दरगाह के पास दीप जलाने से क्यों घबराई विजय सरकार? सुप्रीम कोर्ट से रोक की मांग, बोली- हजारों मामले उठ जाएंगे

दरगाह के पास दीप जलाने से क्यों घबराई विजय सरकार? सुप्रीम कोर्ट से रोक की मांग, बोली- हजारों मामले उठ जाएंगे

तमिलनाडु के तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान दीपक कहां जलाया जाए, इस सवाल ने अब सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा दिया है. पहाड़ी पर दरगाह से महज 50 मीटर दूर स्थित प्राचीन पत्थर के स्तंभ पर दीपक जलाने की मांग को लेकर विवाद चल रहा है. तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दलील दी है कि अगर इसकी अनुमति मिली तो देशभर के हजारों सर्वेक्षण स्तंभों को धार्मिक रंग दिया जा सकता है.

तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम का दीपक जलाने को लेकर तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के सामने एक बड़ी आशंका जताई है. राज्य सरकार का कहना है कि अगर पहाड़ी पर दरगाह के पास स्थित प्राचीन पत्थर के स्तंभ पर पारंपरिक दीपक जलाने की अनुमति दी जाती है, तो देशभर में मौजूद हजारों सर्वेक्षण स्तंभों को धार्मिक स्वरूप दिया जा सकता है. सरकार ने मद्रास हाईकोर्ट के उस आदेश पर रोक लगाने की मांग की है, जिसमें विवादित स्तंभ पर दीपक जलाने की अनुमति देने का निर्देश दिया गया था.

मदुरै के जिलाधिकारी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की सुप्रीम कोर्ट बेंच के सामने मद्रास हाईकोर्ट के निर्देश पर रोक लगाने का अनुरोध करते हुए यह कहा. शंकरनारायणन ने कहा, ‘एक राज्य के रूप में हमें डर है कि अगर इस फैसले पर रोक नहीं लगाई गई तो इन सभी स्तंभों को धार्मिक रंग दे दिया जाएगा और लोग ऐसी गतिविधियां शुरू कर देंगे. अदालत के अधिकार क्षेत्र का विस्तार नहीं होना चाहिए, अन्यथा देश में हजारों सर्वेक्षण स्तंभ धार्मिक स्वरूप लेने लगेंगे.’

वहीं सिकंदर बादुशा औलिया दरगाह समिति की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता हुजेफा अहमदी ने दलील दी कि हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने उन्हें अदालत के नियमों के अनुसार जवाब दाखिल करने के लिए पर्याप्त समय दिए बिना आदेश दे दिया. अहमदी ने कहा कि हाईकोर्ट के सिंगल जज ने आदेश देने से पहले दरगाह को सूचना दिए बिना स्थल का दौरा किया था.

इस मामले में अब बृहस्पतिवार को भी सुनवाई जारी रहेगी. इससे पहले तमिलनाडु सरकार ने मंगलवार को तत्काल अंतरिम राहत का अनुरोध करते हुए हुए कहा था कि इस साल 24 नवंबर को होने वाला कार्तिगई दीपम उत्सव नजदीक आ रहा है और अगर हाईकोर्ट के निर्देश पर रोक नहीं लगाई गई तो ‘विवादित’ स्थल पर दीपक जलाना होगा.

राज्य सरकार की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता जयदीप गुप्ता ने कहा था कि दीपाथून के नाम से जाने जाने वाले पाषाण स्तंभ पर औपचारिक दीपक जलाने की कोई स्थापित प्रथा नहीं है.

मदुरै स्थित अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में कार्तिगई दीपम उत्सव को लेकर विवाद इस बात पर केंद्रित है कि तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीपम कहां और किसके द्वारा जलाया जाना चाहिए. दशकों से इस पहाड़ी की निचली ढलान पर स्थित उचिपिल्लैयार मंदिर के पास दीप मंडपम में दीपम जलाया जाता रहा है. हिंदू संगठनों ने पहाड़ी पर इससे ऊंचाई पर स्थित प्राचीन पत्थर के दीप स्तंभ ‘दीपाथून’ पर दीपक जलाने की अनुमति मांगी थी. यह स्तंभ हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर है.

Prev Post
Next Post