एक हिंदुस्तानी ने 9/11 होने से बचा लिया… UPSC के कार्यक्रम में पीएम मोदी ने किया स्मित मछार की जांबाजी का जिक्र, कहा- भारत का गौरव बढ़ाया
Raisina News Desk- अक्टूबर 01, 2026 12:48 PM IST
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को UPSC के शताब्दी समारोह में भी भारतीय पायलट स्मित मछार की जांबाजी का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि एक हिंदुस्तानी ने 9/11 होने से बचा लिया. दुबई से तेल अवीव जाने वाली फ्लाईदुबई की फ्लाइट का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, कल जो एक घटना घटी और भारत के कैप्टन स्मित ने जिस प्रकार से धैर्य, सूझबूझ और साहस का परिचय दिया और जैसे आज इजराइल के प्रधानमंत्री ने कहा कि इस हिंदुस्तानी ने 9/11 होने से बचा लिया. हर देशवासी को स्मित का ये पराक्रम गौरव से भर देता है.
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि आज मेरी उनके (स्मित मछार) पिता भूपेंद्र भाई, उनकी माता गीता बहन और पत्नी सोनल से भी बातचीत हुई. आज पूरी दुनिया उनपर गर्व कर रही है. मैं देशवासियों से प्रार्थना करता हूं कि हम सब स्मित के उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करें और भारत का गौरव बढ़ाने वाले भाई स्मित का अभिनंदन करें. बता दें कि भारतीय पायलट मछार विमान में सवार 180 लोगों की जान बचाई.
इस कार्यक्रम से पहले भी पीएम मोदी ने ट्वीट कर भारतीय पायलट स्मित मछार के हौसले और साहस की तारीफ की थी. कैप्टन स्मित मछार एक हीरो हैं. बेहद खतरनाक हालात और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने दूसरों की जान बचाई. इस दौरान उन्होंने जबरदस्त हिम्मत और अटूट संकल्प दिखाया. उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई. पीएम मोदी ने कहा कि भारत को कैप्टन मछार पर गर्व है. हम उनके जल्द ठीक होने, नई ताकत पाने और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहे हैं.
कैप्टन स्मित मछार की इस बहादुरी की दुनिया भर में तारीफ हो रही है. इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उन्हें सच्चा हीरो बताया. इजराइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने भी स्मित की तारीफ की. उन्होंने कहा कि हम स्मित के आभारी हैं. उन्होंने जान जोखिम में डालकर कॉकपिट खोला. उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी स्मित की तारीफ में कसीदे पढ़े. उन्होंने स्मित को हीरो बताया. घायल होने के बावजूद भी उन्होंने अदम्य साहस दिखाते हुए 180 लोगों की जान बचाई और विमान को क्रैश होने से बचा लिया.