख?

एक तरफ पोकरण में कांग्रेस की सभी 10 सीटों पर जीत और संतोष कुमारी का नाम, तो दूसरी तरफ जैसलमेर में तीन ST दावेदारों के बीच सहमति का पेच. ऐसे में फिलहाल राजनीतिक परिस्थितियां पोकरण विधानसभा क्षेत्र के पक्ष में झुकती नजर आ रही हैं. हालांकि अंतिम फैसला कांग्रेस नेतृत्व, निर्वाचित सदस्यों की सहमति और संगठन के भीतर होने वाली राजनीतिक बातचीत पर निर्भर करेगा.

फिलहाल, जैसलमेर की जिला परिषद में बहुमत कांग्रेस का है, लेकिन जिला प्रमुख की कुर्सी पर किसका कब्जा होगा, यह तय करने में धनदेव और फकीर परिवार की सियासी ताकत सबसे अहम भूमिका निभा सकती है. अब देखना दिलचस्प होगा कि जिला प्रमुख का ताज पोकरण की संतोष कुमारी के सिर सजता है या जैसलमेर के तीन दावेदारों में से किसी एक को मौका मिलता है.

Prev Post
Next Post